scorecardresearch

ऑस्ट्रेलिया जाने वाले भारतीयों के लिए वीजा नियम बदले! 26 अक्टूबर से लागू हुआ नया नियम, जानें किस पर होगा असर

ऑस्ट्रेलिया जाने की तैयारी कर रहे भारतीयों के लिए वीजा से जुड़े नियम बदल गए हैं। 26 अक्टूबर से लागू नए नियमों के बाद कुछ आवेदकों को अतिरिक्त प्रक्रिया पूरी करनी पड़ सकती है। हालांकि, कई लोगों को राहत भी मिलेगी। जानिए किसे नए नियम मानने होंगे और किसे छूट मिलेगी।

Advertisement

In Short

  • ऑस्ट्रेलिया ने 26 अक्टूबर 2026 से भारत समेत करीब 60 देशों के लिए बायोमेट्रिक नियमों का दायरा बढ़ाया।
  • नए वीजा आवेदकों से फिंगरप्रिंट और चेहरे की तस्वीर मांगी जा सकती है।
  • - 26 अक्टूबर से पहले आवेदन जमा करने वालों पर नए नियम लागू नहीं होंगे।

ऑस्ट्रेलिया जाने की तैयारी कर रहे भारतीयों के लिए वीजा से जुड़ा एक बड़ा अपडेट सामने आया है। ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने वीजा आवेदन की प्रक्रिया में कुछ बदलाव किए हैं। इन बदलावों का मकसद वीजा सिस्टम को पहले से ज्यादा सुरक्षित और भरोसेमंद बनाना है। ऐसे में अगर आप भी ऑस्ट्रेलिया जाने का प्लान बना रहे हैं, तो जान लीजिए कि नए नियम कब से लागू हुए हैं, किन लोगों पर इनका असर पड़ेगा और वीजा के लिए अब क्या करना होगा।

advertisement

26 अक्टूबर से लागू हुए नए वीजा नियम

बिजनेस टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया ने 26 अक्टूबर 2026 से भारतीय वीजा आवेदकों के लिए बायोमेट्रिक (Biometric) से जुड़े नियमों का दायरा बढ़ा दिया है। नए नियम के तहत वीजा के लिए आवेदन करने वाले लोगों से फिंगरप्रिंट (Fingerprints) और चेहरे की तस्वीर (Facial Image) मांगी जा सकती है। ऑस्ट्रेलियाई हाई कमीशन ने इसकी जानकारी दी है।

करीब 60 देशों के लिए बदले नियम

ऑस्ट्रेलिया ने भारत समेत करीब 60 देशों के लिए बायोमेट्रिक जानकारी लेने के नियमों का दायरा बढ़ाया है। सरकार का कहना है कि इससे वीजा सिस्टम को ज्यादा सुरक्षित और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि हर आवेदक को बायोमेट्रिक जानकारी देनी ही होगी।

कैसे पता चलेगा कि बायोमेट्रिक देना है या नहीं?

ऑस्ट्रेलिया का डिपार्टमेंट ऑफ होम अफेयर्स (Department of Home Affairs) आवेदकों को बताएगा कि उन्हें बायोमेट्रिक जानकारी देनी है या नहीं। जरूरत पड़ने पर विभाग इसकी पूरी प्रक्रिया भी समझाएगा। इसलिए आवेदन करने वालों को मिलने वाले निर्देशों पर ध्यान देना होगा।

बायोमेट्रिक देने के लिए कहां जाना होगा?

आवेदकों को उनकी स्थिति के हिसाब से ऑस्ट्रेलियन बायोमेट्रिक्स कलेक्शन सेंटर (ABCC) जाना पड़ सकता है। इसके अलावा कुछ लोग ऑस्ट्रेलियन इम्मी ऐप (Australian Immi App) के जरिए डिजिटल तरीके से भी बायोमेट्रिक जानकारी दे सकेंगे।

किन लोगों को मिलेगी मुफ्त सुविधा?

जिन आवेदकों ने पहले ABCC में अपना बायोमेट्रिक दिया है और जिनके पास वैलिड पासपोर्ट है, वे पात्र होने पर Australian Immi App के जरिए बिना किसी फीस के बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

पहले से वीजा आवेदन करने वालों का क्या होगा?

नए नियम सिर्फ 26 अक्टूबर 2026 या उसके बाद जमा किए गए वीजा आवेदनों पर लागू होंगे। जिन लोगों ने इससे पहले अपना आवेदन जमा कर दिया है, उन पर नए बायोमेट्रिक नियमों का असर नहीं पड़ेगा।

क्या वीजा मिलने में ज्यादा समय लगेगा?

ऑस्ट्रेलियाई सरकार के मुताबिक, नए नियमों से वीजा प्रोसेसिंग टाइम बढ़ने की उम्मीद नहीं है। हालांकि, इसके लिए जरूरी है कि आवेदक समय पर बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी करें।

advertisement

आपकी निजी जानकारी कितनी सुरक्षित रहेगी?

सरकार ने साफ किया है कि बायोमेट्रिक जानकारी को ऑस्ट्रेलियाई कानून और लागू स्थानीय नियमों के मुताबिक इकट्ठा, स्टोर और मैनेज किया जाएगा। लोगों की प्राइवेसी और डेटा की सुरक्षा के लिए जरूरी नियमों का पालन भी किया जाएगा।