
अग्निवीरों की नौकरी और छुट्टियों पर बदलाव! 4 साल बाद मिलेंगे ये 4 विकल्प, जानें नए नियम
भारतीय सेना अग्निवीरों की सर्विस को लेकर बड़े बदलाव की तैयारी कर रही है। चार साल की नौकरी पूरी होने के बाद अग्निवीरों को चार विकल्प मिल सकते हैं। इसके अलावा स्थायी नौकरी, पोस्टिंग, शादी और छुट्टियों से जुड़े नियमों पर भी विचार चल रहा है। जानिए क्या है पूरी योजना।

In Short
- चार साल की सर्विस के बाद अग्निवीरों को स्थायी नौकरी, दो साल के एक्सटेंशन या नौकरी छोड़ने समेत चार विकल्प मिलेंगे।
- 25% अग्निवीरों को स्थायी नौकरी के लिए विचार किया जाएगा, चयनित जवानों की राष्ट्रीय राइफल्स में पोस्टिंग हो सकती है।
- दो साल के एक्सटेंशन में शादी की अनुमति और सालाना 30 दिन की छुट्टियां बढ़ाने के प्रस्ताव पर सेना कर रही विचार।
भारतीय सेना में अग्निपथ स्कीम के तहत भर्ती हुए अग्निवीरों की सर्विस को लेकर कई बड़े बदलावों की तैयारी चल रही है। चार साल की नौकरी पूरी करने वाले अग्निवीरों के सामने आगे क्या रास्ते होंगे, इसे लेकर सेना नई व्यवस्था पर काम कर रही है। इसमें नौकरी जारी रखने, सर्विस बढ़ाने और दूसरे नियमों से जुड़े कई अहम प्रस्ताव शामिल हैं। आइए जानते हैं कि अग्निवीरों के लिए क्या-क्या बदल सकता है।
चार साल बाद अग्निवीरों को मिलेंगे चार विकल्प
सूत्रों के मुताबिक, भारतीय सेना अग्निवीरों से उनकी आगे की सर्विस को लेकर सहमति या असहमति ASAAN ऐप के जरिए लेने की तैयारी कर रही है। पहले इसके लिए गृह मंत्रालय के पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था थी।
चार साल की सर्विस पूरी करने वाले अग्निवीरों को चार विकल्प दिए जाएंगे। पहला, परमानेंट एनरोलमेंट यानी स्थायी नौकरी। दूसरा, परमानेंट एनरोलमेंट और उसके विकल्प के तौर पर दो साल का एक्सटेंशन। तीसरा, सिर्फ दो साल का एक्सटेंशन और चौथा, सेना की नौकरी छोड़ना।
सिर्फ 25% अग्निवीरों को मिलेगी स्थायी नौकरी
बदले हुए अग्निपथ फ्रेमवर्क के तहत चार साल की सर्विस पूरी करने वाले 25% अग्निवीरों को परमानेंट एनरोलमेंट के लिए विचार किया जाएगा। जिन अग्निवीरों का स्थायी नौकरी के लिए चयन नहीं होगा, उनके पास दो साल और सर्विस करने का विकल्प रहेगा।

राष्ट्रीय राइफल्स में हो सकती है सीधी पोस्टिंग
जिन अग्निवीरों का परमानेंट एनरोलमेंट होगा, उन्हें सीधे राष्ट्रीय राइफल्स यानी Rashtriya Rifles (RR) में पोस्टिंग दी जा सकती है। इसका मतलब है कि दोबारा एनरोलमेंट के बाद उन्हें सीधे ऑपरेशनल ड्यूटी पर भेजा जा सकता है। हालांकि, इस व्यवस्था पर अभी विचार चल रहा है।
दो साल की बढ़ी सर्विस में शादी की मिलेगी अनुमति?
सेना इस बात पर भी विचार कर रही है कि दो साल के एक्सटेंशन के दौरान अग्निवीरों को शादी करने की अनुमति दी जाए या नहीं। इसके लिए सेना ने अपनी सभी फॉर्मेशंस से फीडबैक मांगा है। साथ ही यह भी पूछा गया है कि शादीशुदा अग्निवीरों के रहने के लिए मैरिड एकोमोडेशन यानी पारिवारिक आवास की कितनी सुविधा उपलब्ध है।
दोबारा एनरोलमेंट से पहले मिलेगा ब्रेक
परमानेंट एनरोलमेंट के लिए चुने गए अग्निवीरों और दो साल का एक्सटेंशन लेने वालों को दोबारा सर्विस शुरू करने से पहले एक ब्रेक लेना होगा। इसके बाद उन्हें फ्रेश एनरोलमेंट के लिए अपने-अपने रेजिमेंटल सेंटर में रिपोर्ट करना होगा।
क्या अग्निवीरों की सालाना छुट्टियां भी बढ़ेंगी?
सेना अग्निवीरों को मिलने वाली सालाना छुट्टियों में बढ़ोतरी के प्रस्ताव पर भी विचार कर रही है। फिलहाल उन्हें साल में 30 दिन की छुट्टी मिलती है। इसके अलावा दो साल की बढ़ी हुई सर्विस के दौरान लागू होने वाले नियमों और सर्विस कंडीशंस की भी समीक्षा की जा रही है। इन प्रस्तावों पर अंतिम फैसला होना अभी बाकी है।

