सिर्फ UPI से होगा पेमेंट? PVR INOX की कैशलेस पॉलिसी पर वकील ने उठाए सवाल
अहमदाबाद के PVR INOX में टिकट और खाने-पीने के सामान के लिए कथित तौर पर कैश लेने से इनकार करने का मामला सामने आया है। एक वकील ने कंपनी को कानूनी नोटिस भेजकर उसकी कैशलेस पॉलिसी और बिना UPI वाले ग्राहकों के लिए उपलब्ध विकल्पों पर जवाब मांगा है।

In Short
- अहमदाबाद के वकील ने PVR INOX को कानूनी नोटिस भेजा
- टिकट और खाने के लिए कैश नहीं लेने का लगाया आरोप
- PVR INOX से सात दिन में जवाब देने को कहा गया
अहमदाबाद में PVR INOX के एक सिनेमा हॉल में कथित तौर पर कैश पेमेंट लेने से इनकार करने का मामला सामने आया है। अहमदाबाद के वकील उत्कर्ष दवे ने इस मामले में PVR INOX Ltd को कानूनी नोटिस भेजा है। उन्होंने कंपनी से पूछा है कि क्या उसने अपने सिनेमाघरों में केवल डिजिटल पेमेंट लेने की कोई आधिकारिक पॉलिसी बनाई है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, उत्कर्ष दवे 13 सितंबर को अहमदाबाद के पैलेडियम मॉल स्थित PVR INOX में फिल्म देखने गए थे। उनका आरोप है कि जब उन्होंने टिकट के लिए कैश में भुगतान करना चाहा तो स्टाफ ने कैश लेने से मना कर दिया और UPI से पेमेंट करने को कहा। उनका दावा है कि बाद में खाने-पीने का सामान खरीदते समय भी कैश स्वीकार नहीं किया गया।
दवे ने साफ किया है कि उन्हें UPI या कार्ड जैसे डिजिटल पेमेंट विकल्पों से कोई आपत्ति नहीं है। उनका सवाल केवल यह है कि ग्राहकों को कैश से भुगतान करने का विकल्प पूरी तरह क्यों नहीं दिया जा रहा है।
RBI एक्ट और कंज्यूमर प्रोटेक्शन एक्ट का जिक्र
कानूनी नोटिस में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया एक्ट 1934 के सेक्शन 26(1) का जिक्र किया गया है, जो RBI द्वारा जारी बैंक नोटों के लीगल टेंडर होने से जुड़ा है। दवे ने सवाल किया है कि क्या ग्राहकों को सेवा देने वाला कोई बिजनेस पूरी तरह कैशलेस पॉलिसी अपना सकता है।
नोटिस में कंज्यूमर प्रोटेक्शन एक्ट का भी जिक्र किया गया है। दवे का कहना है कि अगर PVR INOX ने कैश नहीं लेने की कोई पॉलिसी बनाई है तो इसकी जानकारी ग्राहकों को पहले और साफ तौर पर दी जानी चाहिए। ग्राहक को पेमेंट काउंटर पर पहुंचने के बाद इस बारे में पता नहीं चलना चाहिए।
जिनके पास UPI नहीं उनका क्या?
नोटिस में उन ग्राहकों का मुद्दा भी उठाया गया है जिनके पास स्मार्टफोन, UPI या इंटरनेट की सुविधा नहीं है। सवाल किया गया है कि क्या ऐसे ग्राहक कैश होने के बावजूद टिकट नहीं खरीद पाएंगे।
दवे ने PVR INOX से कर्मचारियों को कैश नहीं लेने के लिए दिए गए किसी लिखित निर्देश या आंतरिक पॉलिसी की कॉपी भी मांगी है।
PVR INOX को नोटिस का जवाब देने के लिए सात दिन का समय दिया गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर दवे ने कंज्यूमर कमीशन और अन्य संबंधित अथॉरिटी के पास जाने की बात कही है।

