अब ट्रैफिक की टेंशन खत्म! दिल्ली से ऋषिकेश जाएगी 'नमो भारत' ट्रेन, जानिए पूरी डिटेल
दिल्ली से ऋषिकेश का सफर अब ट्रैफिक और थकान भरा नहीं होगा! दिल्ली-मेरठ के बाद अब 'नमो भारत' दिल्ली से ऋषिकेश तक भी जाएगी। क्या होगा नया रूट और कब से शुरू होगा यह सफर? पढ़ें पूरी खबर!

In Short
- नमो भारत ट्रेन से दिल्ली से ऋषिकेश की 230 किलोमीटर की दूरी अब महज 3 घंटे में पूरी होगी
- यह ट्रेन मेरठ से आगे मुजफ्फरनगर, रुड़की और हरिद्वार होते हुए ऋषिकेश तक जाएगी।
- दिल्ली और उत्तराखंड के बीच की यात्रा का समय आधा हो जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों का समय बचेगा।
Delhi to Rishikesh train: अब गंगा किनारे का सफर होगा सुपर-फास्ट! दिल्ली से ऋषिकेश का रास्ता अब भारी ट्रैफिक वाली सड़कों से नहीं, बल्कि 'नमो भारत' की तेज रफ्तार से तय होगा। पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए किसी बड़ी खुशखबरी से कम नहीं यह ऐलान,अब दिल्ली से ऋषिकेश की दूरी महज कुछ घंटे में सिमट जाएगी। यूपी और उत्तराखंड सरकार की इस ऐतिहासिक सहमति और NCRTC के साथ हुए बड़े समझौते ने इस सपने को हकीकत में बदलने की राह खोल दी है।
सिर्फ 3 घंटे में पहुंचेंगे ऋषिकेश
फिलहाल 'नमो भारत' ट्रेन दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ (82 किमी) तक चल रही है। अब इस कॉरिडोर को मेरठ से बढ़ाकर सीधे ऋषिकेश तक जोड़ा जाएगा। इस विस्तार के साथ, दिल्ली से ऋषिकेश तक का कुल सफर 230 किमी लंबा हो जाएगा।
नमो भारत ट्रेन की रफ्तार 160 किलोमीटर प्रति घंटा है। इस गति के साथ, दिल्ली से ऋषिकेश की 230 किलोमीटर की दूरी महज 3 घंटे में तय की जा सकेगी। अधिकारियों के मुताबिक, यह समय सड़क मार्ग से मेरठ होते हुए ऋषिकेश पहुंचने में लगने वाले समय का लगभग आधा है।
यह सफर न केवल तेज होगा, बल्कि यात्रियों के लिए बहुत ही आरामदायक और मॉडर्न विकल्प होगा।
कैसा होगा नया रूट?
यह नया ट्रैक पहले मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन से शुरू होगा। फिर ये मुजफ्फरनगर से होकर उत्तराखंड में जाएगा।इसके बाद रास्ते में ये रुड़की और हरिद्वार (हर की पौड़ी) से गुजरेगा और आखिर में जाकर ऋषिकेश के लक्ष्मण झूला पर खत्म होगा।
इस पूरे रूट का जो सफर है, उसका करीब 72 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश के अंदर होगा, यानी यूपी में ट्रेन इतना रास्ता तय करेगी। बाकी का लगभग 78 किलोमीटर हिस्सा उत्तराखंड में होगा, यानी वहां से आगे का पूरा ट्रैक उत्तराखंड में चलेगा और वहीं जाकर ये रूट पूरा होगा।
परियोजना की तैयारी तेज, जल्द शुरू होगा सर्वे
इस बड़े प्रोजेक्ट को जल्दी पूरा करने के लिए उत्तराखंड सरकार ने रीना जोशी को नोडल अधिकारी बनाया है। साथ ही, NCRTC ने भी अपने अधिकारी नियुक्त कर दिए हैं और उत्तर प्रदेश सरकार से भी इसे हरी झंडी मिल गई है।
अब जल्द ही पूरे रास्ते का सर्वे होगा और इसकी डिटेल्ड रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी।
यात्रियों और स्थानीय लोगों को होगा फायदा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि नमो भारत रैपिड रेल के विस्तार से यात्रियों, पर्यटकों और तीर्थयात्रियों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना से उत्तराखंड की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी, जिससे राज्य में विकास के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे।

