scorecardresearch

महंगे एयर प्यूरीफायर की छुट्टी! 12वीं के छात्र ने ₹140 में बनाया कमाल का फिल्टर

दिल्ली के बढ़ते प्रदूषण के बीच दो स्कूली छात्रों ने ऐसा कमाल किया है, जिसकी चर्चा अब दुनिया भर में हो रही है। महंगे एयर प्यूरीफायर की जगह सिर्फ ₹140 के फिल्टर से क्लासरूम की हवा साफ करने का तरीका निकाला गया है। जानिए यह तकनीक कैसे काम करती है और कितना असरदार है।

Advertisement

In Short

  • दिल्ली के 12वीं के छात्र कृष अग्रवाल को Project Vayu के लिए 2026 डायना अवॉर्ड रोल ऑफ ऑनर में मिली जगह।
  • सिर्फ ₹140 के फिल्टर से साधारण पंखे को एयर प्यूरीफायर में बदलने की तकनीक तैयार की गई।
  • टेस्टिंग में एक घंटे के अंदर PM2.5 का स्तर 90% से ज्यादा घटा, 10,000 से अधिक छात्रों को मिला फायदा।

दिल्ली में बढ़ता एयर पॉल्यूशन लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन चुका है। खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों के लिए साफ हवा में सांस लेना मुश्किल होता जा रहा है। ऐसे में दिल्ली के दो स्कूली छात्रों ने एक ऐसा तरीका निकाला है, जिससे बिना महंगा एयर प्यूरीफायर खरीदे क्लासरूम की हवा साफ की जा सकती है। आइए जानते हैं कि इन छात्रों ने क्या बनाया, यह कैसे काम करता है और उनके इस काम को दुनिया में कैसे पहचान मिली।

advertisement

12वीं के छात्र को मिला डायना अवॉर्ड

दिल्ली के संस्कृति स्कूल में 12वीं के छात्र कृष अग्रवाल  को 2026 के डायना अवॉर्ड रोल ऑफ ऑनर में जगह मिली है। उन्होंने वसंत वैली स्कूल के 11वीं के छात्र समर्थ मेहता  के साथ मिलकर Project Vayu शुरू किया। इस प्रोजेक्ट का मकसद कम खर्च में स्कूलों के बच्चों को साफ हवा उपलब्ध कराना है।

सिर्फ ₹140 में तैयार होता है फिल्टर

Project Vayu के तहत एक खास फिल्टर बनाया गया है, जिसे आम दीवार वाले या टेबल फैन पर लगाया जा सकता है। इसे बनाने में करीब ₹140 का खर्च आता है। इससे स्कूलों को हर क्लासरूम में महंगे एयर प्यूरीफायर लगाने की जरूरत नहीं पड़ती।

प्रतीकात्मक तस्वीर

कैसे काम करता है यह खास फिल्टर?

इस फिल्टर में इलेक्ट्रोस्टैटिक चार्ज वाले फाइबर इस्तेमाल किए गए हैं, जो हवा में मौजूद PM2.5 जैसे छोटे प्रदूषण कणों को पकड़ते हैं। ये कण फेफड़ों के अंदर तक पहुंच सकते हैं। पंखा चलने पर फिल्टर गुब्बारे की तरह फैलता है, जिससे हवा साफ करने के लिए उसका सरफेस एरिया बढ़ जाता है।

एक घंटे में 90% से ज्यादा कम हुआ PM2.5

डायना अवॉर्ड की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक, बंद कमरे में टेस्टिंग के दौरान PM2.5 का स्तर एक घंटे में 158 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर से घटकर 11 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर रह गया। यानी प्रदूषण के स्तर में 90% से ज्यादा कमी दर्ज की गई।

10,000 से ज्यादा बच्चों तक पहुंची मदद

शुरुआत में Project Vayu के तहत दिल्ली के 295 क्लासरूम में 602 फिल्टर तैयार किए गए, जिनसे करीब 8,000 छात्रों को फायदा मिला। अब यह संख्या 10,000 से ज्यादा हो चुकी है। टीम जरूरतमंद स्कूलों को फिल्टर मुफ्त देती है और हर महीने नए फिल्टर भी उपलब्ध कराती है।

अब 45 और स्कूलों तक पहुंचने की तैयारी

Project Vayu की टीम नई दिल्ली के 45 और स्कूलों तक इस सुविधा को पहुंचाने की योजना बना रही है। प्रिंसेस डायना की याद में शुरू किया गया डायना अवॉर्ड समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले युवाओं को सम्मानित करता है। कृष अग्रवाल को मिला यह सम्मान दिखाता है कि छोटे और सस्ते इनोवेशन भी बड़ी समस्याओं का समाधान निकालने में मदद कर सकते हैं।

advertisement