Tata की कार चलाते हैं तो सावधान! iRA ऐप में मिलीं गंभीर खामियां, हैकर्स के निशाने पर आपका डेटा?
Tata Motors की कनेक्टेड कार इस्तेमाल करने वालों के लिए जरूरी खबर है। CERT-In ने कंपनी के दो मोबाइल ऐप्स में गंभीर सुरक्षा खामियों की चेतावनी दी है, जिनका फायदा साइबर अपराधी उठा सकते हैं। Android फोन में भी अलग सुरक्षा खामियां सामने आई हैं। जानिए किन ऐप्स पर खतरा है और Android व iPhone यूजर्स को सुरक्षित रहने के लिए क्या करना चाहिए।

In Short
- Tata Motors के iRA 2.0 और iRA.ev ऐप्स में गंभीर सुरक्षा खामियां मिली हैं।
- CERT-In की चेतावनी के बाद Android और iPhone यूजर्स को ऐप अपडेट करने की सलाह।
- Android फोन की सुरक्षा के लिए अक्टूबर 2026 का सिक्योरिटी पैच जरूरी है।
अगर आप Tata Motors की कनेक्टेड कार इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। भारत की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने Tata Motors के iRA 2.0 और iRA.ev मोबाइल ऐप्स में गंभीर सुरक्षा खामियों की चेतावनी दी है। इन खामियों का फायदा उठाकर हैकर्स कार से जुड़ी जानकारी और सेवाओं तक बिना अनुमति पहुंच सकते हैं। इसके अलावा Android ऑपरेटिंग सिस्टम में भी कई सुरक्षा खामियां सामने आई हैं।
Tata Motors के ऐप्स में क्या मिलीं खामियां?
CERT-In के मुताबिक, Tata Motors के iRA 2.0 और iRA.ev ऐप्स में कुछ जरूरी सिक्योरिटी जानकारी, जैसे API Keys और लॉगिन टोकन, ऐप के अंदर ही मौजूद पाए गए हैं।
हैकर्स इन जानकारियों का गलत इस्तेमाल करके ऐप से जुड़े सर्वर और सेवाओं तक पहुंचने की कोशिश कर सकते हैं। इसके अलावा ऐप्स में खुलने वाले वेब पेजों की सही तरीके से जांच नहीं होने के कारण खतरनाक ऑनलाइन कंटेंट के जरिए भी हमला किया जा सकता है।
कुछ मामलों में लॉगिन टोकन ऐप के लॉग्स में सेव होने और नेटवर्क सिक्योरिटी की कमजोरी के कारण डेटा चोरी या उसमें बदलाव का खतरा भी हो सकता है।
कार मालिकों को क्या नुकसान हो सकता है?
इन खामियों का फायदा उठाकर साइबर अपराधी यूजर की पहचान का गलत इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे कार से जुड़ी जानकारी और ऐप के जरिए मिलने वाली सेवाओं तक बिना अनुमति पहुंचने का खतरा है।
हालांकि, सुरक्षा खामी मिलने का मतलब यह नहीं है कि सभी कारें हैक हो चुकी हैं। CERT-In ने संभावित साइबर हमलों को लेकर चेतावनी दी है।
Android और iPhone यूजर्स कैसे रहें सुरक्षित?
Tata Motors के इन ऐप्स का इस्तेमाल करने वाले Android और iPhone दोनों यूजर्स को अपने ऐप अपडेट रखने चाहिए।
CERT-In की सलाह के मुताबिक, iRA 2.0 ऐप को वर्जन 26.8.2 और iRA.ev ऐप को वर्जन 26.9.1 पर अपडेट करना चाहिए। iPhone यूजर्स App Store और Android यूजर्स Google Play Store पर जाकर उपलब्ध अपडेट इंस्टॉल कर सकते हैं।
इसके अलावा यूजर्स को अपने फोन का ऑपरेटिंग सिस्टम भी अपडेट रखना चाहिए, ताकि सुरक्षा से जुड़ी खामियों का खतरा कम हो सके।
Android फोन में भी मिलीं गंभीर खामियां
CERT-In ने Android ऑपरेटिंग सिस्टम में भी कई सुरक्षा खामियों की जानकारी दी है। इनका फायदा उठाकर हैकर्स फोन की संवेदनशील जानकारी हासिल कर सकते हैं, ज्यादा कंट्रोल पा सकते हैं या डिवाइस के कामकाज में रुकावट डाल सकते हैं।
सबसे गंभीर खामी Android के System कंपोनेंट से जुड़ी है। कुछ परिस्थितियों में इसका फायदा उठाने के लिए यूजर को किसी लिंक पर क्लिक करने की भी जरूरत नहीं पड़ सकती।
Android की अक्टूबर 2026 सिक्योरिटी बुलेटिन के मुताबिक, 1 अक्टूबर 2026 या उसके बाद का सिक्योरिटी पैच संबंधित खामियों को ठीक करता है।
Android यूजर्स Settings में जाकर Security Update चेक कर सकते हैं। Google Play Protect भी नुकसान पहुंचाने वाले ऐप्स की पहचान करने में मदद करता है।
ध्यान रहे कि Android का सिक्योरिटी पैच और Tata Motors के ऐप्स का अपडेट अलग-अलग हैं। कार से जुड़े ऐप्स की सुरक्षा के लिए उनके आधिकारिक अपडेट इंस्टॉल करना जरूरी है।

