scorecardresearch

अयोध्या की शबीना खातून ने तोड़ी पुरानी सोच! पहली बार ड्रोन उड़ाया तो खुशी से भर गया दिल

अयोध्या की शबीना खातून ने जब पहली बार ड्रोन चलाने का फैसला किया, तो उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि यह अनुभव उनकी जिंदगी में कितना खास होगा। समाज की पुरानी सोच को पीछे छोड़कर उन्होंने नई तकनीक सीखने की ठानी। आखिर पहली बार ड्रोन उड़ाते समय क्या हुआ? जानिए उनकी कहानी।

Advertisement

In Short

  • अयोध्या की शबीना खातून ने समाज की पुरानी सोच को पीछे छोड़कर ड्रोन चलाने की ट्रेनिंग ली।
  • शुरुआत में शबीना ड्रोन को शादी-ब्याह में वीडियो शूट करने वाला कैमरा समझती थीं।
  • बिहार के मोतिहारी में ट्रेनिंग लेने के बाद पहली बार ड्रोन का रिमोट हाथ में आया तो शबीना को खुद पर गर्व हुआ।

अयोध्या की रहने वाली शबीना खातून ने बताया कि कैसे कुछ नया सीखने की चाह और खुद पर भरोसे ने उन्हें ड्रोन चलाने की हिम्मत दी। कभी खेती में महिलाओं की भूमिका सिर्फ मजदूरी तक सीमित मानी जाती थी, लेकिन अब महिलाएं नई तकनीक सीखकर आगे बढ़ रही हैं। शबीना की कहानी भी इसी बदलाव की एक मिसाल है। आइए जानते हैं कि ड्रोन चलाने तक का उनका सफर कैसा रहा।

advertisement

डर नहीं, कुछ नया करने का उत्साह था

अयोध्या की रहने वाली शबीना खातून ने अपने सफर के बारे में खुलकर बात की। जब उनसे पूछा गया कि पहली बार ड्रोन हाथ में आने पर डर लगा या उत्साह हुआ, तो उन्होंने साफ कहा कि उन्हें डर नहीं, बल्कि कुछ नया करने का उत्साह था। शबीना ने अपनी बात की शुरुआत इन लाइनों से की, "कुछ तो लोग कहेंगे, लोगों का काम है कहना।" उनका कहना था कि उन्होंने हमेशा इसी सोच को अपने मन में रखा।

समाज की सोच को पीछे छोड़कर बढ़ाया कदम

शबीना ने बताया कि महिलाओं के लिए घर से बाहर निकलकर पुरुषों के साथ काम करना और किसी नए क्षेत्र में आगे बढ़ना आसान नहीं होता। कई लोग नहीं चाहते कि महिलाएं आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनें। लेकिन शबीना के मन में कुछ अलग करने का जज्बा था। यही जज्बा उन्हें आगे लेकर गया और उन्होंने लोगों की बातों पर ध्यान देने के बजाय अपने सपनों को पूरा करने का फैसला किया।

पहले शादी में वीडियो बनाने वाला ड्रोन समझती थीं

शबीना ने बताया कि जब उन्हें पहली बार ड्रोन की ट्रेनिंग के बारे में पता चला, तब उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि यह किस तरह का ड्रोन होगा। उन्होंने पहले सिर्फ शादी-ब्याह और फिल्मों की शूटिंग में इस्तेमाल होने वाले ड्रोन देखे थे। इसलिए उन्हें लगा कि शायद ऐसा ही ड्रोन चलाना सिखाया जाएगा।

उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर कुछ और नहीं हुआ तो कम से कम शादी-ब्याह में जाकर वीडियो बना लेंगी। लेकिन उनका असली मकसद कुछ नया सीखना था। इसी वजह से उन्होंने बिना देर किए ट्रेनिंग के लिए हां कर दी।

बिहार के मोतिहारी में मिली ड्रोन चलाने की ट्रेनिंग

शबीना ने बताया कि उनकी ड्रोन ट्रेनिंग बिहार के मोतिहारी में Drone Aviation में हुई। जब उन्होंने पहली बार सामने इतना बड़ा ड्रोन देखा तो उनके मन में सवाल आया कि आखिर इसे चलाएंगी कैसे।

हालांकि, ट्रेनर्स ने उन्हें हर चीज आसान तरीके से समझाई। सबसे पहले कंप्यूटर पर ड्रोन का सिस्टम और उसकी तकनीक सिखाई गई। इसके बाद उन्हें फील्ड में ले जाया गया, जहां ट्रेनर्स ने खुद ड्रोन उड़ाकर दिखाया। इस तरह उन्हें ड्रोन चलाने की छोटी से छोटी जानकारी दी गई।

advertisement

पहली बार रिमोट हाथ में आया तो हुआ गर्व

शबीना के लिए सबसे यादगार पल वह था, जब पहली बार ड्रोन का रिमोट कंट्रोल उनके हाथ में आया। उन्होंने बताया कि उस समय उन्हें खुद पर इतना गर्व महसूस हुआ कि वह इसे शब्दों में बयान नहीं कर सकतीं।

उनकी यह बात सुनकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने जोरदार तालियां बजाईं। शबीना की कहानी बताती है कि कुछ नया सीखने की लगन और खुद पर भरोसा हो तो महिलाएं पुरानी सोच की सीमाओं से आगे निकलकर तकनीक की दुनिया में भी अपनी पहचान बना सकती हैं।