एक अपडेट और 10% उछला ये सिगरेट स्टॉक! शेयर प्राइस अभी भी ₹25 से कम
कंपनी ने अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि वह अपने बैंकिंग ऑपरेशंस को सामान्य करने, SEBI के सामने चल रही कार्रवाई में पूरा सहयोग देने और कारोबार को मजबूत बनाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। चेक करें डिटेल

Stock in Focus: सोमवार को शेयर बाजार में जारी गिरावट के बीच सिगरेट और तंबाकू प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनी, एलीटकॉन इंटरनेशनल लिमिटेड (Elitecon International Ltd) का शेयर करीब 10% चढ़कर ट्रेड कर रहा है। इस तेजी के पीछे कंपनी की ओर से दी गई एक बड़ी जानकारी है।
कंपनी ने अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि वह अपने बैंकिंग ऑपरेशंस को सामान्य करने, SEBI के सामने चल रही कार्रवाई में पूरा सहयोग देने और कारोबार को मजबूत बनाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। 30 मार्च 2026 को SEBI ने कंपनी, उसके प्रमोटर और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ अंतरिम आदेश जारी किया था, जिसके तहत उनके बैंक खातों से पैसे निकालने पर कुछ शर्तों के साथ रोक लगाई गई थी।
कंपनी का कहना है कि SEBI की टिप्पणियां अभी शुरुआती (Prima Facie) हैं, जांच अभी जारी है और कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। कंपनी ने आरोपों का विरोध किया है और नियामकीय प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष रख रही है। कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को जरूरी जानकारी दी, जांच में हिस्सा लिया और 25 जून 2026 को SEBI के सामने अपना शुरुआती जवाब दाखिल किया। अब कंपनी तय समयसीमा के भीतर SEBI को विस्तृत जवाब भी सौंपेगी और जांच में पूरा सहयोग जारी रखेगी।
कंपनी ने अपने फाइलिंग में बताया कि SEBI की पाबंदियों की वजह से जून 2026 तिमाही के दौरान EIL के बैंकिंग ऑपरेशंस प्रभावित हुए, जिससे कंपनी को रोजमर्रा के कारोबार, भुगतान करने और जरूरी व्यावसायिक जिम्मेदारियां निभाने में दिक्कत आई। इस समस्या को देखते हुए कंपनी ने 10 जुलाई 2026 को SEBI से राहत देने की मांग की।
इसके बाद 16 जुलाई को SEBI ने कंपनी को बताया कि उसने संबंधित बैंकों को जरूरी स्पष्टीकरण (क्लैरिफिकेशन) भेज दिया है। कंपनी को कोटक महिंद्रा बैंक से खाते पर लगी रोक हटाने की सूचना भी मिल गई है, जबकि बाकी बैंकों से भी इसी प्रक्रिया को लागू कराने के लिए बातचीत जारी है। हालांकि, कंपनी को अभी तक SEBI से क्लैरिफिकेशन की आधिकारिक कॉपी नहीं मिली है। कॉपी मिलने के बाद कंपनी उसके दायरे और प्रभाव की पूरी जानकारी शेयर बाजार और निवेशकों के साथ साझा करेगी।
कंपनी ने SEBI का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस फैसले से कर्मचारियों, ग्राहकों, सप्लायर्स और अन्य हितधारकों के प्रति अपनी वैध जिम्मेदारियां निभाने में मदद मिलेगी। कंपनी ने भरोसा दिलाया कि वह जांच में पूरा सहयोग करती रहेगी और कानूनी प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष भी रखेगी। फिलहाल कंपनी का फोकस बैंकिंग और कारोबार को सामान्य करना, सप्लायर्स और ग्राहकों का भरोसा वापस जीतना, कर्मचारियों का सहयोग करना, कॉरपोरेट गवर्नेंस और अनुपालन (Compliance) को मजबूत बनाना और FY26 के वित्तीय नतीजों की प्रक्रिया पूरी करना है।
कंपनी ने कहा कि जून तिमाही का प्रदर्शन बैंकिंग प्रतिबंधों से पैदा हुई असाधारण परिस्थितियों में देखा जाना चाहिए और इसे कंपनी की वास्तविक क्षमता का पैमाना नहीं माना जाना चाहिए। GST समेत अन्य कानूनी मामलों में भी कंपनी विशेषज्ञ सलाहकारों और वकीलों की मदद से अपना पक्ष रख रही है। आगे कंपनी बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह सामान्य होने के बाद नई भर्ती करने और नए बिजनेस अवसरों पर भी जिम्मेदारी के साथ काम करने की योजना बना रही है। साथ ही, कंपनी ने भरोसा दिलाया कि वह पारदर्शिता बनाए रखेगी और सभी महत्वपूर्ण जानकारियां समय-समय पर शेयर बाजार को देती रहेगी।
Elitecon International Share Price
कंपनी का शेयर आज बीएसई पर सुबह 10:18 बजे तक 7.72% या 1.38 रुपये की तेजी के साथ 19.25 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।

