NEET परीक्षा पर सियासी घमासान! राहुल गांधी का सरकार पर सीधा वार, बीजेपी बोली- 'छात्रों के भविष्य से न खेलें'
NEET पेपर लीक विवाद के बीच राहुल गांधी आज कोटा में स्टूडेंट्स से बातचीत करेंगे। पेपर में धांधली और बेरोजगारी को लेकर कांग्रेस आज से देशव्यापी छात्र सम्मेलन शुरू कर रही है। वहीं, बीजेपी ने इसे राहुल गांधी के 'टूलकिट गैंग' की साजिश बताया है। पढ़ें पूरी खबर।

In Short
- NEET विवाद के बीच आज शाम राहुल गांधी कोटा में छात्रों से बात करेंगे
- बीजेपी ने इस कार्यक्रम को 'टूलकिट गैंग' की राजनीतिक साजिश बताया।
- अशोक गहलोत ने प्रशासन पर राहुल के होर्डिंग्स जबरन हटाने का आरोप लगाया
Rahul Gandhi on Neet Leak: NEET परीक्षा के पेपर लीक का मामला एक बार फिर पूरे देश में गरमा गया है। इसी बीच, कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज शाम राजस्थान के कोटा में छात्रों के साथ एक बड़ा सम्मेलन करने जा रहे हैं। राहुल गांधी इस मीटिंग के जरिए परीक्षा में गड़बड़ी, पेपर लीक और युवाओं की बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर आवाज उठाने की तैयारी में हैं। कोटा के दशहरा ग्राउंड स्थित श्री राम रंगमंच में शाम 5:30 बजे होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर राहुल गांधी के आने से पहले ही कांग्रेस और बीजेपी के बीच तीखी बहस शुरू हो गई है।
राहुल गांधी का सरकार पर सीधा निशाना
इस कार्यक्रम से ठीक एक दिन पहले, राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट लिखकर मोदी सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि "पेपर लीक, परीक्षाओं में गड़बड़ी, रद्द होती भर्तियां, महंगी फीस, निजीकरण और घोटालों" के जरिए देश के करोड़ों युवाओं के सपनों को तोड़ा जा रहा है।
राहुल गांधी ने युवाओं को संबोधित करते हुए लिखा, "हर युवा भारतीय के भविष्य को सुरक्षित करना सरकार की जिम्मेदारी है। लेकिन मोदी सरकार के पास न तो जिम्मेदारी है और न ही ईमानदारी।" उन्होंने कहा कि वह इन सभी दिक्कतों पर सीधे छात्रों से बातचीत करना चाहते हैं। कांग्रेस के मुताबिक, ये सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि देशभर में होने वाले छात्र सम्मेलनों की शुरुआत है, जिसमें युवाओं की समस्याएं और पेपर लीक जैसे मुद्दे उठाए जाएंगे
छात्रों को जुटाने में लगी कांग्रेस की टीम
राहुल गांधी के इस दौरे को लेकर कोटा में कांग्रेस नेताओं ने पूरी ताकत झोंक दी है। गुमानपुरा में पार्टी दफ्तर पर महिला कांग्रेस की एक बड़ी बैठक हुई, जिसमें ज्यादा से ज्यादा छात्रों को जोड़ने के लिए वार्ड स्तर पर जिम्मेदारियां बांटी गईं। इस बैठक में महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव और राजस्थान प्रभारी दीप्ति सिंह, राखी गौतम और शालिनी गौतम जैसे नेता शामिल हुए।
पार्टी कार्यकर्ताओं को काम सौंपा गया है कि वे शहर के कोने-कोने में जाकर छात्रों को इस मीटिंग में आने के लिए तैयार करें। दीप्ति सिंह ने कहा कि कोटा देशभर के लाखों छात्रों के सपनों का केंद्र है, इसलिए परीक्षा और नौकरियों को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच राहुल गांधी की यह बातचीत बहुत मायने रखती है। वहीं शालिनी गौतम ने कहा कि यह सिर्फ राजनीति नहीं, बल्कि छात्रों की आवाज को देश के सामने रखने का एक मौका है।
बीजेपी का पलटवार: 'टूलकिट गैंग' चला रहे राहुल
दूसरी तरफ, बीजेपी ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि वे छात्रों के नाम पर राजनीति कर रहे हैं।बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि यह पूरा कार्यक्रम राहुल गांधी के “टूलकिट गैंग” द्वारा चलाया जा रहा है। उनका आरोप है कि इसका मकसद 21 जून को होने वाली NEET की दोबारा परीक्षा से पहले छात्रों को भड़काना और विवाद पैदा करना है।
गौरव भाटिया ने सवाल किया कि जब छात्र अपनी पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी करना चाहते हैं, तो राहुल गांधी और उनके नेता उन्हें क्यों डराने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों को राजनीतिक कार्यक्रमों में जाने के बजाय अपनी पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि राजस्थान में पिछली कांग्रेस सरकार के समय हुए पेपर लीक मामलों को याद करते हुए पूछा कि क्या उस समय कांग्रेस ने छात्रों से माफी मांगी थी।
पोस्टर-होर्डिंग हटाने पर बढ़ा विवाद, कोटा पर सबकी नजर
इस कार्यक्रम को लेकर राजनीति तब और गरमा गई जब बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कोटा में विरोध प्रदर्शन किया और कहा कि छात्रों को परीक्षा से पहले शांति से पढ़ने दिया जाए। इसी बीच राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आरोप लगाया कि प्रशासन राहुल गांधी के कार्यक्रम के होर्डिंग्स हटवा रहा है। गहलोत ने दावा किया कि बीजेपी इस कार्यक्रम से घबरा गई है और इसे फ्लॉप करने की साजिश रच रही है।
आपको बता दें कि यह पूरा विवाद ऐसे समय में हो रहा है जब 3 मई को हुई नीट परीक्षा पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दी गई थी और अब 21 जून को इसकी दोबारा परीक्षा होनी है, जिसकी जांच सीबीआई (CBI) कर रही है। देश के सबसे बड़े कोचिंग हब कोटा में इस समय करीब 1.2 लाख छात्र नीट और जेईई की तैयारी कर रहे हैं, इसलिए यह जगह राजनीति के लिहाज से बहुत बड़ी बन गई है। आज शाम होने वाली इस बातचीत पर पूरे देश की नजरें टिकी हैं।

