
दिल्ली में फिर शुरू होगी हॉट एयर बैलून राइड! आसमान से दिखेगा शहर का शानदार नजारा, जानें किराया और बुकिंग डिटेल
दिल्ली में घूमने के शौकीन लोगों के लिए एक शानदार मौका आने वाला है। राजधानी में एक बार फिर हॉट एयर बैलून राइड शुरू होने की तैयारी है। खास बात यह है कि इस बार टिकट पहले से सस्ता हो सकता है। जानिए कब और कहां मिलेगी यह सुविधा और कैसे होगी बुकिंग।

In Short
- दिल्ली के बांसेंरा पार्क में 14 नवंबर से हॉट एयर बैलून राइड दोबारा शुरू करने की तैयारी है।
- बैलून से 100 से 150 फीट की ऊंचाई तक जाकर दिल्ली का नजारा देख सकेंगे, एक राइड 7 से 12 मिनट की होगी।
- टिकट की कीमत करीब 2,000 रुपये हो सकती है, छात्रों और परिवारों के लिए विशेष छूट की भी योजना है।
दिल्ली में रहने वाले लोगों और यहां घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है। अगर आप आसमान की ऊंचाई से दिल्ली का खूबसूरत नजारा देखना चाहते हैं, तो जल्द ही आपको इसका मौका मिलने वाला है। दिल्ली विकास प्राधिकरण एक बार फिर हॉट एयर बैलून राइड शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इस बार टिकट की कीमतों में भी राहत मिलने की उम्मीद है।
14 नवंबर से शुरू हो सकती है बैलून राइड
दिल्ली के सराय काले खां स्थित बांसेंरा पार्क में 14 नवंबर से हॉट एयर बैलून राइड दोबारा शुरू करने की योजना है। इस सुविधा की शुरुआत पिछले साल नवंबर में हुई थी, लेकिन गर्मी बढ़ने के कारण मार्च में इसे बंद कर दिया गया था।
आयोजकों के मुताबिक, नवंबर में मौसम बैलून राइड के लिए अनुकूल रहता है। यही वजह है कि इसे दोबारा शुरू करने की तैयारी की जा रही है। आमतौर पर उत्तर भारत में नवंबर से फरवरी तक का समय बैलून राइड के लिए बेहतर माना जाता है। हालांकि, उड़ानें मौसम और अधिकारियों के निर्देशों पर निर्भर करेंगी।
150 फीट की ऊंचाई से दिखेगी दिल्ली
इस बार भी बैलून राइड का तरीका पिछले साल जैसा ही रहेगा। हॉट एयर बैलून जमीन से रस्सियों के जरिए बंधा रहेगा और यात्रियों को करीब 100 से 150 फीट की ऊंचाई तक ले जाएगा।
एक राइड लगभग 7 से 12 मिनट की होगी। इसमें एक बार में अधिकतम चार लोग बैठ सकेंगे। इस दौरान लोग ऊंचाई से आसपास के इलाकों का नजारा देख पाएंगे।

कितने रुपये में मिलेगा टिकट?
इस बार बैलून राइड का किराया कम होने की उम्मीद है। पिछले साल एक व्यक्ति के लिए टिकट की कीमत करीब 2,300 रुपये थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार किराया घटाकर लगभग 2,000 रुपये किया जा सकता है।
छात्रों के समूहों के लिए 1,500 रुपये प्रति व्यक्ति की विशेष दर रखी जा सकती है। इसके अलावा परिवारों और व्यक्तिगत पर्यटकों को 20 प्रतिशत तक की छूट देने की योजना है। स्कूल और कॉर्पोरेट समूहों के लिए भी डिस्काउंट की तैयारी की जा रही है। हालांकि, नई टिकट दरें अभी प्रस्तावित हैं।
ऑनलाइन बुकिंग की भी तैयारी
DDA इस सुविधा को निजी ऑपरेटर एयर सफारी इंडिया के साथ मिलकर संचालित करेगा। लोगों की सुविधा के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग सिस्टम शुरू करने की योजना भी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऑपरेटर को 150 फीट तक बैलून राइड संचालित करने के लिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय का लाइसेंस समेत जरूरी मंजूरियां मिल चुकी हैं।
आम लोगों के लिए राइड शुरू करने से पहले ट्रायल रन किए जाएंगे। शुरुआत में एक ही बैलून उपलब्ध होगा। अगर लोगों की मांग और प्रतिक्रिया अच्छी रही, तो बाद में दूसरा बैलून भी शामिल किया जा सकता है।

