
अमेरिका से इस साल वापस भेजे गए 1,700 भारतीय, विदेश मंत्रालय ने दिया बड़ा बयान
अमेरिका से भारतीय नागरिकों को वापस भेजे जाने के मामले में विदेश मंत्रालय ने अहम जानकारी साझा की है। इसके साथ ही भारत ने अवैध इमिग्रेशन, चीन के साथ सीमा विवाद और बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर अपना रुख साफ किया है। जानें इन मुद्दों पर क्या बोला भारत।

In Short
- इस साल अमेरिका से वापस भेजे गए 1,700 भारतीय नागरिक।
- नागरिकता की जांच के बाद ही भारत देता है वापसी की मंजूरी।
- चीन के साथ सीमा विवाद और बांग्लादेश में हिंसा पर विदेश मंत्रालय ने रखा अपना पक्ष।
विदेश मंत्रालय ने अमेरिका से भारतीय नागरिकों को वापस भेजे जाने समेत कई अहम अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भारत का रुख साफ किया है। नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अमेरिका के साथ इमिग्रेशन, चीन के साथ सीमा विवाद और बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर जानकारी दी। इसके अलावा उन्होंने पासपोर्ट से जुड़े एक मामले पर भी सरकार का पक्ष रखा। आइए जानते हैं कि इन सभी मुद्दों पर विदेश मंत्रालय ने क्या कहा है।
अमेरिका से वापस भेजे गए 1,700 भारतीय
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि इस साल की शुरुआत से अब तक अमेरिका से 1,700 भारतीय नागरिकों को वापस भेजा गया है। उन्होंने कहा कि भारत अवैध इमिग्रेशन के सख्त खिलाफ है। इस तरह के मामलों में भारत और अमेरिका लगातार एक-दूसरे का सहयोग कर रहे हैं।
नागरिकता की जांच के बाद होती है वापसी
जायसवाल ने बताया कि जब भी अमेरिका से किसी व्यक्ति को वापस भेजने की जानकारी मिलती है, तो भारत पहले उसकी नागरिकता की जांच करता है। जांच में भारतीय नागरिक होने की पुष्टि के बाद ही भारत उसे वापस लेने पर सहमति देता है। दोनों देशों के बीच इमिग्रेशन और लोगों की आवाजाही से जुड़े मामलों पर लगातार सहयोग जारी है।

चीन के साथ सीमा विवाद पर जारी है बातचीत
भारत और चीन के रिश्तों को लेकर जायसवाल ने कहा कि दोनों देशों के बीच डिप्लोमैटिक और सैन्य स्तर पर नियमित बातचीत हो रही है। हाल ही में ईस्टर्न सेक्टर में दोनों देशों के शीर्ष सैन्य कमांडरों की बैठक हुई थी। इसमें बॉर्डर मैनेजमेंट को बेहतर बनाने और वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) से जुड़े बाकी मुद्दों को सुलझाने पर चर्चा हुई। इन बैठकों का मकसद सीमा पर शांति बनाए रखना और तनाव बढ़ने से रोकना है।
बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हिंसा से भारत चिंतित
विदेश मंत्रालय ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की घटनाओं पर चिंता जताई है। जायसवाल ने बांग्लादेश सरकार से इन घटनाओं की पूरी जांच करने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की अपील की है।
शेख हसीना को लेकर क्या बोला भारत?
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को वापस सौंपने की मांग पर जायसवाल ने कहा कि तय प्रक्रिया के तहत इस अनुरोध की जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी नागरिक का ट्रैवल डॉक्यूमेंट के जरिए अपनी मर्जी से अपने देश लौटना, प्रत्यर्पण की मांग से अलग मामला है।
सौरव दास को जवाब देने के लिए सात दिन का समय
सीजेपी के सौरव दास को जारी कारण बताओ नोटिस पर जायसवाल ने कहा कि पासपोर्ट के लिए आवेदन करते समय सही जानकारी देना जरूरी है। संबंधित जांच एजेंसियों से मिली रिपोर्ट के आधार पर चेन्नई के रीजनल पासपोर्ट ऑफिस ने दास को उनके जन्मस्थान के संबंध में सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा है। साथ ही जवाब देने तक उन्हें पासपोर्ट का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी गई है।


