scorecardresearch

बिजली की बढ़ती मांग के बीच भारत को झटका! नई उत्पादन क्षमता एक साल के निचले स्तर पर

भारत में बिजली की बढ़ती मांग के बीच नई उत्पादन क्षमता जोड़ने की रफ्तार अचानक धीमी पड़ गई है। ताजा रिपोर्ट में सामने आया है कि सोलर और कोयला आधारित बिजली क्षमता में गिरावट आई है। आखिर इसके पीछे क्या वजह है और किन राज्यों पर सबसे ज्यादा असर पड़ा? जानिए पूरी रिपोर्ट।

Advertisement

In Short

  • भारत की नेट बिजली उत्पादन क्षमता में सालाना आधार पर 37.5% की गिरावट, पांच तिमाहियों के निचले स्तर पर पहुंची।
  • सोलर क्षमता बढ़ने की रफ्तार 25.2% घटी, जबकि विंड एनर्जी में 30.4% की बढ़ोतरी दर्ज हुई।
  • महाराष्ट्र में नई क्षमता जोड़ने की रफ्तार 77% और तमिलनाडु में 56% घटी, कर्नाटक में 48% की बढ़ोतरी।

भारत में बिजली की मांग लगातार ऊंची बनी हुई है, लेकिन नई बिजली उत्पादन क्षमता जोड़ने की रफ्तार धीमी पड़ गई है। कमजोर मानसून और बिजली की ज्यादा मांग के चलते थर्मल पावर प्लांट्स को अधिक कोयला जलाना पड़ा। वहीं, जुलाई से सितंबर 2026 के दौरान देश में नई बिजली उत्पादन क्षमता में बढ़ोतरी पिछले एक साल के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई।

advertisement

इंस्टीट्यूट फॉर एनर्जी इकोनॉमिक्स एंड फाइनेंशियल एनालिसिस (IEEFA) के मुताबिक, तीसरी तिमाही में भारत ने कुल 10,038 मेगावाट (MW) की नेट बिजली उत्पादन क्षमता जोड़ी। यह पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले 37.5% कम है।

पांच तिमाहियों के सबसे निचले स्तर पर पहुंची क्षमता

रिपोर्ट के मुताबिक, अप्रैल-जून 2026 की दूसरी तिमाही में देश में 16,119 मेगावाट की नेट बिजली उत्पादन क्षमता जोड़ी गई थी। इसके मुकाबले जुलाई-सितंबर तिमाही में 37.7% की गिरावट आई।

यह पिछले पांच तिमाहियों का सबसे निचला स्तर है। इसकी बड़ी वजह सोलर और कोयला आधारित बिजली उत्पादन क्षमता में धीमी बढ़ोतरी और गैस व डीजल आधारित क्षमता का बंद होना रहा।

गैस और डीजल पावर प्लांट्स की क्षमता घटी

तीसरी तिमाही में 978 मेगावाट गैस आधारित और 301 मेगावाट डीजल आधारित बिजली उत्पादन क्षमता बंद हुई।

गैस आधारित बिजली उत्पादन में गिरावट की वजह LNG की ऊंची और अस्थिर कीमतें, घरेलू गैस की सीमित उपलब्धता और सस्ते कोयले व रिन्यूएबल एनर्जी से बढ़ती प्रतिस्पर्धा है।

पश्चिम एशिया संकट ने आयातित ईंधन पर निर्भरता के जोखिम भी बढ़ाए हैं। इस तिमाही में कुल 2,089 मेगावाट क्षमता बंद हुई, जिसमें गैस और डीजल की हिस्सेदारी करीब 61% रही।

प्रतीकात्मक तस्वीर

सोलर की रफ्तार घटी, विंड एनर्जी में बढ़ोतरी

सोलर एनर्जी नई क्षमता जोड़ने में सबसे आगे रही। तीसरी तिमाही में 8,899 मेगावाट सोलर क्षमता जुड़ी, जो पिछली तिमाही के 11,891 मेगावाट से 25.2% कम है।

वहीं, विंड एनर्जी की क्षमता 30.4% बढ़कर 1,758 मेगावाट पहुंच गई। तिमाही आधार पर बढ़ोतरी दर्ज करने वाला यह इकलौता बिजली उत्पादन स्रोत रहा।

महाराष्ट्र और तमिलनाडु में बड़ी गिरावट

आठ बड़े राज्यों में से सात में नई क्षमता जोड़ने की रफ्तार घटी। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 77% और तमिलनाडु में 56% की गिरावट आई।

तमिलनाडु में मार्च 2026 से नए सोलर और विंड प्रोजेक्ट्स के आवेदन नहीं लिए जाने की खबरें भी सामने आई हैं। वहीं, कर्नाटक में क्षमता बढ़ोतरी 48% रही।

रिन्यूएबल एनर्जी के सामने क्या चुनौती?

advertisement

सितंबर 2026 में करीब 378 मिलियन यूनिट रिन्यूएबल बिजली का उत्पादन सीमित करना पड़ा। इसमें 314 मिलियन यूनिट सोलर और 64 मिलियन यूनिट विंड एनर्जी शामिल थी।

गुजरात में सबसे ज्यादा 187.76 मिलियन यूनिट और राजस्थान में 110 मिलियन यूनिट बिजली की कटौती हुई। इसकी प्रमुख वजह ट्रांसमिशन की दिक्कतें, बैटरी स्टोरेज की कमी और ग्रिड में पर्याप्त लचीलापन नहीं होना है।

हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक तिमाही गिरावट का मतलब रिन्यूएबल एनर्जी की रफ्तार पूरी तरह थमना नहीं है। उत्तर प्रदेश की स्थापित रिन्यूएबल क्षमता 10 गीगावाट पार कर गई है। वहीं, आंध्र प्रदेश में सालाना नई क्षमता 1,085 मेगावाट से बढ़कर 3,866 मेगावाट पहुंच गई।