₹90 से कम के इस शेयर में हलचल! कंपनी का मुनाफा 64% उछला, रेवेन्यू में भी जबरदस्त बढ़ोतरी
बासमती चावल एक्सपोर्ट करने वाली कंपनी GRM Overseas के शेयर पर निवेशकों की नजर है। कंपनी ने दूसरी तिमाही में रेवेन्यू और मुनाफे में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की है।

बासमती चावलों को एक्सपोर्ट करने वाली कंपनी, जीआरएम ओवरसीज लिमिटेड (GRM Overseas Ltd) का स्टॉक रडार पर है। दरअसल कंपनी ने सितंबर 2026 में समाप्त दूसरी तिमाही और पहली छमाही के लिए सालाना आधार पर रेवेन्यू और मुनाफे में बढ़ोतरी की जानकारी दी है।
हालांकि दोपहर 12:07 बजे तक कंपनी का शेयर बीएसई पर 0.08% या 0.07 रुपये चढ़कर 89.97 रुपये पर कारोबार कर रहा था वहीं एनएसई पर स्टॉक 0.16% या 0.14 रुपये गिरकर 89.94 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
दूसरी तिमाही में 25% बढ़ा रेवेन्यू
GRM Overseas के वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के नतीजों के मुताबिक, कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 24.89% बढ़कर 452.64 करोड़ रुपये पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 362.43 करोड़ रुपये था। तिमाही आधार पर भी रेवेन्यू में 6.13% की बढ़ोतरी दर्ज हुई। पहली तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 426.51 करोड़ रुपये रहा था।
मुनाफे में कितनी बढ़ोतरी हुई?
कंपनी का कंसोलिडेटेड PAT दूसरी तिमाही में सालाना आधार पर 23.93% बढ़कर 18.29 करोड़ रुपये पहुंच गया। एक साल पहले इसी तिमाही में यह 14.76 करोड़ रुपये था।
हालांकि, तिमाही आधार पर मुनाफे में 13.06% की गिरावट दर्ज हुई। जून तिमाही में कंपनी ने 21.04 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट कमाया था। वहीं, कंपनी का प्रॉफिट बिफोर टैक्स (PBT) सालाना आधार पर 35.48% बढ़कर 25.17 करोड़ रुपये रहा।
स्टैंडअलोन मुनाफे में 64% का उछाल
स्टैंडअलोन आधार पर भी कंपनी ने मजबूत प्रदर्शन किया। दूसरी तिमाही में रेवेन्यू 21.28% बढ़कर 352.74 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछले साल इसी अवधि में 290.86 करोड़ रुपये था।
सबसे बड़ी बढ़ोतरी स्टैंडअलोन मुनाफे में देखने को मिली। कंपनी का नेट प्रॉफिट 63.64% बढ़कर 14.42 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल समान तिमाही में यह 8.81 करोड़ रुपये था।

