CJP के प्रदर्शन से दिल्ली में ट्रैफिक पर असर, घर से निकलने से पहले पढ़ें एडवाइजरी
CJP के प्रदर्शन के चलते दिल्ली में 10 अक्टूबर को ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है। ट्रैफिक पुलिस ने सुबह 6 बजे से कई इलाकों में डायवर्जन की चेतावनी दी है। धौला कुआं और कनॉट प्लेस समेत कई रास्तों पर परेशानी हो सकती है। यात्रियों को वैकल्पिक रास्ते अपनाने की सलाह दी गई है।

In Short
- CJP के प्रदर्शन के चलते दिल्ली में 10 अक्टूबर को सुबह 6 बजे से ट्रैफिक डायवर्जन लागू हो सकते हैं।
- धौला कुआं, मंडी हाउस, कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर के आसपास कई रास्तों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
- ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को वैकल्पिक रास्ते अपनाने और एयरपोर्ट व रेलवे स्टेशन जाने के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी है।
दिल्ली में 10 अक्टूबर 2026 को कई इलाकों में ट्रैफिक जाम और रास्तों में बदलाव देखने को मिल सकता है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने Cockroach Janta Party (CJP) के प्रदर्शन को देखते हुए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, 10 अक्टूबर को सुबह 6 बजे से हालात के हिसाब से ट्रैफिक पर पाबंदियां लगाई जा सकती हैं और रास्तों को बदला जा सकता है।
दिल्ली में किन रास्तों पर हो सकता है असर?
ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, राजधानी के कई प्रमुख चौराहों और सड़कों पर यातायात प्रभावित हो सकता है। इनमें शंकर रोड-वंदे मातरम मार्ग टी-पॉइंट, धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान, पंचकुइयां और मंडी हाउस के राउंडअबाउट शामिल हैं।
इसके अलावा डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक, मिंटो रोड-दीन दयाल उपाध्याय मार्ग, गुरु नानक चौक और चेम्सफोर्ड रोड पर भी ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका है।
कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल, बाराखंभा रोड टी-पॉइंट, संसद मार्ग टी-पॉइंट और टॉलस्टॉय लेन क्रॉसिंग पर भी लोगों को परेशानी हो सकती है।
इन इलाकों में भी ट्रैफिक पर नजर रखें
एडवाइजरी में भैरों रोड-एमजीएम रिंग रोड टी-पॉइंट, लोधी रोड फ्लाईओवर, नीला गुंबद राउंडअबाउट, मदरसा टी-पॉइंट और सम्राट होटल राउंडअबाउट का भी जिक्र किया गया है।
इसके अलावा सरदार पटेल मार्ग-पंचशील मार्ग क्रॉसिंग, भीकाजी कामा प्लेस अंडरपास, मोती बाग फ्लाईओवर के नीचे, रिंग रोड-सरदार पटेल मार्ग टी-पॉइंट और अशोका रोड-जंतर मंतर रोड राउंडअबाउट पर भी यातायात प्रभावित हो सकता है।
रेल भवन, गोल डाकखाना, पटेल चौक और आरएमएल अस्पताल के आसपास भी ट्रैफिक की स्थिति को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को क्या सलाह दी?
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना बनाने और अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी है। खासकर रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी और एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को रास्ते में देरी के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
पुलिस ने लोगों से गैर-जरूरी यात्रा से बचने और जहां संभव हो, वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है। एडवाइजरी के मुताबिक, मौके पर हालात का आकलन करने के बाद ट्रैफिक प्रतिबंधों में बदलाव किया जा सकता है।
यात्रियों को ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने और सफर शुरू करने से पहले आधिकारिक अपडेट देखने की सलाह भी दी गई है।

