
Toxic का बॉक्स ऑफिस पर बुरा हाल, Hanuman Ansh ने 4वें हफ्ते में मचाया तहलका
यश की मोस्ट अवेटेड फिल्म Toxic की बॉक्स ऑफिस रफ्तार क्यों थम गई? वहीं एक ऐसी फिल्म ने अचानक कमाई की रफ्तार पकड़ ली है, जिसे दर्शक लगभग भूल चुके थे। चौथे हफ्ते में आए इस बड़े बदलाव ने ट्रेड को भी हैरान कर दिया है। जानिए पूरा बॉक्स ऑफिस गणित।

यश की फिल्म 'Toxic' बॉक्स ऑफिस पर लगातार संघर्ष करती नजर आ रही है, जबकि एक छोटी बजट की फिल्म 'Hanuman Ansh' ने ऐसा कमबैक किया है जिसकी किसी ने उम्मीद नहीं की थी। जहां 'Toxic' की कमाई लगातार गिर रही है, वहीं 'Hanuman Ansh' ने चौथे हफ्ते में जबरदस्त उछाल दर्ज किया है।
Toxic की कमाई में लगातार गिरावट
यश स्टारर 'Toxic' ने रिलीज के साथ शानदार शुरुआत की थी। फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन 101.10 करोड़ रुपये की कमाई की थी। पहले हफ्ते के अंत तक फिल्म का कलेक्शन 239.30 करोड़ रुपये पहुंच गया था।
हालांकि इसके बाद फिल्म की रफ्तार धीमी होती चली गई। दूसरे शुक्रवार यानी रिलीज के 10वें दिन फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 1.75 करोड़ रुपये कमाए। इसके साथ ही भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन बढ़कर 241.05 करोड़ रुपये हो गया है।
फिल्म की घरेलू ग्रॉस कमाई करीब 287.75 करोड़ रुपये और ओवरसीज कलेक्शन 43.25 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। दुनियाभर में फिल्म अब तक करीब 331 करोड़ रुपये कमा चुकी है।

अंग्रेजी वर्जन भी नहीं चला
'Mirzapur The Movie' और 'Hanuman Ansh' जैसी फिल्मों से मिल रही टक्कर और खराब वर्ड ऑफ माउथ का असर 'Toxic' पर दिखाई दे रहा है। फिल्म का अंग्रेजी वर्जन भी दर्शकों को आकर्षित नहीं कर पाया।
अंग्रेजी वर्जन को भारत में सिर्फ 4 शहरों के 11 शोज मिले। मुंबई, बेंगलुरु, गुरुग्राम और नोएडा में रिलीज हुए इस वर्जन ने पहले दिन केवल 1.4 लाख रुपये की कमाई की। गुरुग्राम और नोएडा में तो 25 से भी कम टिकट बिके। कुल मिलाकर पहले दिन सिर्फ करीब 450 टिकटों की बिक्री हुई।
Hanuman Ansh ने बदला पूरा खेल
दूसरी ओर, कम बजट वाली फिल्म 'Hanuman Ansh' ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है। नीम करोली बाबा पर बनी इस फिल्म ने शुरुआत में सिर्फ 10 लाख रुपये की ओपनिंग की थी, लेकिन पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ के चलते इसकी कमाई हर हफ्ते बढ़ती गई।
फिल्म ने पहले हफ्ते में 1.08 करोड़ रुपये, दूसरे हफ्ते में 40 लाख रुपये, तीसरे हफ्ते में 10.40 करोड़ रुपये और चौथे हफ्ते में 61 करोड़ रुपये की कमाई की।
पांचवें शुक्रवार को फिल्म ने करीब 10 करोड़ रुपये और जोड़ लिए। इसके साथ ही भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन 82.88 करोड़ रुपये पहुंच गया है, जबकि घरेलू ग्रॉस कलेक्शन करीब 97.77 करोड़ रुपये हो गया है।

चौथे हफ्ते में 6300% से ज्यादा की ग्रोथ
फिल्म ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक, 'Hanuman Ansh' ने पहले हफ्ते के मुकाबले चौथे हफ्ते में 6337% की ग्रोथ दर्ज की है। उन्होंने फिल्म की तुलना 1975 में रिलीज हुई 'जय संतोषी मां' से की, जो लंबे समय तक बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई थी।
ट्रेड एनालिस्ट रोहित जायसवाल के अनुसार, फिल्म रविवार तक 100 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म का अगला लक्ष्य 150 करोड़ रुपये नेट कलेक्शन तक पहुंचना है।

