scorecardresearch

भारत में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर की बिक्री ने तोड़े रिकॉर्ड... इन 4 कंपनियों का दिखा दबदबा

भारत में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर की बिक्री ने 2026 में जबरदस्त रफ्तार पकड़ी है। सिर्फ 9 महीनों में बिक्री पिछले पूरे साल के आंकड़े से आगे निकल गई है। इस तेजी का सबसे ज्यादा फायदा कुछ बड़ी कंपनियों को मिला है। जानिए कौन से इलेक्ट्रिक स्कूटर बाजार में सबसे ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं।

Advertisement

In Short

  • जनवरी से सितंबर 2026 के बीच 15.61 लाख इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बिके
  • टीवीएस, बजाज, एथर एनर्जी और हीरो मोटोकॉर्प के पास करीब 76% मार्केट शेयर
  • 2025 के शुरुआती 9 महीनों के मुकाबले बिक्री में करीब 62% की ग्रोथ

भारत में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर की मांग तेजी से बढ़ रही है। साल 2026 के शुरुआती 9 महीनों के आंकड़े बताते हैं कि इस सेगमेंट में बिक्री पिछले साल के मुकाबले काफी बढ़ी है। वाहन डेटा के मुताबिक जनवरी से सितंबर 2026 के बीच देश में 15.61 लाख इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की बिक्री हुई है। खास बात यह है कि टीवीएस मोटर, बजाज ऑटो, एथर एनर्जी और हीरो मोटोकॉर्प की इसमें सबसे बड़ी हिस्सेदारी रही है।

advertisement

4 कंपनियों के पास 76% मार्केट

2026 के शुरुआती 9 महीनों में हुई कुल इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बिक्री में करीब 76% हिस्सा टीवीएस मोटर, बजाज ऑटो, एथर एनर्जी और हीरो मोटोकॉर्प का रहा है। यानी इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर मार्केट में इन चार बड़े मैन्युफैक्चरर्स का दबदबा देखने को मिला है। टीवीएस और बजाज का योगदान खास तौर पर ज्यादा रहा है।

2025 के मुकाबले कितनी बढ़ी बिक्री?

पिछले साल यानी 2025 के शुरुआती 9 महीनों में देश में 9.61 लाख इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बिके थे। इसके मुकाबले 2026 की इसी अवधि में बिक्री बढ़कर 15.61 लाख यूनिट्स पहुंच गई। यानी एक साल में करीब 6 लाख ज्यादा इलेक्ट्रिक दोपहिया बिके हैं। ईयर-ऑन-ईयर आधार पर यह ग्रोथ करीब 62% रही है।

2025 के पूरे साल में कुल 13.42 लाख इलेक्ट्रिक दोपहिया बिके थे। जबकि 2026 में सिर्फ 9 महीनों के अंदर ही बिक्री का आंकड़ा इससे आगे निकल चुका है।

सितंबर में 1.97 लाख रजिस्ट्रेशन

सितंबर में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर मार्केट में 1.97 लाख रजिस्ट्रेशन हुए। अगस्त के मुकाबले इसमें 7.7% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि कंपनियों के सितंबर महीने के अलग-अलग बिक्री आंकड़े अभी सामने नहीं आए हैं।

इन इलेक्ट्रिक स्कूटर्स की बढ़ी मांग

टॉप सेलिंग प्रोडक्ट्स में टीवीएस का आईक्यूब शामिल है, जिसे ग्राहक पसंद कर रहे हैं। वहीं बजाज चेतक सितंबर में सबसे ज्यादा बिकने वाला इलेक्ट्रिक स्कूटर रहा। एथर एनर्जी का रिज्टा और हीरो मोटोकॉर्प का विडा भी सबसे ज्यादा बिकने वाले इलेक्ट्रिक स्कूटर्स की लिस्ट में शामिल हैं।

छोटी कंपनी की हिस्सेदारी भी बढ़ी

मार्केट शेयर में बड़े मैन्युफैक्चरर्स को फायदा हुआ है, लेकिन छोटी कंपनियों ने भी ग्रोथ दिखाई है। रिवर मोबिलिटी की मार्केट हिस्सेदारी 2025 में 1.27% थी, जो 2026 में बढ़कर 2.46% हो गई है।

कुल मिलाकर 2026 के शुरुआती 9 महीनों में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर कंपनियां पिछले पूरे साल के मुकाबले 2.19 लाख ज्यादा यूनिट्स बेच चुकी हैं। अब साल के बाकी तीन महीनों में होने वाली बिक्री इस सेगमेंट के आंकड़े को और आगे ले जाएगी।