
शशि थरूर ने GTA 6 के बहाने मोदी सरकार को घेरा! नोटबंदी पर ऐसा तंज कि सब हंस पड़े
कांग्रेस सांसद शशि थरूर का GTA 6 खेलते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। पहली बार गेम खेलने पहुंचे थरूर ने अचानक मोदी सरकार की नोटबंदी पर ऐसा तंज कस दिया कि आसपास मौजूद लोग हंस पड़े। जानिए गेम के नाम से नोटबंदी का कनेक्शन कैसे जुड़ा और उन्होंने क्या कहा।

In Short
- GTA 6 खेलते हुए शशि थरूर ने मोदी सरकार की 2016 की नोटबंदी पर कसा तंज।
- थरूर ने नोटबंदी को बताया 'ग्रैंड थेफ्ट विदाउट ऑटो', वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में।
- GTA 6 ने प्री-ऑर्डर और पहले दिन की बिक्री से कमाए 3.79 अरब डॉलर।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। इस बार इसकी वजह कोई राजनीतिक भाषण नहीं, बल्कि मशहूर वीडियो गेम GTA 6 है। थरूर ने पहली बार इस गेम को खेलते हुए कुछ ऐसा कहा, जिसने गेमिंग के साथ राजनीति की बहस भी छेड़ दी। आइए जानते हैं कि गेम खेलते समय उन्होंने क्या कहा और नोटबंदी का मुद्दा कैसे सामने आ गया।
GTA 6 खेलते हुए नोटबंदी पर कसा तंज
तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर का एक वीडियो यूट्यूब पर सामने आया है। इसमें वह रॉकस्टार गेम्स के नए गेम ग्रैंड थेफ्ट ऑटो 6 (GTA 6) को खेलते नजर आ रहे हैं। गेम के नाम पर बात करते हुए उन्होंने कहा, 'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो का नाम तो अंग्रेजी भाषा में भी समझ नहीं आता।'
इसके बाद थरूर ने अचानक नोटबंदी का जिक्र करते हुए कहा, 'वह नोटबंदी भी एक तरह से ग्रैंड थेफ्ट विदाउट ऑटो थी।' उनकी यह बात सुनकर आसपास मौजूद लोग हंसने लगे।
2016 की नोटबंदी से जोड़ा गेम का नाम
दरअसल, शशि थरूर का इशारा नवंबर 2016 में मोदी सरकार के नोटबंदी के फैसले की तरफ था। उस समय सरकार ने 500 और 1,000 रुपये के पुराने नोटों को चलन से बाहर कर दिया था।थरूर लंबे समय से इस फैसले की आलोचना करते रहे हैं। इस बार उन्होंने GTA 6 के नाम का इस्तेमाल करते हुए नोटबंदी पर तंज कसा।
पहली बार गेम खेल रहे थे शशि थरूर
वीडियो में थरूर ने यह भी माना कि उन्हें वीडियो गेम खेलने का अनुभव नहीं है। उन्होंने कहा, 'मुझे डर है कि मैं गेम खेलने वाला इंसान नहीं हूं।'थोड़ी देर GTA 6 खेलने के बाद उन्होंने साफ कहा कि यह गेम उनके लिए नहीं है। हालांकि, सोशल मीडिया पर उनके गेम खेलने के तरीके से ज्यादा नोटबंदी पर किया गया कमेंट चर्चा में आ गया।

GTA 6 ने कमाई के तोड़े रिकॉर्ड
थरूर का यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब GTA 6 दुनियाभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
रॉकस्टार गेम्स के मुताबिक, GTA 6 ने प्री-ऑर्डर और लॉन्च के पहले दिन की बिक्री से कुल 3.79 अरब डॉलर की कमाई की है। कंपनी ने इसे एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के इतिहास की सबसे बड़ी लॉन्चिंग का रिकॉर्ड बताया है।
नोटबंदी पर कांग्रेस और बीजेपी का अलग रुख
नोटबंदी को लेकर कांग्रेस लगातार मोदी सरकार पर सवाल उठाती रही है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस फैसले से आम लोगों और छोटे कारोबारियों को काफी परेशानी हुई, जबकि इसके तय मकसद पूरे नहीं हुए।
दूसरी तरफ बीजेपी नोटबंदी को काले धन, नकली नोटों और आतंकवाद की फंडिंग के खिलाफ बड़ा कदम बताती रही है।हालांकि, शशि थरूर के GTA 6 वाले बयान पर अब तक बीजेपी या प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


