'ईरान की यात्रा से बचें, वहां मौजूद लोग तुरंत निकलें', भारत सरकार ने जारी किया अलर्ट
ईरान में लगातार बढ़ते हमलों और बिगड़ती सुरक्षा स्थिति के बीच भारत ने अपने नागरिकों के लिए सख्त चेतावनी जारी की है। किन इलाकों से दूर रहने को कहा गया है, वहां मौजूद भारतीय कैसे निकलें और दूतावास ने क्या जरूरी निर्देश दिए हैं, जानने के लिए पूरी खबर पढ़ें।

In Short
- भारतीय दूतावास ने नागरिकों को फिलहाल ईरान की यात्रा टालने की सलाह दी है।
- ईरान में मौजूद भारतीयों से उपलब्ध कमर्शियल फ्लाइट्स के जरिए देश छोड़ने को कहा गया है।
- नागरिकों को सैन्य इलाकों और दक्षिणी तटीय क्षेत्रों से दूर रहने और दूतावास में रजिस्ट्रेशन कराने की सलाह दी गई है।
Iran Travel Advisory: अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध के हिंसक रूप लेने के बाद भारत सरकार ने भारतीय नागरिकों के लिए नई ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने लोगों से फिलहाल ईरान की यात्रा न करने को कहा है। साथ ही, ईरान में मौजूद भारतीयों को उपलब्ध कमर्शियल फ्लाइट्स के जरिए जल्द से जल्द देश छोड़ने की सलाह दी गई है।
फिलहाल ईरान न जाने की सलाह
भारतीय दूतावास ने कहा है कि पिछले कुछ दिनों में ईरान के भीतर हिंसा और अस्थिरता तेजी से बढ़ी है। इससे वहां की सुरक्षा स्थिति बेहद चिंताजनक हो गई है।
दूतावास के मुताबिक, किसी भी काम से ईरान जाने की योजना बना रहे भारतीय नागरिक मौजूदा हालात में अपनी यात्रा स्थगित कर दें। लोगों को सुरक्षा स्थिति में सुधार होने तक ईरान न जाने की सलाह दी गई है।
ईरान में मौजूद भारतीय क्या करें?
एडवाइजरी में ईरान के भीतर रह रहे भारतीय नागरिकों से उपलब्ध कमर्शियल फ्लाइट्स का इस्तेमाल करते हुए अस्थायी रूप से देश से बाहर निकलने पर विचार करने को कहा गया है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: Air India और Air India Express को लेकर है कन्फ्यूजन? जानें दोनों में क्या अंतर है
जो भारतीय किसी वजह से फिलहाल ईरान में ही रुकना चाहते हैं, उन्हें बहुत ज्यादा सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। उनसे लगातार ताजा खबरों पर नजर रखने और सैन्य गतिविधियों वाले इलाकों से पूरी तरह दूर रहने को कहा गया है।
दक्षिणी तटीय इलाकों से दूर रहें
भारतीय दूतावास ने खासतौर पर ईरान के दक्षिणी तट के आसपास के क्षेत्रों से दूर रहने की चेतावनी दी है। इन इलाकों में अमेरिकी बमबारी तेज होने की बात कही गई है।
जिन भारतीय नागरिकों ने अभी तक तेहरान स्थित भारतीय दूतावास में अपना रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, उन्हें तुरंत पंजीकरण कराने को कहा गया है। नागरिकों को दूतावास की वेबसाइट और उसके सोशल मीडिया हैंडल पर जारी होने वाली जानकारी पर नजर रखने की भी सलाह दी गई है।
लगातार आठवीं रात हुए हवाई हमले
जॉर्डन में दो अमेरिकी सैनिकों की मौत के बाद अमेरिका ने शनिवार और रविवार की रात ईरान पर लगातार आठवीं रात हवाई हमले किए। अमेरिकी सेंट्रल कमान यानी CENTCOM के मुताबिक, इन हमलों में होर्मुज के पास स्थित ईरान की तटीय निगरानी और हवाई रक्षा प्रणालियों को नष्ट कर दिया गया।
ईरान ने भी किया पलटवार
अमेरिकी हमलों के जवाब में ईरान ने कुवैत में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए। जॉर्डन और बहरीन में भी ईरानी मिसाइलें गिरने के बाद तनाव बढ़ गया है।
इजरायली सेना ने कहा है कि ईरान की ओर से दागी गई कई मिसाइलों को जॉर्डन के अकाबा शहर की तरफ बढ़ते हुए देखा गया। लगातार बढ़ते हमलों के बीच भारतीय दूतावास ने नागरिकों से एडवाइजरी का पालन करने और सतर्क रहने को कहा है।

