Tamil Nadu Budget 2026: दुल्हनों को 8 ग्राम सोना, नवजातों को गोल्ड रिंग, जानें बजट के बड़े ऐलान
फिल्मों के सुपरस्टार से मुख्यमंत्री बने थलपति विजय ने अपना पहला बजट पेश कर दिया है। इस बजट में दुल्हनों के लिए सोना, छात्रों के लिए स्पेशल स्कूल और कई बड़ी योजनाओं का ऐलान किया गया है। जानिए किसे क्या मिला और सरकार ने कौन-कौन से वादे पूरे किए।

In Short
- विजय सरकार ने अपने पहले बजट में कई चुनावी वादों को शामिल किया।
- विजय सरकार के पहले बजट में पात्र दुल्हनों को 8 ग्राम सोना और रेशमी साड़ी देने का प्रावधान किया गया है।
- स्कूल शिक्षा के लिए 44,567 करोड़ रुपये का बजट रखा गया।
Tamil Nadu Budget 2026: साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार से तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बने थलपति विजय की सरकार ने अपना पहला बजट पेश कर दिया है। तमिलगा वेत्री कझगम यानी TVK के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार की वित्त मंत्री एन मैरी विल्सन ने बजट में महिलाओं, युवाओं और छात्रों के लिए कई घोषणाएं की हैं।
वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार अपने चुनावी वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन महीनों में टेंडर प्रक्रिया में सुधार किया गया है, जिससे युवाओं को भी इसमें हिस्सा लेने के ज्यादा मौके मिल रहे हैं।
दुल्हनों को मिलेगा 8 ग्राम सोना
बजट में सबसे बड़ा ऐलान राज्य की दुल्हनों के लिए किया गया है। चुनाव के दौरान किए गए वादे के तहत ‘अन्नन सीर थिट्टम’ योजना के लिए 812 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है।
इस योजना के तहत पात्र दुल्हनों को 8 ग्राम सोना और रेशमी साड़ी दी जाएगी। इसके अलावा तमिलनाडु के सरकारी अस्पतालों में पैदा होने वाले नवजात बच्चों को सोने की अंगूठी देने के लिए 560 करोड़ रुपये रखे गए हैं।
स्कूल शिक्षा के लिए 44,567 करोड़ रुपये
विजय सरकार ने स्कूल शिक्षा के लिए 44,567 करोड़ रुपये का बजट तय किया है। कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों के लिए कामराज स्पेशल स्कूल खोले जाएंगे।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: EPFO का नया सर्विस हिस्ट्री फीचर! अब एक क्लिक में देखें पुराने PF अकाउंट और पूरी नौकरी की जानकारी
इन स्कूलों में छात्रों को शिक्षा, भोजन, हॉस्टल, कपड़े और कोर्स से जुड़ी सामग्री मुफ्त दी जाएगी। इसके साथ ही समाज कल्याण विभाग के लिए 3,937 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है।
कक्षा 8 तक मिलेगा नाश्ता
कक्षा 6 से 8 तक के छात्रों को नाश्ता देने की योजना के लिए 710 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। यह योजना पहले DMK सरकार के समय कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों के लिए शुरू की गई थी। अब विजय सरकार ने इसे कक्षा 8 तक बढ़ा दिया है।
मेट्रो प्रोजेक्ट्स के विस्तार पर जोर
TVK सरकार का कुल बजट 29,863 करोड़ रुपये बताया गया है। इसमें मेट्रो रेल प्रोजेक्ट्स का विस्तार भी शामिल है।
चेन्नई एयरपोर्ट से किलाम्बक्कम, कोयम्बेडु से पट्टाबिराम और पूनामल्ली से सुंगुवरचथिरम तक मेट्रो लाइन के लिए केंद्र से मंजूरी लेने की कोशिश की जा रही है। होसुर से कर्नाटक के बोम्मासंद्रा तक मेट्रो प्रस्ताव पर भी काम चल रहा है।
राज्य पर 10 लाख करोड़ रुपये का कर्ज
वित्त मंत्री ने बताया कि सरकार के श्वेत पत्र के अनुसार तमिलनाडु पर करीब 10 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है। सरकार राज्य को इस कर्ज से बाहर निकालने के लिए लगातार कदम उठा रही है।
उन्होंने भ्रष्टाचार पर भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि सरकार न तो भ्रष्टाचार करेगी और न ही पहले भ्रष्टाचार करने वालों को छोड़ेगी।

