यमन के पास 14 भारतीयों की Yacht पर हमले का दावा, हूती विद्रोहियों ने कहा- सभी को बचाया
यमन के पास 14 भारतीय नागरिकों को ले जा रही Yacht पर हमले का सनसनीखेज दावा सामने आया है। हूती विद्रोहियों ने इस घटना को लेकर बड़ा खुलासा किया है। वहीं सऊदी अरब में एयरपोर्ट और ऑयलफील्ड पर हुए हमलों ने भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

In Short
- हूती विद्रोहियों का दावा है कि जुकर आइलैंड के पास 14 भारतीयों वाली Yacht को निशाना बनाया गया और सभी को बचा लिया गया।
- दमाम एयरपोर्ट पर हमले में एक भारतीय की मौत हुई और दो भारतीय घायल हुए।
- - शायबाह ऑयलफील्ड पर ड्रोन हमले के बाद भारत ने सऊदी अरब में रह रहे नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी।
यमन के पास रेड सी में 14 भारतीय नागरिकों को ले जा रही एक Yacht पर सऊदी अरब की ओर से हमला किए जाने का दावा किया गया है। हूती विद्रोहियों के सैन्य प्रवक्ता ने कहा है कि यमनी सेना ने Yacht पर सवार सभी भारतीयों को बचा लिया है। हालांकि, घटना की पूरी जानकारी और भारतीय नागरिकों की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब सऊदी अरब में हुए हमलों में भारतीय नागरिकों की मौत और घायल होने के मामले भी सामने आए हैं।
हूती प्रवक्ता ने क्या दावा किया?
हूती समर्थित यमनी सशस्त्र बलों के सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर याह्या सरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सऊदी अरब ने जुकर आइलैंड के पास भारतीय नागरिकों को ले जा रही Yacht को निशाना बनाया। इसमें 14 भारतीय सवार थे। सरी के मुताबिक, यमनी सेना ने सभी भारतीयों को बचा लिया है।
याह्या सरी ने इस कथित कार्रवाई को लापरवाही भरा कदम बताया। उन्होंने कहा कि इससे रेड सी में International Navigation यानी अंतरराष्ट्रीय समुद्री यातायात को खतरा हो सकता है। हालांकि, हमले के हालात, भारतीय नागरिकों की मौजूदा स्थिति और Yacht को निशाना बनाए जाने की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
दमाम एयरपोर्ट पर हमले में एक भारतीय की मौत
सऊदी अरब में भारतीय नागरिकों से जुड़ी दूसरी घटना किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट, दमाम में हुई। बुधवार रात हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य भारतीय घायल हो गए। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने गुरुवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी।
दूतावास ने बताया कि हमले में कुल दो लोगों की मौत हुई थी, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल था। सऊदी अधिकारियों ने अब तक सार्वजनिक रूप से यह नहीं बताया है कि दमाम एयरपोर्ट पर हुए हमले के लिए कौन जिम्मेदार था।
शायबाह ऑयलफील्ड पर ड्रोन हमले में भारतीय घायल
बुधवार को ही सऊदी अरामको के शायबाह ऑयलफील्ड पर भी हमले की घटना सामने आई। भारतीय दूतावास के मुताबिक, इस घटना में एक भारतीय नागरिक घायल हुआ। सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय ने बताया कि एयर डिफेंस सिस्टम ने ऑयलफील्ड को निशाना बनाने आ रहे एक ड्रोन को रोक लिया था।
इसके बाद गिरे मलबे की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। इनमें एक फिलीपींस और एक नेपाल का नागरिक था। दो अन्य लोग घायल हुए, जिनमें एक भारतीय और एक पाकिस्तानी नागरिक शामिल थे। सऊदी अधिकारियों के मुताबिक, इस घटना से ऑयलफील्ड के ऑपरेशन पर कोई असर नहीं पड़ा।
इस महीने की शुरुआत में रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले में भी एक भारतीय नागरिक की मौत हुई थी और कई अन्य लोग घायल हुए थे।
भारत ने हमलों की निंदा की, नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह
भारत के विदेश मंत्रालय ने सऊदी अरब में नागरिक और ऊर्जा से जुड़े ठिकानों पर लगातार हो रहे हमलों की कड़ी निंदा की है। मंत्रालय ने 21 अक्टूबर को दमाम एयरपोर्ट और सऊदी अरामको के शायबाह ऑयलफील्ड पर हुए हमलों का विशेष रूप से जिक्र किया।
भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में रहने वाले भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने, स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने और हवाई हमलों के दौरान घर के अंदर सुरक्षित जगह पर रहने की सलाह दी है। साथ ही, ड्रोन या मिसाइल को रोके जाने और उनके मलबे वाली जगहों की फोटो या वीडियो बनाने और शेयर करने से बचने को कहा है। दूतावास ने चेतावनी दी है कि ऐसा करने पर सऊदी कानून के तहत कानूनी कार्रवाई हो सकती है।सऊदी अरब में करीब 27.4 लाख भारतीय नागरिक रहते हैं। ऐसे में वहां सुरक्षा से जुड़ी घटनाओं को लेकर भारतीय अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है।

