scorecardresearch

दूध का कारोबार शुरू करने वालों के लिए अच्छी खबर! डेयरी खोलने पर मिलेगी लाखों की सब्सिडी और बैंक लोन

मध्य प्रदेश सरकार पशुपालकों को दूध का कारोबार शुरू करने और उनकी आमदनी बढ़ाने के लिए आर्थिक मदद दे रही है। कामधेनु योजना के तहत डेयरी खोलने पर लाखों रुपये की सब्सिडी मिल सकती है। जानिए इस योजना का लाभ लेने के लिए किन शर्तों को पूरा करना होगा।

Advertisement

In Short

  • डेयरी खोलने पर सरकार दे रही 33 फीसदी तक सब्सिडी
  • 200 पशुओं तक की डेयरी खोलने के लिए मिलेगा योजना का लाभ
  • सब्सिडी के साथ बैंक से लोन लेने की भी सुविधा

मध्य प्रदेश में पशुपालन करने वाले किसानों और पशुपालकों के लिए कमाई बढ़ाने का अच्छा मौका है। राज्य सरकार की ओर से डॉ. भीमराव अम्बेडकर कामधेनु योजना चलाई जा रही है। इसके तहत पशुपालक 25 गाय या भैंस की डेयरी खोलकर दूध का कारोबार शुरू कर सकते हैं। सरकार डेयरी खोलने की कुल लागत पर 33 फीसदी तक सब्सिडी दे रही है। हालांकि, योजना का लाभ लेने के लिए पशुपालकों को कुछ जरूरी शर्तें पूरी करनी होंगी।

advertisement

डेयरी खोलने पर कितनी मिलेगी सब्सिडी?

कामधेनु योजना के तहत पशुओं की श्रेणी के हिसाब से डेयरी इकाई की लागत और सब्सिडी की रकम तय की गई है। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (SC/ST) वर्ग के पशुपालकों को 33 फीसदी, जबकि अन्य वर्गों को 25 फीसदी सब्सिडी मिलेगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर

200 पशुओं तक की डेयरी खोलने का मौका

इस योजना के तहत एक डेयरी इकाई में 25 दुधारू पशु रखे जा सकते हैं। एक पशुपालक अधिकतम आठ इकाइयां स्थापित कर सकता है। यानी वह 200 पशुओं तक की डेयरी खोलने के लिए योजना का लाभ ले सकता है। हालांकि, एक ही इकाई में देसी गाय, संकर गाय और भैंस को मिलाकर रखने की अनुमति नहीं है।

कौन उठा सकता है योजना का लाभ?

कामधेनु योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का मध्य प्रदेश का निवासी होना जरूरी है। उसकी उम्र 21 साल से अधिक होनी चाहिए। इसके अलावा डेयरी फार्मिंग का प्रशिक्षण लेना भी अनिवार्य है। 25 पशुओं की डेयरी खोलने के लिए आवेदक के पास कम से कम 3.50 एकड़ कृषि भूमि होनी चाहिए।

किन नस्लों के पशुओं पर मिलेगी सब्सिडी?

योजना के तहत देसी गायों में गिर, साहीवाल, थारपारकर और रेड सिंधी नस्ल को शामिल किया गया है। वहीं, संकर गायों में एचएफ और जर्सी के अलावा भैंसों में मुर्रा, सूरती, मेहसाना, भदावरी और जाफराबादी नस्ल के पशु खरीदने पर योजना का लाभ मिलेगा।

सब्सिडी के साथ मिलेगा बैंक लोन

सरकार सब्सिडी की रकम शुरुआत में सीधे नकद नहीं देगी। बैंक से लोन मिलने और विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद अनुदान का लाभ मिलेगा। योजना के तहत लोन की अवधि सात साल होगी और छह महीने तक किस्तों के भुगतान से राहत का प्रावधान है। पहली बार लोन की रकम मिलने के बाद तीन साल का लॉक-इन पीरियड भी लागू होगा।

कामधेनु योजना में कैसे करें आवेदन?

  • सबसे पहले कामधेनु योजना के आधिकारिक पोर्टल पर जाएं।

  • साइन अप करके आधार के जरिए रजिस्ट्रेशन करें।

    advertisement
  • आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारी भरें।

  • जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।

  • इसके बाद अपना आवेदन जमा कर दें।