scorecardresearch

कभी घर गिरवी रखकर लिया था ₹2 करोड़ का लोन, अब ₹4,000 करोड़ की 'रामायण' के बने प्रोड्यूसर

₹4,000 करोड़ की कथित लागत वाली फिल्म 'रामायण' के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा की कहानी किसी फिल्म से कम नहीं है। कभी बिजनेस शुरू करने के लिए उन्हें परिवार का घर तक दांव पर लगाना पड़ा था। जानिए कैसे एक छोटे से बिजनेस से शुरू हुआ उनका सफर हॉलीवुड तक पहुंचा।

Advertisement

In Short

  • नमित मल्होत्रा ने महज 19 साल की उम्र में करीब 7 लाख रुपये से अपना बिजनेस शुरू किया था।
  • साल 1997 में बिजनेस बढ़ाने के लिए परिवार का घर गिरवी रखकर 2 करोड़ रुपये का लोन लिया था।
  • अब नमित मल्होत्रा करीब 4,000 करोड़ रुपये के कथित बजट वाली फिल्म 'रामायण' को प्रोड्यूस कर रहे हैं।

फिल्म 'रामायण' आज सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। करीब 4,000 करोड़ रुपये के कथित बजट वाली इस फिल्म की चर्चा इसके बड़े पैमाने, शानदार विजुअल इफेक्ट्स और दुनियाभर में रिलीज की तैयारियों को लेकर हो रही है। लेकिन इस फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा (Namit Malhotra) की कहानी भी किसी फिल्म से कम नहीं है।

advertisement

एक समय ऐसा था जब उन्होंने अपना बिजनेस शुरू करने के लिए परिवार का घर तक गिरवी रख दिया था। अगर उनका बिजनेस फेल हो जाता, तो उनका परिवार बेघर हो सकता था। आज वही नमित मल्होत्रा दुनिया की बड़ी विजुअल इफेक्ट्स कंपनियों से जुड़े हुए हैं।

महज 19 साल की उम्र में शुरू किया बिजनेस

नमित मल्होत्रा ने सिर्फ 19 साल की उम्र में अपना बिजनेस शुरू किया था। उस समय उनके साथ काम करने वाले पार्टनर्स की उम्र 21 साल थी। बिजनेस शुरू करने के लिए उन्होंने करीब 7 लाख रुपये लगाए थे।

नमित के मुताबिक, इस रकम का कुछ हिस्सा उनके पिता ने दिया था, जबकि बाकी पैसे बैंक से लोन लेकर जुटाए गए थे।

उन्होंने बताया कि उस समय किसी के पास बिजनेस चलाने का अनुभव नहीं था। शुरुआत कंप्यूटर की मदद से वीडियो एडिटिंग और पोस्ट-प्रोडक्शन के काम से हुई थी। धीरे-धीरे यही बिजनेस विजुअल इफेक्ट्स की दुनिया में आगे बढ़ने लगा।

जब घर गिरवी रखकर लिया ₹2 करोड़ का लोन

नमित मल्होत्रा की जिंदगी का सबसे बड़ा जोखिम साल 1997 में आया। उस समय उनकी कंपनी का सालाना कारोबार करीब 75 लाख रुपये था, लेकिन बिजनेस को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने 2 करोड़ रुपये का बैंक लोन लिया।

इस लोन के लिए उनके परिवार को अपना घर गिरवी रखना पड़ा था।

नमित ने बताया कि उन्हें पता था कि यह बहुत बड़ा जोखिम है। अगर बिजनेस नहीं चलता, तो परिवार के पास रहने के लिए घर भी नहीं बचता।

उनके मुताबिक, उस समय यह एक नई टेक्नोलॉजी थी और उन्होंने अपना सब कुछ इसी बिजनेस में लगा दिया था।

गैरेज से शुरू हुई कंपनी कैसे पहुंची हॉलीवुड?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, नमित मल्होत्रा ने शुरुआती दिनों में गैरेज से काम शुरू किया था। उनके पास वेंचर कैपिटल की फंडिंग नहीं थी। बिजनेस को आगे बढ़ाने के लिए कर्ज और व्यक्तिगत गारंटी का सहारा लिया गया।

साल 2006 में कंपनी भारतीय शेयर बाजार में लिस्ट हुई। इसके बाद 2014 में Prime Focus ने लंदन की ऑस्कर विजेता विजुअल इफेक्ट्स कंपनी Double Negative को खरीद लिया, जिसे अब DNEG के नाम से जाना जाता है।

advertisement

DNEG हॉलीवुड की बड़ी फिल्मों, जिनमें 'Avatar' भी शामिल है, पर काम कर चुकी है। कंपनी आठ ऑस्कर पुरस्कार जीत चुकी है।

अब ₹4,000 करोड़ की 'रामायण' पर बड़ा दांव

कई दशक पहले महज 7 लाख रुपये से बिजनेस शुरू करने वाले नमित मल्होत्रा अब Prime Focus Studios के जरिए 'रामायण' जैसी बड़े बजट की फिल्म को प्रोड्यूस कर रहे हैं।

फिल्म का कथित बजट करीब 4,000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। इसे भारत की सबसे महंगी फिल्म परियोजनाओं में गिना जा रहा है। फिल्म को बड़े पैमाने पर अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाने की भी योजना है।

नमित मल्होत्रा के लिए 'रामायण' सिर्फ एक बड़ी फिल्म नहीं, बल्कि उस सफर का नया पड़ाव है, जिसकी शुरुआत कभी परिवार का घर दांव पर लगाकर हुई थी।