scorecardresearch

AI से खत्म होंगी फ्रेशर्स की नौकरियां? Cognizant ने बताया अपना हायरिंग प्लान

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते इस्तेमाल से आईटी सेक्टर में फ्रेशर्स की नौकरियों पर खतरे की चर्चा तेज हो गई है। कंपनियों में कई काम अब एआई संभाल रही है। इस बीच कॉग्निजेंट ने हायरिंग को लेकर अलग रणनीति अपनाई है। जानिए कंपनी का प्लान क्या है और युवाओं को कौन सी स्किल्स सीखनी होंगी।

Advertisement

In Short

  • भारत की बड़ी कंपनियों में एंट्री-लेवल के 37% टास्क एआई कर रही है, जबकि ग्लोबल औसत 33% है।
  • कॉग्निजेंट ने 2026 में करीब 24,000 से 25,000 फ्रेशर्स को हायर करने का प्लान बनाया है।
  • 94% एचआर लीडर्स का मानना है कि एआई से भविष्य में नई एंट्री-लेवल नौकरियां पैदा होंगी।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई के बढ़ते इस्तेमाल से नौकरी की दुनिया तेजी से बदल रही है। खासकर आईटी सेक्टर में करियर शुरू करने वाले युवाओं के सामने नए सवाल खड़े हो रहे हैं। कंपनियां अब काम करने के तरीके बदल रही हैं और कर्मचारियों से नई स्किल्स की उम्मीद कर रही हैं। ऐसे में फ्रेशर्स के लिए कितने मौके बचेंगे और कंपनियां किस तरह की तैयारी कर रही हैं? आइए समझते हैं।

advertisement

एआई कर रही 37% काम

कॉग्निजेंट और पियर्सन की जून 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत की कंपनियों में एंट्री-लेवल के 37% टास्क एआई कर रही है। ग्लोबल स्तर पर यह आंकड़ा 33% है। वहीं 80% लोगों का मानना है कि एआई से कर्मचारी ज्यादा जरूरी कामों पर ध्यान दे पा रहे हैं। रिपोर्ट में 94% एचआर लीडर्स ने उम्मीद जताई कि एआई से नई एंट्री-लेवल नौकरियां भी बनेंगी।

फ्रेशर्स की हायरिंग पर असर

नैसकॉम के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026 में भारतीय टेक सेक्टर में करीब 1.35 लाख नौकरियां जुड़ीं, जबकि वित्त वर्ष 2025 में यह आंकड़ा 1.33 लाख था। इनमें ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (जीसीसी) की बड़ी हिस्सेदारी रही। हालांकि कैंपस हायरिंग में काफी गिरावट आई है। नैसकॉम के प्रेसिडेंट राजेश नांबियार ने भी फ्रेशर्स के लिए इसे चिंता की बात बताया।

नौकरियां खत्म नहीं, काम बदलेगा

बिजनेस टुडे से बातचीत में कॉग्निजेंट इंडिया के सीएमडी राजेश वारियर ने कहा कि एआई रूटीन काम जरूर संभाल रही है, लेकिन इससे एंट्री-लेवल नौकरियां पूरी तरह खत्म नहीं होंगी। अब कर्मचारियों को एआई के रिजल्ट चेक करने, गलतियां पकड़ने और बिजनेस से जुड़ी समस्याएं सुलझाने जैसे काम करने होंगे।

प्रतीकात्मक तस्वीर

युवाओं को कौन सी स्किल्स चाहिए?

वारियर के मुताबिक, युवाओं को एआई टूल्स के साथ क्रिटिकल थिंकिंग, कम्युनिकेशन और इंडस्ट्री की समझ बढ़ानी होगी। कॉलेजों को कंपनियों के साथ मिलकर कोर्स अपडेट करने चाहिए। इंटर्नशिप और प्रैक्टिकल प्रोजेक्ट्स भी जरूरी हैं। कॉग्निजेंट की एक अन्य स्टडी के मुताबिक, 93% नौकरियां किसी न किसी तरह एआई से प्रभावित हो सकती हैं।

कॉग्निजेंट में 74,000 कर्मचारियों की ट्रेनिंग

कॉग्निजेंट के करीब 46,000 कर्मचारी एडवांस्ड एआई प्लेटफॉर्म्स का कम से कम एक सर्टिफिकेशन पूरा कर चुके हैं। वहीं 74,000 कर्मचारियों की ट्रेनिंग चल रही है। कंपनी 5,000 फ्रंटियर सर्टिफाइड इंजीनियर्स और 10,000 फ्रंटियर बिजनेस ऑपरेटर्स तैयार कर रही है। इसके सिनैप्स प्रोग्राम का लक्ष्य 2030 तक दुनियाभर में 20 लाख लोगों को अपस्किल करना है।

25,000 फ्रेशर्स की हायरिंग का प्लान

advertisement

कॉग्निजेंट ने 2026 में करीब 24,000-25,000 फ्रेशर्स की हायरिंग का प्लान बनाया है। यह 2025 के लगभग 20,000 फ्रेशर्स से करीब 20% ज्यादा है। 30 सितंबर 2026 तक कंपनी के कर्मचारियों की संख्या 3,59,900 थी, जो सालाना आधार पर 10,100 ज्यादा है। तीसरी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 4.6% बढ़कर 5.66 अरब डॉलर रहा।