
SBI में बिना एग्जाम में नौकरी करने का मौका! बेसिक सैलरी ₹93,000 - जानें पूरी डिटेल
SBI ने स्पेशलिस्ट कैडर ऑफिसर के पदों पर भर्ती निकाली है। ट्रेड फाइनेंस ऑफिसर के इन पदों पर उम्मीदवारों का चयन बिना लिखित परीक्षा के किया जाएगा। योग्य उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्टिंग के बाद इंटरव्यू देना होगा। भर्ती में अच्छी सैलरी के साथ कई सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा।

In Short
- स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने स्पेशलिस्ट कैडर ऑफिसर के ट्रेड फाइनेंस ऑफिसर पदों पर वैकेंसी निकाली है।
- उम्मीदवारों का चयन शॉर्टलिस्टिंग और 100 नंबर के इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा।
- चयनित उम्मीदवारों को ₹48,480 से ₹93,960 तक पे स्केल के साथ कई भत्तों का लाभ मिलेगा।
बैंक में नौकरी करने का सपना देख रहे उम्मीदवारों के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने अच्छा मौका दिया है। SBI ने स्पेशलिस्ट कैडर ऑफिसर (SCO) के पदों पर भर्ती निकाली है। इन पदों को रेगुलर बेसिस पर भरा जाएगा।
जो उम्मीदवार इन पदों के लिए योग्य हैं, वे SBI की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इन पदों के लिए रजिस्ट्रेशन 29 अगस्त से शुरू हो चुके हैं।
किन पदों पर होगी भर्ती?
SBI की ओर से ट्रेड फाइनेंस ऑफिसर के पदों पर भर्ती की जा रही है। इसमें जूनियर मैनेजमेंट ग्रेड स्केल-I (JMGS-I) और मिडल मैनेजमेंट ग्रेड स्केल-II (MMGS-II) के पद शामिल हैं।
इन पदों के लिए वे उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने संबंधित क्षेत्र में पढ़ाई की है और जरूरी अनुभव रखते हैं।
क्या है एजुकेशन क्वालिफिकेशन?
ट्रेड फाइनेंस ऑफिसर JMGS-I पद के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा IIBF से फॉरेक्स ऑपरेशंस सर्टिफिकेट भी होना चाहिए।
यह सर्टिफिकेट 31 जुलाई 2026 या उससे पहले का होना जरूरी है। उम्मीदवार के पास ICC एकेडमी से ग्लोबल ट्रेड सर्टिफिकेट, LIBF से इंटरनेशनल ट्रेड फाइनेंस (CITF) सर्टिफिकेट या इंटरनेशनल ट्रेड सर्टिफिकेट (IIBF) भी होना चाहिए।
इसके साथ ही ट्रेड फाइनेंस प्रोसेसिंग एंड ऑपरेशंस में कम से कम 1 साल का अनुभव जरूरी है।

वहीं, MMGS-II पद के लिए भी एजुकेशन क्वालिफिकेशन समान रहेगी, लेकिन उम्मीदवार के पास कम से कम 3 साल का अनुभव होना चाहिए।
उम्र सीमा क्या तय की गई है?
JMGS-I पद के लिए उम्मीदवारों की उम्र 21 से 30 साल के बीच होनी चाहिए। वहीं MMGS-II स्केल के लिए न्यूनतम उम्र 23 साल और अधिकतम उम्र 32 साल तय की गई है।
उम्र की गणना 31 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। रिजर्व कैटेगरी के उम्मीदवारों को नियमों के अनुसार 3 से 15 साल तक की छूट दी जाएगी।
कितनी मिलेगी सैलरी?
SBI की इस भर्ती में सैलरी भी आकर्षक रखी गई है। जूनियर मैनेजमेंट ग्रेड स्केल-I पद के लिए पे स्केल ₹48,480 से ₹85,920 तक है।
वहीं, मिडल मैनेजमेंट ग्रेड स्केल-II पद के लिए पे स्केल ₹64,820 से ₹93,960 तक तय किया गया है।
इसके अलावा उम्मीदवारों को डीए, एचआरए, सीसीए, प्रोविडेंट फंड, कंट्रीब्यूटरी पेंशन फंड, NPS, लीव फेयर कंसेशन (LFC), मेडिकल सुविधा और अन्य भत्तों का फायदा मिलेगा।
बिना परीक्षा होगा सिलेक्शन?
इस भर्ती की खास बात यह है कि उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी। SBI की शॉर्टलिस्टिंग कमेटी तय पैरामीटर्स के आधार पर उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए चुनेगी।
इसके बाद 100 नंबर का इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। इंटरव्यू में मिले नंबर के आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी और उसी के आधार पर चयन किया जाएगा।

