चेन्नई में नया सेंटर खोलेगी Starbucks, 800 लोगों को मिलेगी नौकरी, तमिलनाडु सरकार के साथ हुआ समझौता
अमेरिका की दिग्गज कॉफी कंपनी स्टारबक्स भारत में अपना नया ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर खोलने जा रही है। इसके लिए कंपनी ने तमिलनाडु सरकार के साथ समझौता किया है। इस सेंटर के पहले चरण में करीब 800 लोगों को टेक्नोलॉजी से जुड़ी नौकरियां मिलने की उम्मीद है। जानिए कंपनी कहां खोलेगी यह सेंटर और भारत में क्यों बढ़ रही है ऐसे सेंटर की मांग।

In Short
- स्टारबक्स चेन्नई में नया GCC सेंटर खोलेगी।
- नए सेंटर से करीब 800 लोगों को नौकरी मिलेगी।
- Walgreens भी चेन्नई में GCC खोलने की तैयारी में है।
अमेरिका की दिग्गज कॉफी कंपनी स्टारबक्स (Starbucks) भारत में अपना नया ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) खोलने की तैयारी कर रही है। इसके लिए कंपनी ने तमिलनाडु सरकार के साथ एक समझौता किया है। यह सेंटर चेन्नई में खोला जाएगा और इसके पहले चरण में करीब 800 लोगों को टेक्नोलॉजी से जुड़ी नौकरियां मिलने की उम्मीद है।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, तमिलनाडु सरकार ने सोमवार को इस समझौते की जानकारी दी। स्टारबक्स का यह कदम ऐसे समय में आया है, जब दुनिया की कई बड़ी कंपनियां भारत में अपने ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर खोल रही हैं।
चेन्नई में खुलेगा स्टारबक्स का नया सेंटर
स्टारबक्स भारत में टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के साथ जॉइंट वेंचर के जरिए कारोबार करती है। देशभर में कंपनी के करीब 500 कैफे हैं।
अब कंपनी चेन्नई में अपना नया ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर स्थापित करने की योजना बना रही है। इस सेंटर के जरिए टेक्नोलॉजी और कारोबार से जुड़े अलग-अलग काम किए जाएंगे।
इस नए सेंटर के खुलने से चेन्नई में ग्लोबल कंपनियों की मौजूदगी और बढ़ेगी। शहर पहले से ही कई बड़ी अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के टेक्नोलॉजी सेंटर का ठिकाना है।
क्या होता है ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर?
ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर यानी GCC एक ऐसा सेंटर होता है, जहां कोई बड़ी अंतरराष्ट्रीय कंपनी अपने कारोबार से जुड़े अलग-अलग काम करवाती है।
पहले ऐसे सेंटर का इस्तेमाल मुख्य रूप से कम लागत पर बैक ऑफिस से जुड़े काम करने के लिए किया जाता था। लेकिन अब इनकी भूमिका काफी बढ़ गई है।
आज कंपनियां इन सेंटर के जरिए सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, फाइनेंस, रिसर्च एंड डेवलपमेंट और टेक्नोलॉजी से जुड़े कई महत्वपूर्ण काम कर रही हैं।
यही वजह है कि दुनिया की बड़ी कंपनियां भारत में अपने GCC स्थापित करने पर जोर दे रही हैं।
Walgreens भी चेन्नई में खोलेगी सेंटर
स्टारबक्स से कुछ दिन पहले अमेरिका की फार्मेसी कंपनी Walgreens ने भी तमिलनाडु सरकार के साथ चेन्नई में GCC स्थापित करने के लिए समझौता किया था।
Walgreens के प्रस्तावित सेंटर से करीब 250 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
चेन्नई में पहले से ही Citi, Barclays और American Express जैसी कई बड़ी अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के टेक्नोलॉजी सेंटर मौजूद हैं।

