Post Office की ये स्कीम बना सकती है करोड़पति, जानिए क्या है निवेश का तरीका
पोस्ट ऑफिस की PPF स्कीम में हर महीने ₹12,500 जमा करके 25 साल में ₹1 करोड़ से ज्यादा का फंड बनाया जा सकता है। यहां जानिए पैसा कैसे बढ़ेगा, कितना ब्याज मिलेगा और टैक्स में क्या फायदा होगा।

In Short
- PPF स्कीम पर फिलहाल सालाना 7.1% ब्याज मिल रहा है।
- हर महीने ₹12,500 जमा करने पर 15 साल में करीब ₹40.68 लाख बन सकते हैं।
- खाते को 25 साल तक चलाने पर कुल फंड ₹1.03 करोड़ से ज्यादा हो सकता है।
Post Office Scheme: कमाई का कुछ हिस्सा हर महीने बचाकर बड़ा फंड बनाना चाहते हैं तो पोस्ट ऑफिस की पब्लिक प्रोविडेंट फंड यानी PPF स्कीम आपके काम आ सकती है। यह सरकार की छोटी बचत योजनाओं में शामिल है। इसमें पैसा जमा करने पर ब्याज मिलता है और टैक्स बचाने का मौका भी मिलता है।
PPF की खास बात यह है कि खाते का समय पूरा होने पर मिलने वाली रकम भी टैक्स फ्री रहती है। लंबे समय तक सही तरीके से पैसा जमा किया जाए तो इस स्कीम से ₹1 करोड़ से ज्यादा का फंड भी बनाया जा सकता है।
आपके पैसे पर मिलेगा 7.1% ब्याज
PPF स्कीम में फिलहाल सालाना 7.1% ब्याज दिया जा रहा है। पोस्ट ऑफिस की इस योजना में पैसा जमा करने पर सरकार का भरोसा जुड़ा होता है। इसी वजह से लोग इसे लंबे समय की बचत के लिए चुनते हैं।
इस स्कीम में ब्याज पर भी ब्याज मिलता है। हर साल आपकी जमा रकम और पहले मिले ब्याज को जोड़कर आगे का ब्याज निकाला जाता है। इससे समय के साथ पैसा तेजी से बढ़ने लगता है।
5 तारीख से पहले क्यों जमा करें पैसा?
PPF खाते में हर महीने मिलने वाले ब्याज का हिसाब 5 तारीख से लेकर महीने के आखिरी दिन के बीच खाते में मौजूद रकम के आधार पर लगाया जाता है।
ये खबर पढ़ना न भूलें: AC का बिल हो सकता है कम, जानें 1.5 टन AC के लिए कौन-सा सोलर सिस्टम रहेगा सही
इसलिए महीने की पहली तारीख से 5 तारीख के बीच पैसा जमा करना फायदेमंद हो सकता है। ऐसा करने से आपको उस महीने के ब्याज का फायदा भी मिल सकता है। हर महीने निवेश करने वाले लोग शुरुआत में ही पैसा जमा कर सकते हैं।
निवेश के साथ टैक्स भी बचेगा
PPF स्कीम में तीन तरह से टैक्स का फायदा मिलता है। पुरानी टैक्स व्यवस्था चुनने वाले लोग PPF में जमा रकम पर इनकम टैक्स की धारा 80C के तहत सालाना ₹1.5 लाख तक की छूट पा सकते हैं।
इसके अलावा जमा पैसे पर मिलने वाले ब्याज पर भी टैक्स नहीं लगता। खाते का समय पूरा होने के बाद मिलने वाली पूरी रकम भी टैक्स फ्री रहती है।
15 साल बाद भी चला सकते हैं खाता
PPF खाता 15 साल के लिए खोला जाता है। इसके बाद इसे 5-5 साल के लिए आगे बढ़ाया जा सकता है। इसमें एक साल में ज्यादा से ज्यादा ₹1.5 लाख जमा किए जा सकते हैं। यह रकम हर महीने के हिसाब से करीब ₹12,500 बैठती है।
ऐसे बनेगा ₹1 करोड़ से ज्यादा का फंड
हर महीने ₹12,500 जमा करने पर सालभर में ₹1.5 लाख का निवेश होगा। 15 साल में आपकी जमा रकम ₹22.50 लाख होगी। इसमें ₹18,18,209 का ब्याज जुड़ने पर कुल फंड ₹40,68,209 हो सकता है।
खाते को पांच साल और चलाने पर यह रकम ₹66,58,288 तक पहुंच सकती है। इसके बाद खाता अगले पांच साल के लिए भी बढ़ाया जाए तो 25 साल में कुल जमा रकम ₹37.50 लाख होगी। इस पर करीब ₹65,58,015 का ब्याज मिल सकता है। इस तरह आपका कुल फंड बढ़कर ₹1,03,08,015 हो सकता है।

