
Bullet Train: दिल्ली से गुवाहाटी 8 घंटे से भी कम में! आगरा-वाराणसी का सफर भी होगा आसान, देखें पूरा रूट
दिल्ली से आगरा, वाराणसी और गुवाहाटी जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। प्रस्तावित नॉर्दर्न बुलेट ट्रेन कॉरिडोर से लंबी दूरी का सफर बेहद कम समय में पूरा हो सकता है। आखिर किन शहरों में रुकेगी बुलेट ट्रेन, कितना समय बचेगा और कब तक शुरू हो सकती है यह सेवा? जानिए।

In Short
- दिल्ली से आगरा सिर्फ 59 मिनट और वाराणसी 3 घंटे 33 मिनट में पहुंचने का अनुमान।
- करीब 1,500 किलोमीटर लंबे बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में 10 प्रमुख शहरों में ठहराव का प्रस्ताव।
- दिल्ली से गुवाहाटी का सफर 8 घंटे से कम में संभव, लेकिन लॉन्च की तारीख अभी तय नहीं।
दिल्ली से आगरा, वाराणसी और गुवाहाटी जाने वाले यात्रियों के लिए आने वाले समय में सफर काफी आसान हो सकता है। सरकार ने प्रस्तावित नॉर्दर्न बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को लेकर यात्रा के अनुमानित समय की जानकारी दी है। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर दिल्ली से आगरा सिर्फ 59 मिनट और वाराणसी 3 घंटे 33 मिनट में पहुंचा जा सकेगा। आइए जानते हैं कि बुलेट ट्रेन किन शहरों से गुजरेगी और इसका सफर कब शुरू हो सकता है।
करीब 1,500 किलोमीटर लंबा होगा बुलेट ट्रेन कॉरिडोर
प्रस्तावित नॉर्दर्न बुलेट ट्रेन कॉरिडोर करीब 1,500 किलोमीटर लंबा होगा। यह दिल्ली को उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और असम के कई बड़े शहरों से जोड़ेगा। शुरुआत में इस कॉरिडोर को सिलीगुड़ी तक बनाने की योजना थी, लेकिन बाद में इसे गुवाहाटी तक बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस कॉरिडोर के कई प्रमुख रूट्स पर यात्रा में लगने वाले अनुमानित समय की जानकारी दी है।
दिल्ली से किस शहर तक पहुंचने में कितना समय लगेगा?
प्रस्तावित बुलेट ट्रेन कॉरिडोर पर अलग-अलग शहरों के बीच यात्रा का अनुमानित समय इस प्रकार है।
-
दिल्ली से आगरा: 59 मिनट
-
दिल्ली से कानपुर: 1 घंटा 45 मिनट
-
दिल्ली से लखनऊ: 2 घंटे 12 मिनट
-
दिल्ली से वाराणसी: 3 घंटे 33 मिनट
-
दिल्ली से सिलीगुड़ी: करीब 6 घंटे
-
दिल्ली से गुवाहाटी: 8 घंटे से कम
-
वाराणसी से लखनऊ: 1 घंटा 21 मिनट
-
वाराणसी से प्रयागराज: 33 मिनट
-
वाराणसी से पटना: करीब 1 घंटा
-
वाराणसी से आगरा: 2 घंटे 34 मिनट
अगर यह प्रोजेक्ट प्रस्ताव के मुताबिक पूरा होता है, तो यात्रियों का लंबी दूरी का सफर काफी कम समय में पूरा हो सकेगा।

किन-किन शहरों में रुकेगी बुलेट ट्रेन?
इस कॉरिडोर पर कुल 10 प्रमुख शहरों में ट्रेन के ठहराव का प्रस्ताव है। इनमें दिल्ली, आगरा, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, पटना, सिलीगुड़ी और गुवाहाटी शामिल हैं।
हालांकि, सभी शहरों के बीच यात्रा का समय अभी नहीं बताया गया है। दिल्ली से अयोध्या, अयोध्या से वाराणसी, पटना से सिलीगुड़ी और सिलीगुड़ी से गुवाहाटी जैसे रूट्स की समय-सारिणी अभी सामने नहीं आई है।
कब से शुरू होगी नॉर्दर्न बुलेट ट्रेन?
नॉर्दर्न बुलेट ट्रेन कॉरिडोर अभी योजना के शुरुआती चरण में है। इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट, अंतिम रूट, स्टेशनों की सटीक लोकेशन और निर्माण का शेड्यूल तय होना बाकी है।
सरकार के मुताबिक, इस रूट पर नियमित अंतराल पर ट्रेनें चलाने और किराया किफायती रखने की योजना है। हालांकि, टिकट की कीमत और ट्रेन शुरू होने की तारीख का अभी ऐलान नहीं हुआ है। परियोजना की पूरी जानकारी फाइनल होने के बाद ही यात्रियों को इसकी सही तस्वीर मिल सकेगी।

