Reliance AGM 2026: Jio IPO पर अपडेट का इंतजार, निवेशकों की नजर बड़े ऐलानों पर
रिलायंस ने अपनी 49वीं वार्षिक आम बैठक 19 जून को भारतीय समयानुसार दोपहर 2 बजे निर्धारित की है, जिसकी कार्यवाही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और अन्य ऑडियो-विजुअल माध्यमों से आयोजित की जाएगी।

In Short
- 19 जून को Reliance AGM, Jio IPO को लेकर हो सकते हैं अहम ऐलान
- Jio IPO पर बाजार की नजर, Reliance AGM में क्या ऐलान करेंगे मुकेश अंबानी?
- Reliance AGM से निवेशकों को बड़ी उम्मीद, फोकस में रहेगा Jio IPO
- Jio IPO, 5G और डिजिटल ग्रोथ, AGM में इन मुद्दों पर रहेगी नजर
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) की 49वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) 19 जून 2026 को दोपहर 2 बजे आयोजित होगी। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग दूसरे ऑडियो-विजुअल माध्यमों के जरिए होगी। हर साल की तरह इस बार भी निवेशकों की नजर मुकेश अंबानी के संबोधन और समूह के भविष्य के कारोबार से जुड़े बड़े ऐलानों पर रहेगी।
इस बार AGM का सबसे बड़ा आकर्षण Jio Platforms का संभावित IPO हो सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिलायंस देश के सबसे बड़े IPO की तैयारी कर रही है। ऐसे में निवेशक Jio IPO की टाइमलाइन, इश्यू स्ट्रक्चर और कंपनी की आगे की रणनीति से जुड़े संकेतों का इंतजार कर रहे हैं।
Jio IPO पर क्या रहेंगे बड़े सवाल?
रिपोर्ट्स के अनुसार, रिलायंस Jio IPO के ढांचे की समीक्षा कर रही है और ऑफर फॉर सेल (OFS) के बजाय बड़े फ्रेश इश्यू पर विचार कर सकती है। अगर AGM में इस बारे में कोई जानकारी दी जाती है, तो बाजार की नजर उसी पर रहेगी। निवेशक यह भी जानना चाहेंगे कि कंपनी IPO के लिए ड्राफ्ट पेपर कब दाखिल कर सकती है और Jio Platforms का संभावित मूल्यांकन क्या हो सकता है।
Jio ने वित्त वर्ष 2026 में 1.76 लाख करोड़ रुपये का राजस्व और 76,600 करोड़ रुपये का EBITDA दर्ज किया। कंपनी का राजस्व सालाना आधार पर 14.3 फीसदी बढ़ा है। इस दौरान ग्राहकों की संख्या बढ़कर 52.44 करोड़ हो गई। वहीं प्रति ग्राहक औसत मासिक राजस्व (ARPU) बढ़कर 214 रुपये पहुंच गया। कंपनी के 5G नेटवर्क का इस्तेमाल भी तेजी से बढ़ रहा है और डेटा खपत में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है।
ब्रोकरेज को Jio की ग्रोथ पर भरोसा
यस सिक्योरिटीज का मानना है कि रिलायंस टेलीकॉम, रिटेल और नई ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में लगातार निवेश कर रही है, जिससे लंबी अवधि में ग्रोथ को समर्थन मिलेगा। ब्रोकरेज ने रिलायंस को 1,651 रुपये के लक्ष्य मूल्य के साथ 'बाय' रेटिंग दी है। वहीं एलारा कैपिटल का कहना है कि Jio अब केवल टेलीकॉम कंपनी नहीं रह गई है, बल्कि एक बड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित हो रही है। ब्रोकरेज के मुताबिक, बढ़ते टैरिफ, ज्यादा डेटा खपत और डिजिटल सेवाएं Jio की कमाई बढ़ाने में मदद कर सकती हैं।
AGM की लाइव स्ट्रीमिंग कहां देखें?
रिलायंस इंडस्ट्रीज की AGM का लाइव प्रसारण कंपनी के आधिकारिक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा। शेयरहोल्डर्सऔर निवेशक रिलायंस के निवेशक संबंध (Investor Relations) पोर्टल के जरिए बैठक देख सकेंगे। इसके अलावा कंपनी के सोशल मीडिया और डिजिटल चैनलों पर भी AGM की कार्यवाही उपलब्ध रहने की संभावना है।

