Harley-Davidson की पार्टनरशिप का दिखेगा जलवा! Hero MotoCorp जल्द लॉन्च करेगी 3 नई प्रीमियम बाइक
हीरो मोटोकॉर्प प्रीमियम मोटरसाइकिल बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी कर रही है। कंपनी FY27 में तीन नए मॉडल लॉन्च कर सकती है। Harley-Davidson के साथ साझेदारी, X440 की मजबूत मांग और बढ़ते निर्यात के दम पर कंपनी इस सेगमेंट में तेजी से विस्तार की रणनीति पर काम कर रही है।

In Short
- Hero MotoCorp FY27 में प्रीमियम सेगमेंट में 3 नई मोटरसाइकिलें लॉन्च करने की तैयारी कर रही है।
- Harley-Davidson X440 T को बाजार से मजबूत प्रतिक्रिया मिली, मार्च 2026 तिमाही में मांग क्षमता से अधिक रही।
- कंपनी प्रीमियम ग्राहकों के लिए Premia डीलरशिप नेटवर्क बढ़ा रही है और निर्यात कारोबार में लगातार 40% सालाना वृद्धि दर्ज कर रही है।
देश की सबसे बड़ी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी Hero MotoCorp प्रीमियम मोटरसाइकिल सेगमेंट में अपनी मौजूदगी मजबूत करने की तैयारी में है।
बिजनेस टुडे के रिपोर्ट के मुताबिक हीरो मोटोकॉर्प ने संकेत दिया है कि चालू वित्त वर्ष (FY27) में वह इस कैटेगरी में तीन नए मॉडल लॉन्च करेगी। इस रणनीति के केंद्र में Hero की अमेरिकी मोटरसाइकिल कंपनी Harley-Davidson के साथ पार्टनरशिप है।
बिजनेट टुडे को दिए एक इंटरव्यू में Hero MotoCorp के CEO हर्षवर्धन चितले ने कहा कि प्रीमियम सेगमेंट में हिस्सेदारी बढ़ाना कंपनी की घोषित प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि Harley-Davidson के साथ साझेदारी इसी दिशा में एक अहम कदम है।
X440 T की सफलता से बढ़ा भरोसा
चितले ने कहा कि पिछले साल लॉन्च की गई Harley-Davidson X440 T कंपनी के लिए एक बड़ा प्रोडक्ट लॉन्च था। यह बाइक भारतीय ग्राहकों को ध्यान में रखकर डिजाइन की गई और राजस्थान के नीमराना प्लांट में तैयार की गई।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: ₹6 लाख डाउन पेमेंट में घर लाएं Tesla Model Y! टेस्ला ने लॉन्च किया ओनरशिप प्रोग्राम
उन्होंने बताया कि X440 T एक 440cc मोटरसाइकिल है और इसके लॉन्च के बाद 350cc से अधिक इंजन क्षमता वाली बाइक्स पर GST बढ़ा दिया गया था। इसके बावजूद मॉडल को बाजार से अच्छा रिस्पॉन्स मिला। चितले के अनुसार, मार्च 2026 तिमाही में मांग इतनी मजबूत थी कि कंपनी कैपेसिटी की कमी का सामना कर रही थी।
GST बदलाव के बाद बदला बाजार
सितंबर 2025 में GST दरों में बदलाव के तहत 350cc से अधिक क्षमता वाली मोटरसाइकिलों पर टैक्स 28% से बढ़ाकर 40% कर दिया गया था। वहीं 350cc तक की मोटरसाइकिलों पर GST घटाकर 18% कर दिया गया।
हालांकि Hero MotoCorp ने यह खुलासा नहीं किया है कि आने वाले तीन नए मॉडल 350cc से नीचे होंगे या नहीं। दूसरी ओर, कंपीटिशन Bajaj Auto ने Triumph और KTM समेत अपने कई प्रीमियम मॉडल 350cc से नीचे के सेगमेंट में पेश किए हैं ताकि कम GST का फायदा मिल सके।
Premia डीलरशिप और निर्यात पर भी फोकस
कंपनी अपने प्रीमियम ग्राहकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए ‘Premia’ नाम से विशेष डीलरशिप नेटवर्क भी तैयार कर रही है। चितले ने बताया कि अब तक 130 Premia डीलरशिप शुरू की जा चुकी हैं, जहां ग्राहकों को कंसीयर्ज जैसी बिक्री और सेवा सुविधाएं मिलती हैं।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: Hybrid vs Flex Fuel Vehicles: दोनों में क्या है अंतर? जानिए कौन सी तकनीक है ज्यादा फायदेमंद
Hero MotoCorp फिलहाल 52 देशों में मौजूद है और उसके बांग्लादेश और कोलंबिया में प्रोडक्शन यूनिट हैं। चितले के मुताबिक, पिछले दो साल में कंपनी के निर्यात में हर साल करीब 40% की वृद्धि हुई है और इस बढ़ोतरी में प्रीमियम पोर्टफोलियो की बड़ी भूमिका रही है।

