scorecardresearch

महंगाई ने बिगाड़ा गांवों का बजट! खाने-पीने की चीजें 9% से ज्यादा महंगी, शहरों से क्यों बढ़ी परेशानी?

देश में महंगाई की मार अब शहरों से ज्यादा गांवों में देखने को मिल रही है। खाने-पीने की चीजों की बढ़ती कीमतों ने ग्रामीण परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है। प्याज, लहसुन और दूसरी जरूरी चीजें महंगी हुई हैं। जानिए किन राज्यों में सबसे ज्यादा महंगाई है और इसकी वजह क्या है।

Advertisement

In Short

  • अक्टूबर 2026 में गांवों की फूड इंफ्लेशन 9.09% पहुंची, जबकि शहरों में यह 8.68% रही।
  • प्याज की महंगाई 116.22% और लहसुन की 60.74% पहुंची, जिससे रसोई का बजट बिगड़ा।
  • ग्रामीण परिवार अपने कुल खर्च का 47.04% खाने पर खर्च करते हैं, जबकि शहरों में यह हिस्सेदारी 39.68% है।

देश में महंगाई एक बार फिर आम लोगों की जेब पर भारी पड़ रही है। खासकर गांवों में रहने वाले परिवारों के लिए रोजमर्रा का खर्च संभालना मुश्किल होता जा रहा है। खाने-पीने की चीजों से लेकर कपड़े, बिजली और ट्रांसपोर्ट तक कई चीजें महंगी हुई हैं। ऐसे में सवाल है कि गांवों में महंगाई शहरों से ज्यादा क्यों है और किन चीजों ने परिवारों का बजट सबसे ज्यादा बिगाड़ा है?

advertisement

गांवों में खाने-पीने की महंगाई 9% के पार

सांख्यिकी मंत्रालय (MoSPI) के अक्टूबर 2026 के आंकड़ों के मुताबिक, गांवों में फूड इंफ्लेशन 9.09% पहुंच गया, जो सितंबर में 8.06% था। वहीं शहरों में यह 7.18% से बढ़कर 8.68% हो गया। यानी गांवों और शहरों के बीच 0.41 परसेंटेज पॉइंट का अंतर रहा।

देश में रिटेल महंगाई भी बढ़ी

अक्टूबर में देश की रिटेल इंफ्लेशन सितंबर के 5.54% से बढ़कर 6.09% हो गई। वहीं फूड इंफ्लेशन 7.74% से बढ़कर 8.94% पहुंच गई। गांवों में कुल रिटेल महंगाई 6.08% से बढ़कर 6.63% और शहरों में 4.88% से बढ़कर 5.41% हो गई।

प्याज और लहसुन ने बिगाड़ा बजट

अक्टूबर में प्याज की महंगाई 116.22% रही, जो सितंबर में 108.13% थी। लहसुन की महंगाई 54.62% से बढ़कर 60.74% पहुंच गई। अदरक 48.32% और नींबू 47.30% महंगे हुए।

हालांकि आलू की कीमतों में 14.24%, फूलगोभी में 10.57% और नारियल में 5.60% की गिरावट दर्ज हुई। सितंबर में आलू की कीमतों में 11.52% की गिरावट थी। कुल फूड एंड बेवरेजेज इंफ्लेशन 8.51% रही, जिसमें गांवों का आंकड़ा 8.70% और शहरों का 8.19% था।

प्रतीकात्मक तस्वीर

कपड़े, बिजली और ट्रांसपोर्ट भी महंगे

गांवों में कपड़े और फुटवियर की महंगाई 5.61% रही, जबकि शहरों में 3.89% थी। हाउसिंग, पानी, बिजली, गैस और दूसरे फ्यूल की महंगाई गांवों में 3.73% और शहरों में 2.41% रही। ट्रांसपोर्ट इंफ्लेशन गांवों में 5.95% और शहरों में 5.71% दर्ज हुई।

गांवों के परिवारों पर ज्यादा असर क्यों?

HCES 2023-24 के मुताबिक, गांवों में हर ₹100 के कुल खर्च में करीब ₹47 खाने पर खर्च होते हैं, जबकि शहरों में करीब ₹40। कुल खर्च में खाने की हिस्सेदारी गांवों में 47.04% और शहरों में 39.68% है। महीने का औसत प्रति व्यक्ति फूड खर्च क्रमशः ₹1,939 और ₹2,776 है।

जनवरी से अक्टूबर तक कैसे बदली तस्वीर?

जनवरी 2026 में गांवों की फूड इंफ्लेशन 1.96% और शहरों की 2.44% थी। मार्च में यह क्रमशः 3.96% और 3.71% हो गई। इसके बाद गांवों में खाने की महंगाई शहरों से ज्यादा बनी रही।

advertisement

किन राज्यों में सबसे ज्यादा महंगाई?

अक्टूबर में आंध्र प्रदेश में फूड इंफ्लेशन 13.23%, तमिलनाडु में 12.37%, कर्नाटक में 12.16%, तेलंगाना में 11.66% और केरल में 10.92% रही।

खरीदारी पर पड़ सकता है असर

खाने पर ज्यादा खर्च होने से गांवों में कार, घरेलू सामान और दूसरी गैरजरूरी चीजों की खरीदारी प्रभावित हो सकती है। हालांकि असली असर परिवारों की कमाई और मजदूरी बढ़ने पर भी निर्भर करेगा।

ये प्रोविजनल आंकड़े 2024 बेस ईयर वाली नई CPI सीरीज पर आधारित हैं। अक्टूबर में 1,465 गांवों और 1,407 शहरी मार्केट से कीमतें जुटाई गईं, जिनमें ऑनलाइन मार्केट भी शामिल थे। दोनों क्षेत्रों में रिस्पॉन्स रेट 100% रहा।