scorecardresearch

गेम चेंजर मानी जा रही CNG बाइक से क्यों दूर हो रहे ग्राहक? बजाज फ्रीडम 125 की बिक्री में भारी गिरावट

बजाज ऑटो ने दुनिया की पहली CNG बाइक फ्रीडम 125 को बड़ी उम्मीदों के साथ बाजार में उतारा था। कंपनी को भरोसा था कि यह बाइक टू-व्हीलर मार्केट की तस्वीर बदल देगी। हालांकि, अब बिक्री के आंकड़े चौंका रहे हैं। आखिर क्यों ग्राहक इस बाइक को खरीदने से कतरा रहे हैं?

Advertisement

In Short

  • जनवरी से अक्टूबर 2026 के बीच CNG बाइक की बिक्री में 61.9 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई।
  • महंगी CNG और फ्यूल स्टेशनों पर लंबी कतारें बन रही बड़ी चुनौती।
  • इलेक्ट्रिक और फ्लेक्स फ्यूल टू-व्हीलर्स से CNG बाइक को मिल रही चुनौती।

बजाज ऑटो ने जुलाई 2024 में दुनिया की पहली सीएनजी बाइक फ्रीडम 125 लॉन्च की थी। उस समय कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर राजीव बजाज ने इसे गेम चेंजर प्रोडक्ट बताया था। कंपनी को उम्मीद थी कि सीएनजी कारों और ऑटोरिक्शा की तरह बाइक सेगमेंट में भी इसे शानदार सफलता मिलेगी। हालांकि, बिक्री के आंकड़े कुछ और ही कहानी बता रहे हैं। महंगी सीएनजी, ईंधन भरवाने में परेशानी और उम्मीद से कम बचत के चलते ग्राहक इससे दूरी बना रहे हैं।

advertisement

बिक्री में करीब 62 फीसदी की गिरावट

वाहन रजिस्ट्रेशन के आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी से अक्टूबर 2026 के बीच बजाज की सीएनजी बाइक की बिक्री सालाना आधार पर 61.9 फीसदी घटकर 14,435 यूनिट रह गई। पिछले साल इसी अवधि में कंपनी ने 37,873 बाइक बेची थीं। इस साल हर महीने बिक्री में गिरावट दर्ज की गई। अक्टूबर में सबसे ज्यादा 69.3 फीसदी की गिरावट देखने को मिली।

कीमत बन रही बड़ी चुनौती

बजाज फ्रीडम 125 के बेस मॉडल की एक्स-शोरूम कीमत करीब 1.04 लाख रुपये है, जबकि टॉप मॉडल की कीमत 1.19 लाख रुपये है। वहीं, हीरो स्प्लेंडर जैसी पेट्रोल बाइक करीब 75 हजार रुपये में मिल जाती है।

क्रिसिल इंटेलिजेंस के डायरेक्टर हेमल ठक्कर के मुताबिक, पेट्रोल बाइक पहले से ही अच्छा माइलेज देती हैं। ऐसे में CNG बाइक खरीदने के लिए अतिरिक्त रकम खर्च करना ग्राहकों को ज्यादा फायदेमंद नहीं लग रहा है।

महंगी CNG और लंबी कतारों से परेशानी

दिल्ली में सीएनजी की कीमत करीब 87 रुपये प्रति किलो है, जबकि पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। इसके अलावा बजाज की सीएनजी बाइक में सिर्फ दो किलो का सिलेंडर है। इतनी कम सीएनजी भरवाने के लिए ग्राहकों को लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ता है। सीएनजी स्टेशनों पर बाइक, कार और कमर्शियल गाड़ियों के लिए अलग-अलग डिस्पेंसिंग पॉइंट नहीं होने से परेशानी और बढ़ जाती है।

इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स की बढ़ रही लोकप्रियता

अक्टूबर 2025 में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स की बाजार हिस्सेदारी 5 फीसदी थी, जो अक्टूबर 2026 में बढ़कर 10 फीसदी हो गई। हालांकि, इसमें इलेक्ट्रिक स्कूटरों का सबसे बड़ा योगदान है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, सीएनजी स्कूटर में सिलेंडर लगाने से सामान रखने की जगह कम हो सकती है। वहीं, इलेक्ट्रिक स्कूटर इस्तेमाल के कुल खर्च के मामले में ज्यादा फायदेमंद साबित हो सकते हैं।

फ्लेक्स फ्यूल से भी मिल रही चुनौती

सीएनजी बाइक को फ्लेक्स फ्यूल वाली मोटरसाइकिलों से भी चुनौती मिल सकती है। हीरो मोटोकॉर्प ने नवंबर के शुरुआती 24 दिनों में 6,000 से ज्यादा फ्लेक्स फ्यूल बाइक बेची हैं। हालांकि, एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस टेक्नोलॉजी की सफलता पर अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। वहीं, बजाज ऑटो पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि उसकी फ्रीडम 125 को बंद करने की कोई योजना नहीं है।

advertisement