EPFO का नया सर्विस हिस्ट्री फीचर! अब एक क्लिक में देखें पुराने PF अकाउंट और पूरी नौकरी की जानकारी
कई बार नौकरी बदलने के बाद पुराना PF अकाउंट रिकॉर्ड में नहीं दिखता और बाद में क्लेम के समय परेशानी बढ़ जाती है। EPFO की सर्विस हिस्ट्री सुविधा से अब कर्मचारी अपने पुराने रिकॉर्ड की जांच कर सकते हैं। जानिए कैसे यह फीचर छिपे हुए PF अकाउंट का पता लगाने में मदद करेगा।

In Short
- EPFO की सर्विस हिस्ट्री से UAN से जुड़े सभी पुराने और मौजूदा PF रिकॉर्ड को एक जगह चेक किया जा सकता है।
- नौकरी बदलने के बाद मिसिंग PF अकाउंट या गलत सर्विस रिकॉर्ड की पहचान पहले ही की जा सकती है।
- पुराने PF रिकॉर्ड को ठीक कराने से PF विड्रॉल, ट्रांसफर और पेंशन क्लेम की प्रक्रिया आसान हो जाती है।
कई बार नौकरी बदलने के दौरान पुराने PF अकाउंट या नौकरी की जानकारी UAN से लिंक नहीं हो पाती है। ऐसे में बाद में PF निकालने, ट्रांसफर करने या पेंशन से जुड़े कामों में परेशानी आ सकती है। EPFO ने इसी समस्या को दूर करने के लिए सर्विस हिस्ट्री फीचर शुरू किया है, जिससे कर्मचारी अपने पूरे PF और नौकरी रिकॉर्ड को एक जगह चेक कर सकते हैं।
EPFO सर्विस हिस्ट्री फीचर क्या है?
EPFO के अपग्रेडेड यूनिफाइड मेंबर पोर्टल पर सर्विस हिस्ट्री एक नई सुविधा है। इसकी मदद से कर्मचारी अपने UAN से जुड़े पूरे रोजगार रिकॉर्ड को देख सकते हैं। इसमें पुराने और मौजूदा एम्प्लॉयर की जानकारी, नौकरी शुरू करने और खत्म होने की तारीख, EPF और EPS यानी एम्प्लॉइज पेंशन स्कीम के रिकॉर्ड भी दिखाई देते हैं।
यह फीचर खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी है जिन्होंने अपने करियर में कई बार नौकरी बदली है, क्योंकि इससे पता चल सकता है कि सभी पुराने PF अकाउंट और नौकरी की अवधि सही तरीके से UAN में जुड़ी है या नहीं।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: गोदरेज की अलमारी से SIP तक! जानिए कैसे 95 साल में पहली सैलरी और पैसे बचाने का तरीका पूरी तरह बदल गया
पुराने PF अकाउंट का ऐसे लगा सकते हैं पता
अगर आपने कई जगह काम किया है और कोई पुराना PF अकाउंट दिखाई नहीं दे रहा है, तो सर्विस हिस्ट्री में इसकी जानकारी मिल सकती है। अगर कोई पुराना एम्प्लॉयर या नौकरी का समय रिकॉर्ड में नहीं दिख रहा है, तो इसका मतलब हो सकता है कि पुराना PF अकाउंट सही तरीके से लिंक नहीं हुआ है।
ऐसे में कर्मचारी PF विड्रॉल या ट्रांसफर का आवेदन करने से पहले ही इस कमी को पहचान सकते हैं और रिकॉर्ड ठीक करा सकते हैं।
सर्विस हिस्ट्री फीचर कैसे करें इस्तेमाल?
सर्विस हिस्ट्री देखने के लिए सबसे पहले EPFO यूनिफाइड मेंबर पोर्टल पर अपने UAN और पासवर्ड से लॉगिन करना होगा। इसके बाद रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP ऑथेंटिकेशन पूरा करना होगा।
लॉगिन करने के बाद सर्विस हिस्ट्री सेक्शन खोलें और अपने रोजगार रिकॉर्ड को चेक करें। जरूरत पड़ने पर इस रिकॉर्ड को डाउनलोड भी किया जा सकता है।
सर्विस हिस्ट्री में किन चीजों को करें चेक?
कर्मचारियों को अपने सर्विस हिस्ट्री रिकॉर्ड में कुछ जरूरी जानकारी जरूर देखनी चाहिए।
- पुराने और मौजूदा एम्प्लॉयर की जानकारी सही है या नहीं।
- नौकरी शुरू करने और छोड़ने की तारीख सही दर्ज है या नहीं।
- EPF और EPS मेंबरशिप रिकॉर्ड मौजूद हैं या नहीं।
- नौकरी के बीच कोई समय अवधि मिसिंग तो नहीं है।
- पर्सनल या सर्विस डिटेल्स में कोई गलती तो नहीं है।
पुराना PF अकाउंट नहीं दिख रहा तो क्या करें?
अगर सर्विस हिस्ट्री में पुराना एम्प्लॉयर या PF अकाउंट नहीं दिखता है, तो सबसे पहले पुराने एम्प्लॉयर से संपर्क करना चाहिए। उनसे मेंबर ID या पुराने UAN की जानकारी वेरिफाई कराई जा सकती है।
जरूरत पड़ने पर एम्प्लॉयर EPFO एम्प्लॉयर पोर्टल के जरिए पुराने रिकॉर्ड को अपडेट या रिट्रीव कर सकता है। इसके अलावा कर्मचारी EPFO के आधार बेस्ड E-PRAAPTI प्लेटफॉर्म की मदद से पुराने PF अकाउंट को ट्रेस कर सकते हैं और उसे अपने मौजूदा UAN से लिंक करा सकते हैं।
PF क्लेम और पेंशन में मिलेगी आसानी
सही सर्विस हिस्ट्री रिकॉर्ड होने से PF विड्रॉल, ऑटोमैटिक PF ट्रांसफर और पेंशन एलिजिबिलिटी जैसे काम आसान हो जाते हैं। इससे कई कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारियों की सर्विस कंटिन्यूटी भी बनी रहती है।
EPFO का यह फीचर कर्मचारियों को पुराने फिजिकल रिकॉर्ड पर निर्भर रहने से बचाता है और PF से जुड़े कामों में होने वाली देरी और परेशानी को कम करता है।

