YouTube Premium Lite हुआ और फायदेमंद! मिलेगा ऑफलाइन डाउनलोड और स्क्रीन बंद कर बैकग्राउंड प्ले वाला फीचर
अब इस प्लान को लेने वाले ग्राहकों को भी 'बैकग्राउंड प्ले' और 'ऑफलाइन डाउनलोड' की सुविधा मिलेगी। यूट्यूब ने साफ किया है कि यह कदम उन लोगों को ध्यान में रखकर उठाया गया है जो कम कीमत में विज्ञापन मुक्त अनुभव और बेहतर कंट्रोल चाहते हैं।

YouTube Premium Lite New Features: यूट्यूब इस्तेमाल करने वालों के लिए एक अच्छी खबर है। कंपनी ने अपने सस्ते सब्सक्रिप्शन प्लान 'प्रीमियम लाइट' (Premium Lite) में दो बड़े बदलाव किए हैं, जिनका यूजर्स लंबे समय से इंतजार कर रहे थे।
अब इस प्लान को लेने वाले ग्राहकों को भी 'बैकग्राउंड प्ले' और 'ऑफलाइन डाउनलोड' की सुविधा मिलेगी। यूट्यूब ने साफ किया है कि यह कदम उन लोगों को ध्यान में रखकर उठाया गया है जो कम कीमत में विज्ञापन मुक्त अनुभव और बेहतर कंट्रोल चाहते हैं।
यूट्यूब के सीईओ, नील मोहन (Neal Mohan) ने X पर पोस्ट करते हुए कहा कि आने वाले कुछ हफ्तों में यूट्यूब अपने प्रीमियम लाइट (YouTube Premium Lite) प्लान में नए फीचर्स जोड़ने जा रहा है। जल्द ही इस प्लान के यूजर्स ज्यादातर वीडियो बिना विज्ञापन के देखने के साथ-साथ उन्हें ऑफलाइन डाउनलोड कर सकेंगे और बैकग्राउंड में भी चला पाएंगे। कंपनी का कहना है कि इन बदलावों का मकसद यूजर्स को उनकी पसंद के अनुसार ज्यादा लचीला और बेहतर यूट्यूब अनुभव देना है।
कम खर्च में मिलेंगे प्रीमियम फीचर्स
यूट्यूब इंडिया के इस अपडेट के बाद प्रीमियम लाइट यूजर्स अब मोबाइल की स्क्रीन बंद होने पर भी वीडियो का ऑडियो सुन सकेंगे। यह फीचर उन लोगों के लिए बेहद काम का है जो यूट्यूब पर पॉडकास्ट, इंटरव्यू या गाने सुनना पसंद करते हैं और साथ ही फोन पर दूसरे काम भी करना चाहते हैं। इसके अलावा, अब यूजर्स वाई-फाई या मोबाइल डेटा के जरिए वीडियो डाउनलोड कर सकेंगे, ताकि बिना इंटरनेट कनेक्शन के भी सफर के दौरान वीडियो देखे जा सकें।
प्लान की कीमत और सीमाएं
भारत में यूट्यूब प्रीमियम लाइट की कीमत फिलहाल 89 रुपये प्रति महीना है। दिलचस्प बात यह है कि यह कीमत स्टूडेंट प्लान के बराबर ही है। हालांकि, कंपनी ने अभी यह साफ नहीं किया है कि नए फीचर्स जुड़ने के बाद इस प्लान की कीमत बढ़ाई जाएगी या नहीं। तुलना के लिए बता दें कि यूट्यूब का इंडिविजुअल प्लान 149 रुपये महीने से शुरू होता है, जबकि फैमिली प्लान के लिए 299 रुपये खर्च करने पड़ते हैं।
इस सस्ते प्लान में क्या नहीं मिलेगा?
भले ही प्रीमियम लाइट में अब डाउनलोड और बैकग्राउंड प्ले की सुविधा मिल गई है, लेकिन यह अभी भी पूरी तरह से 'प्रीमियम' प्लान जैसा नहीं है। इस प्लान के साथ 'यूट्यूब म्यूजिक प्रीमियम' का एक्सेस नहीं मिलता है।
यानी अगर आप बिना विज्ञापन के म्यूजिक स्ट्रीमिंग और यूट्यूब म्यूजिक ऐप का इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो आपको अभी भी स्टैंडर्ड प्रीमियम प्लान ही लेना होगा। कंपनी का कहना है कि ये नए फीचर्स अगले कुछ हफ्तों में सभी यूजर्स के लिए रोल आउट कर दिए जाएंगे।

