
अमेजन के 40 सैटेलाइट बर्बाद! रॉकेट फेल होने से एलन मस्क के स्टारलिंक को कितनी बढ़त मिली?
अंतरिक्ष में इंटरनेट नेटवर्क बनाने की रेस में अमेजन को बड़ा झटका लगा है। लॉन्चिंग के महज 10 मिनट बाद रॉकेट फेल होने से कंपनी के 40 सैटेलाइट बर्बाद हो गए। इस हादसे ने एलन मस्क के स्टारलिंक से मुकाबले को मुश्किल बना दिया है। जानिए अमेजन की आगे की रणनीति क्या होगी।

In Short
- लॉन्चिंग के करीब 10 मिनट बाद वल्कन सेंटॉर रॉकेट फेल, अमेजन के 40 ब्रॉडबैंड सैटेलाइट बर्बाद।
- स्टारलिंक के पास 11,100 से ज्यादा एक्टिव सैटेलाइट, जबकि अमेजन लियो के पास करीब 396 सैटेलाइट।
- अमेजन को 30 जुलाई 2029 तक 3,232 जेन 1 सैटेलाइट ऑपरेट करने हैं, रॉकेट की नाकामी से बढ़ी चुनौती।
दुनियाभर में सैटेलाइट के जरिए तेज इंटरनेट पहुंचाने की रेस लगातार तेज हो रही है। इस मुकाबले में अमेजन और एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स आमने-सामने हैं। दोनों कंपनियां अंतरिक्ष में हजारों सैटेलाइट भेजकर अपना नेटवर्क मजबूत करना चाहती हैं। लेकिन इस रेस में अमेजन को बड़ा झटका लगा है। आइए जानते हैं कि आखिर क्या हुआ और इससे अमेजन के इंटरनेट प्रोजेक्ट पर कितना असर पड़ सकता है।
लॉन्चिंग के 10 मिनट बाद रॉकेट फेल
रविवार, 15 नवंबर को अमेजन के 40 ब्रॉडबैंड सैटेलाइट बर्बाद हो गए। यूनाइटेड लॉन्च अलायंस (यूएलए) का वल्कन सेंटॉर रॉकेट लॉन्चिंग के करीब 10 मिनट बाद तकनीकी खराबी का शिकार हो गया।
यूएलए ने बताया कि फ्लोरिडा के स्पेस लॉन्च कॉम्प्लेक्स 41 से उड़ान भरने वाला रॉकेट सैटेलाइट को ऑर्बिट यानी पृथ्वी की कक्षा तक नहीं पहुंचा सका। कंपनी के मुताबिक, खराबी की असली वजह अभी साफ नहीं है।
यूएलए के 20 साल के रिकॉर्ड को झटका
यूएलए की स्थापना 2006 में बोइंग और लॉकहीड मार्टिन ने मिलकर की थी। कंपनी के 20 साल के इतिहास में यह पहला पूरी तरह असफल मिशन है।वल्कन सेंटॉर की यह पांचवीं उड़ान थी। इससे पहले अक्टूबर 2024 और फरवरी 2026 में इसके सॉलिड रॉकेट बूस्टर के नोजल में खराबी आई थी। हालांकि, दोनों बार मिशन सफल रहे थे।फरवरी की घटना के बाद यूएस स्पेस फोर्स ने इसके नेशनल सिक्योरिटी लॉन्च रोक दिए थे।
रॉकेट में सुधार के बाद भी नाकामी
इस लॉन्च से पहले यूएलए ने बूस्टर नोजल अपग्रेड किए थे। साथ ही ब्लू ओरिजिन के बीई-4 इंजन में ऑक्सीजन वाल्व से जुड़ी समस्या को भी ठीक किया गया था।
यह खराबी मई 2026 में न्यू ग्लेन रॉकेट के एक्सप्लोजन से जुड़ी थी।कंपनी की लीडरशिप भी बदली है। दिसंबर 2025 में टोरी ब्रूनो के जाने के बाद अगस्त 2026 में मार्क पेलर सीईओ बने थे।
स्टारलिंक से कितना पीछे है अमेजन?
दोनों कंपनियों के सैटेलाइट नेटवर्क में बड़ा अंतर है।स्पेसएक्स के स्टारलिंक के पास 11,100 से ज्यादा एक्टिव सैटेलाइट हैं, जबकि अमेजन लियो के करीब 396 सैटेलाइट ऑर्बिट में हैं।
स्टारलिंक दुनिया के करीब दो-तिहाई एक्टिव सैटेलाइट ऑपरेट करता है। वह फाल्कन 9 और स्टारशिप जैसे रॉकेट इस्तेमाल करता है। वहीं अमेजन लॉन्चिंग के लिए दूसरी कंपनियों पर निर्भर है।
इंटरनेट स्पीड और टेक्नोलॉजी में अंतर
स्टारलिंक के सैटेलाइट 340 से 570 किलोमीटर की ऊंचाई पर काम करते हैं। इसकी लेटेंसी आमतौर पर 25 से 40 मिलीसेकंड रहती है।अमेजन लियो के सैटेलाइट 590 से 630 किलोमीटर की ऊंचाई पर रहते हैं। इससे कम सैटेलाइट में ज्यादा इलाका कवर किया जा सकता है। दोनों नेटवर्क अंतरिक्ष में डेटा भेजने के लिए लेजर लिंक इस्तेमाल करते हैं।

स्टारलिंक की अमेरिका में मीडियन डाउनलोड स्पीड करीब 120 एमबीपीएस और अपलोड स्पीड 21 एमबीपीएस है। उसके नए वी3 सैटेलाइट का लक्ष्य गीगाबिट स्पीड है।
अमेजन लियो के तीन इंटरनेट प्लान
अमेजन तीन तरह के इंटरनेट डिवाइस लाने की तैयारी में है।
लियो नैनो में 7 इंच की डिश के साथ 100 एमबीपीएस, लियो प्रो में 11 इंच की डिश के साथ 400 एमबीपीएस और लियो अल्ट्रा में 1 जीबीपीएस तक स्पीड देने की योजना है। लियो प्रो की कीमत 400 डॉलर से कम रखी जाएगी।
अमेजन के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती
अमेजन को जुलाई 2026 तक 1,616 सैटेलाइट लॉन्च करने थे, लेकिन रॉकेट लॉन्च में देरी के कारण लक्ष्य पूरा नहीं हुआ।एफसीसी ने जून 2026 में शर्तों के साथ राहत दी थी। अब अमेजन को 30 जुलाई 2029 तक सभी 3,232 जेन 1 सैटेलाइट ऑपरेट करने हैं।
इसके बाद 2032 से 2035 के बीच 4,504 जेन 2 और पोलर सैटेलाइट तैनात करने की योजना है।वल्कन की उड़ानें रुकने और न्यू ग्लेन की परेशानियों से अमेजन की लॉन्चिंग और धीमी पड़ सकती है। ऐसे में स्टारलिंक की बढ़त कम करना कंपनी के लिए बड़ी चुनौती होगी।

