
25 अक्टूबर से बंद होगा मुंबई एयरपोर्ट का टर्मिनल 1! जानें आपकी फ्लाइट कहां से मिलेगी
मुंबई एयरपोर्ट से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ा अपडेट है। एयरपोर्ट का टर्मिनल 1 जल्द ही फ्लाइट ऑपरेशन के लिए बंद होने वाला है। यहां पुराने टर्मिनल को तोड़कर नया और आधुनिक टर्मिनल बनाया जाएगा। जानिए T1 कब से बंद होगा और यहां से चलने वाली फ्लाइट्स का क्या होगा।

In Short
- मुंबई एयरपोर्ट का टर्मिनल 1 फ्लाइट ऑपरेशन के लिए 25 अक्टूबर 2026 से बंद हो जाएगा।
- T1 को तोड़कर नया आधुनिक टर्मिनल बनाया जाएगा और इसके 2029-30 तक बंद रहने की योजना है।
- T1 की फ्लाइट्स को टर्मिनल 2 या नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शिफ्ट करने का ऑप्शन होगा।
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ा अपडेट है। एयरपोर्ट का टर्मिनल 1 यानी T1 फ्लाइट ऑपरेशन के लिए 25 अक्टूबर 2026 से बंद होने वाला है। इसके बाद यहां बड़े स्तर पर तोड़फोड़ और दोबारा निर्माण का काम किया जाएगा। नया टर्मिनल तैयार होने तक T1 के 2029-30 तक बंद रहने की योजना है।
क्यों बंद हो रहा है Terminal 1?
मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड यानी MIAL के मुताबिक, टर्मिनल का रीडेवलपमेंट एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी AAI के निर्देश के बाद किया जा रहा है। मौजूदा T1 कॉम्प्लेक्स करीब 84 साल पुराना है और इसे तोड़कर आधुनिक सुविधाओं वाला नया टर्मिनल तैयार किया जाएगा।
पहले इसका काम 2025 के बीच में शुरू करने की योजना थी, लेकिन एयरलाइंस के पास अपनी फ्लाइट्स शिफ्ट करने के लिए कोई दूसरा विकल्प नहीं होने के कारण इसे टाल दिया गया था।
Navi Mumbai Airport से मिला ऑप्शन
अब नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट यानी NMIA उपलब्ध होने से एयरलाइंस को एक और विकल्प मिल गया है। इसके बाद T1 के रीडेवलपमेंट का रास्ता साफ हुआ है।
MIAL ने स्टेकहोल्डर्स को बताया है कि T1 से फ्लाइट ऑपरेशन 25 अक्टूबर से रोक दिए जाएंगे, जबकि इसके रीडेवलपमेंट का काम जनवरी 2027 में शुरू होगा।

T1 की फ्लाइट्स का क्या होगा?
T1 से ऑपरेट करने वाली एयरलाइंस के पास कई विकल्प होंगे। वे अपनी फ्लाइट्स को मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल 2 यानी T2 पर शिफ्ट कर सकती हैं या नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से ऑपरेशन शुरू कर सकती हैं। एयरलाइंस के पास कुछ सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद करने का विकल्प भी रहेगा।
कुछ घरेलू फ्लाइट्स को T2 पर शिफ्ट किए जाने की उम्मीद है। वहीं T2 से चलने वाली कुछ इंटरनेशनल फ्लाइट्स को NMIA भेजा जा सकता है, ताकि वहां अतिरिक्त जगह बनाई जा सके। अकासा एयर ने अपने ऑपरेशन शिफ्ट करना शुरू कर दिया है, जबकि दूसरी एयरलाइंस से बातचीत जारी है।
रोजाना करीब 950 फ्लाइट्स का ऑपरेशन
मुंबई एयरपोर्ट के दोनों टर्मिनल से अभी रोजाना करीब 950 फ्लाइट्स ऑपरेट होती हैं। वित्त वर्ष 2025-26 में T1 ने करीब 1.5 करोड़ यात्रियों को संभाला, जबकि T2 से करीब 4 करोड़ यात्रियों ने सफर किया।
T1 बंद होने के बाद एयरलाइंस के ऑपरेशन मुंबई और नवी मुंबई के बीच बांटे जाएंगे, जिससे कुछ समय के लिए एयरपोर्ट की क्षमता पर दबाव पड़ सकता है।
कैसा होगा नया Terminal 1?
मौजूदा T1 को पूरी तरह तोड़कर नई सुविधाओं और ज्यादा यात्रियों को संभालने की क्षमता वाला आधुनिक टर्मिनल बनाया जाएगा। यह बदलाव ऐसे समय हो रहा है, जब मुंबई दो एयरपोर्ट वाले सिस्टम की ओर बढ़ रहा है और आने वाले समय में नवी मुंबई एयरपोर्ट की भूमिका भी बढ़ने वाली है।

