scorecardresearch

444 दिन की स्पेशल FD पर बढ़ गया ब्याज, अब 10 लाख जमा करने पर कितनी होगी कमाई? जानें पूरा कैलकुलेशन

सरकारी बैंक इंडियन ओवरसीज बैंक ने अपनी 444 दिन की स्पेशल एफडी पर ब्याज दरें बढ़ा दी हैं। नई दरें लागू होने के बाद सामान्य ग्राहकों के साथ सीनियर सिटीजन को भी फायदा मिलेगा। जानिए 10 लाख रुपये जमा करने पर कितना ब्याज मिलेगा और मैच्योरिटी पर कितनी रकम हाथ आएगी।

Advertisement

In Short

  • इंडियन ओवरसीज बैंक ने 444 दिन की स्पेशल FD पर ब्याज दर 6.60% से बढ़ाकर 6.75% की।
  • सीनियर सिटीजन को 7.25% और सुपर सीनियर सिटीजन को 7.50% सालाना ब्याज मिलेगा।
  • सामान्य ग्राहकों को 10 लाख की FD पर 92,671 रुपये और सीनियर सिटीजन को 99,532 रुपये ब्याज मिलेगा।

सरकारी बैंक इंडियन ओवरसीज बैंक ने अपने ग्राहकों को बड़ी खुशखबरी दी है। बैंक ने अपनी 444 दिन की स्पेशल फिक्स्ड डिपॉजिट स्कीम पर ब्याज दर बढ़ा दी है। इसका सीधा फायदा उन लोगों को मिलेगा, जो बैंक में एफडी के जरिए अपनी बचत पर अच्छा रिटर्न पाना चाहते हैं। नई ब्याज दरें 10 नवंबर से लागू हो चुकी हैं। ऐसे में अगर आप 10 लाख रुपये की एफडी कराने की सोच रहे हैं, तो जान लीजिए कि अब कितनी कमाई होगी।

advertisement

444 दिन की FD पर कितना बढ़ा ब्याज?

इंडियन ओवरसीज बैंक ने 3 करोड़ रुपये से कम की रिटेल एफडी पर ब्याज दर में 15 बेसिस पॉइंट यानी 0.15 फीसदी की बढ़ोतरी की है। पहले बैंक की 444 दिन वाली स्पेशल एफडी पर सालाना 6.60 फीसदी ब्याज मिल रहा था, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 6.75 फीसदी कर दिया गया है।

इसका मतलब है कि अब इस स्कीम में पैसा जमा करने वाले ग्राहकों को पहले के मुकाबले ज्यादा ब्याज मिलेगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर

इन FD स्कीम पर भी बढ़ी ब्याज दर

बैंक ने सिर्फ सामान्य स्पेशल एफडी ही नहीं, बल्कि 444 दिन की नॉन-कॉलेबल एफडी की ब्याज दर भी बढ़ाई है। इस पर ब्याज 6.75 फीसदी से बढ़ाकर 6.85 फीसदी कर दिया गया है। यानी इसमें 10 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी हुई है।

इसके अलावा 444 दिन की NRE टर्म डिपॉजिट पर भी ब्याज दर 6.60 फीसदी से बढ़कर 6.75 फीसदी हो गई है।

सीनियर सिटीजन को कितना मिलेगा ब्याज?

इस स्पेशल एफडी में बुजुर्ग ग्राहकों को सामान्य ग्राहकों के मुकाबले ज्यादा ब्याज दिया जा रहा है। बैंक 60 साल या उससे अधिक उम्र के सीनियर सिटीजन को 0.50 फीसदी अतिरिक्त ब्याज देता है।

वहीं, 80 साल या उससे अधिक उम्र के सुपर सीनियर सिटीजन को 0.75 फीसदी अतिरिक्त ब्याज मिलता है।

नई ब्याज दरें इस प्रकार हैं:

प्रतीकात्मक तस्वीर

10 लाख रुपये जमा करने पर कितनी होगी कमाई? 

अगर कोई सामान्य ग्राहक इस स्पेशल एफडी में 10 लाख रुपये जमा करता है, तो 444 दिनों में उसे 92,671 रुपये का ब्याज मिलेगा। यानी मैच्योरिटी पर कुल 10,92,671 रुपये मिलेंगे।

वहीं, अगर कोई सीनियर सिटीजन 10 लाख रुपये निवेश करता है, तो उसे 99,532 रुपये ब्याज मिलेगा। इस तरह 444 दिन बाद उसकी कुल मैच्योरिटी रकम 10,99,532 रुपये होगी।

इसका मतलब है कि समान रकम निवेश करने पर सीनियर सिटीजन को सामान्य ग्राहक से 6,861 रुपये ज्यादा ब्याज मिलेगा।

बाकी FD की ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं

advertisement

इंडियन ओवरसीज बैंक ने साफ किया है कि ब्याज दरों में यह बढ़ोतरी केवल स्पेशल एफडी स्कीम के लिए की गई है। बैंक की बाकी एफडी योजनाओं पर ब्याज दरें पहले की तरह ही रहेंगी। यानी अन्य अवधि की एफडी कराने वाले ग्राहकों के लिए फिलहाल कोई बदलाव नहीं हुआ है।

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।