FSSAI Notice: 100% Natural दावे पर कुबेरा फूड्स को नोटिस, लॉटे इंडिया के कई प्रोडक्ट्स भी रडार पर
पैक्ड फूड पर लिखे 100% नेचुरल और नो प्रिजर्वेटिव जैसे दावे क्या हमेशा सच होते हैं? FSSAI के नोटिस के बाद कुबेरा फूड्स और लॉटे इंडिया के कई प्रोडक्ट्स की लेबलिंग सवालों में है। जानिए किन दावों पर आपत्ति हुई है। पढ़ें पूरी खबर।

In Short
- FSSAI ने कुबेरा फूड्स और लॉटे इंडिया को लेबलिंग दावों पर नोटिस भेजा।
- कुबेरा के 100% नेचुरल और नो प्रिजर्वेटिव दावों पर FSSAI ने सवाल उठाए।
- FSSAI ने लॉटे के कई प्रोडक्ट्स में वेज, न्यूट्रिशन और फ्रूट दावों पर आपत्ति जताई।
जब आप किसी पैक्ड फूड पर 100% नेचुरल या नो प्रिजर्वेटिव जैसे दावे देखते हैं, तो उस पर भरोसा करना आसान होता है। लेकिन अब ऐसे ही कुछ दावों पर सवाल उठे हैं। खाने-पीने के सामान की पैकिंग और लेबल पर लिखी जानकारी को लेकर कुबेरा फूड्स और लॉटे इंडिया कॉरपोरेशन प्राइवेट लिमिटेड को नोटिस जारी किया गया है।
Kubera Foods को किस बात पर नोटिस?
कुबेरा फूड्स को उसके प्रोडक्ट सॉफ्ट एंड फ्रेश क्रीम बन पाइनएप्पल को लेकर नोटिस जारी किया गया है। शिकायत के मुताबिक, इस प्रोडक्ट के पैक के आगे 100% नेचुरल और नो प्रिजर्वेटिव्स, कलर्स एंड फ्लेवर्स जैसे दावे किए गए थे।
नोटिस में कहा गया है कि ये दावे गुमराह करने वाले हैं, क्योंकि प्रोडक्ट के लेबल पर प्रिजर्वेटिव आईएनएस 282, सिंथेटिक फूड कलर आईएनएस 110 और ऐडेड फ्लेवरिंग सब्सटेंसेस का जिक्र मौजूद है। यानी पैक पर किए गए दावों और लेबल पर दी गई जानकारी में अंतर पाया गया।
नोटिस में कहा गया है कि अगर जवाब सही नहीं पाया गया, तो FSSAI एक्ट 2006 और उससे जुड़े नियमों के तहत कार्रवाई शुरू की जा सकती है।
प्योर, फ्रेश और नेचुरल दावों पर सवाल
नोटिस के अनुसार, प्योर, फ्रेश और नेचुरल जैसे दावे एफएसएस एडवरटाइजिंग एंड क्लेम्स रेगुलेशंस के शेड्यूल 5 के नियमों के हिसाब से सही नहीं पाए गए। इसके अलावा 100% नेचुरल का दावा भी FSSAI एडवाइजरी के निर्देशों के मुताबिक नहीं माना गया।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: FSSAI का बड़ा एक्शन: ‘Fresh Paneer’ दावे पर हेरिटेज फूड्स को नोटिस, भ्रामक लेबलिंग पर कई कंपनियां रडार पर
नो ऐडेड प्रिजर्वेटिव, कलर एंड फ्लेवर का दावा भी गुमराह करने वाला बताया गया है, क्योंकि लेबल में प्रिजर्वेटिव, सिंथेटिक फूड कलर और पाइनएप्पल फ्लेवरिंग सब्सटेंसेस की जानकारी दी गई है।
Lotte India को क्यों मिला नोटिस?
लॉटे इंडिया कॉरपोरेशन प्राइवेट लिमिटेड को अलग-अलग फूड प्रोडक्ट्स पर लेबलिंग और दावों में गड़बड़ी को लेकर नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में कहा गया है कि कंपनी ने बिना पहले मंजूरी लिए ऐसे प्री-प्रिंटेड लेबल इस्तेमाल किए, जिनमें पुराना कंपनी नाम लॉटे इंडिया कॉरपोरेशन लिमिटेड लिखा था।
इन प्रोडक्ट्स पर उठे सवाल
लॉटे चोको पाई विद रिच मार्शमैलो, लॉटे चोको पाई रियल ऑरेंज और लॉटे चोको पाई चोको बर्स्ट पर 100% वेजिटेरियन का दावा किया गया था, जिसे गुमराह करने वाला पाया गया है।
इसके अलावा पेपेरो क्रंची बिस्किट स्टिक्स कार्टन और पेपेरो ओरिजिनल बिस्किट स्टिक्स में न्यूट्रिशन से जुड़ी जानकारी तय तरीके से नहीं दी गई थी।
लॉली ब्लिस लॉलीपॉप के ऑरेंज, स्ट्रॉबेरी और कच्चा मैंगो फ्लेवर्स में विटामिन लेवल को लेकर नियमों का पालन नहीं पाया गया। वहीं फ्रूट्ज एक्लेयर्स के मैंगो, ऑरेंज और स्ट्रॉबेरी फ्लेवर्स को लेकर कहा गया कि इनके नाम से फल होने का गलत संकेत मिल सकता है, जबकि प्रोडक्ट्स में फल मौजूद नहीं हैं। फ्रंट पैक पर जरूरी डिस्क्लेमर भी नहीं दिया गया था।
7 दिन में जवाब देना होगा
दोनों कंपनियों से कहा गया है कि वे 7 दिन के अंदर अपना जवाब दें और बताएं कि उनके खिलाफ FSSAI एक्ट 2006 और संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई क्यों न शुरू की जाए।

