Iran Travel Advisory: भारतीयों के लिए बड़ा अलर्ट! जरूरी न हो तो ईरान जाने से बचें
अगर आप ईरान जाने की योजना बना रहे हैं, तो पहले यह अपडेट जरूर पढ़ लें। इंडियन एम्बेसी ने नई ट्रैवल एडवाइजरी जारी कर भारतीयों को बिना जरूरी काम के ईरान न जाने की सलाह दी है। जानें इंडियन एम्बेसी ने एडवाइजरी में क्या सलाह दी है। पढ़ें पूरी खबर।

In Short
- इंडियन एम्बेसी ने बिना जरूरी काम के ईरान न जाने की सलाह दी।
- ईरान में मौजूद भारतीयों से सतर्क रहने और Registration कराने की अपील।
- इंडियन एम्बेसी का कहना है कि हालात बेहतर हुए हैं, लेकिन अभी भी पूरी तरह सामान्य नहीं हैं।
Iran Travel Advisory: अगर आप ईरान जाने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। इंडियन एम्बेसी ने भारतीय नागरिकों के लिए नई ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है।
इंडियन एम्बेसी ने क्या नई सलाह दी?
इंडियन एम्बेसी ने कहा है कि हालात पहले के मुकाबले बेहतर हुए हैं, लेकिन अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हैं। इसलिए अगले आदेश तक भारतीय नागरिकों को बिना जरूरी काम के ईरान की यात्रा नहीं करने की सलाह दी गई है। साथ ही, इंडियन एम्बेसी ने कहा है कि वह वहां के हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।
ईरान में रह रहे भारतीय क्या करें?
इसके साथ ही इंडियन एम्बेसी ने ईरान में रह रहे भारतीय लोगों को हर समय सतर्क रहने को कहा है। इंडियन एम्बेसी ने सलाह दी है कि स्थानीय प्रशासन के सभी निर्देशों का पालन करें और सिर्फ भरोसेमंद खबरों पर ही विश्वास करें। अगर किसी जरूरी काम से बाहर जाना पड़े, तो पूरी सावधानी बरतें।
रजिस्ट्रेशन जरूर कराएं
इंडियन एम्बेसी ने ईरान में रह रहे और वहां पहुंचने वाले सभी भारतीयों से जल्द से जल्द अपना रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की है। साथ ही ऑफिशियल वेबसाइट और सोशल मीडिया पर जारी होने वाले नए अपडेट और एडवाइजरी पर लगातार नजर रखने को भी कहा है।
जरूरत पड़ने पर कैसे मिलेगी मदद?
अगर ईरान में किसी भारतीय को कोई परेशानी होती है, तो वह इंडियन एम्बेसी के इमरजेंसी नंबर या ईमेल पर संपर्क कर सकता है। इंडियन एम्बेसी ने कहा है कि किसी भी दिक्कत में बिना देर किए मदद के लिए संपर्क करें।
आखिर एडवाइजरी क्यों जारी की गई?
यह ट्रैवल एडवाइजरी ऐसे समय में जारी की गई है, जब पश्चिम एशिया में हालात बेहतर बनाने की कोशिशें चल रही हैं। अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में कुछ सकारात्मक प्रगति हुई है, लेकिन स्थिति अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हुई है।
इसी वजह से इंडियन एम्बेसी ने भारतीय नागरिकों को फिलहाल सतर्क रहने और बिना जरूरी काम के ईरान की यात्रा नहीं करने की सलाह दी है।

