scorecardresearch

WhatsApp पर आया ये मैसेज कर सकता है आपको कंगाल, सरकारी एजेंसी ने किया अलर्ट

WhatsApp या Telegram पर आया निवेश का एक मैसेज आपकी जिंदगी भर की कमाई पर भारी पड़ सकता है। ठग ऐसा जाल बिछाते हैं कि शुरुआत में सब कुछ असली लगता है और ऐप में मुनाफा भी दिखता है। लेकिन पैसा निकालते ही खेल बदल जाता है। जानिए कैसे पहचानें यह खतरनाक स्कैम।

Advertisement
AI Generated Image

In Short

  • सरकारी एजेंसी I4C ने WhatsApp और Telegram पर निवेश के नाम पर होने वाली ठगी से सावधान रहने की चेतावनी दी है।
  • ठग निजी लिंक से फर्जी ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड कराकर नकली मुनाफा दिखाते हैं।

WhatsApp Investment Scam: WhatsApp और Telegram पर निवेश का लालच देकर ठगी करने के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। साइबर अपराधी लोगों को अनजान ग्रुप में जोड़कर कम समय में कई गुना पैसा कमाने का सपना दिखाते हैं। इसके लिए ‘VIP Stock Tips’, ‘Guaranteed Returns’ और ‘Exclusive Investment Opportunity’ जैसे मैसेज भेजे जाते हैं।

advertisement

गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले इंडियन साइबर क्राइम कॉर्डिनेशन सेंटर यानी I4C ने लोगों को ऐसे ऑनलाइन निवेश स्कैम से सतर्क रहने को कहा है। एजेंसी के मुताबिक, ठग इन मैसेजिंग ऐप्स के जरिए निवेश के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी कर रहे हैं।

अनजान ग्रुप से शुरू होता है पूरा खेल

ठग सबसे पहले किसी व्यक्ति को बिना उसकी जानकारी के WhatsApp या Telegram ग्रुप में जोड़ देते हैं। ग्रुप में मौजूद लोग खुद को शेयर बाजार का जानकार, निवेश सलाहकार या किसी बड़ी वित्तीय कंपनी का कर्मचारी बताते हैं।

ये खबर पढ़ना ना भूलें: ChatGPT की WhatsApp में फिर वापसी! जानें भारत के यूजर्स के लिए क्यों खास है ये बड़ा अपडेट

इसके बाद शेयर खरीदने की सलाह, मुनाफे के स्क्रीनशॉट और कमाई के नकली आंकड़े दिखाए जाते हैं। ग्रुप के कई सदस्य भी ठगों के साथी हो सकते हैं। वे मैसेज करके दावा करते हैं कि उन्हें निवेश से लाखों रुपये का फायदा हुआ है। ऐसा नए लोगों का भरोसा जीतने के लिए किया जाता है।

गारंटीड मुनाफे के दावे से रहें सावधान

I4C के मुताबिक, किसी भी निवेश में पक्के मुनाफे की गारंटी देना खतरे की निशानी है। शेयर बाजार में जोखिम होता है। कोई असली ब्रोकर या निवेश सलाहकार 100 प्रतिशत सुरक्षित निवेश या तय कमाई का भरोसा नहीं दे सकता।

निजी लिंक से भेजते हैं फर्जी ऐप

भरोसा बनने के बाद लोगों को Google Play Store या Apple App Store की जगह एक निजी लिंक से ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा जाता है। यह ऐप देखने में असली प्लेटफॉर्म जैसा होता है, लेकिन इसमें दिखाई जाने वाली कमाई नकली होती है।

शुरुआत में छोटी रकम पर फायदा दिखाया जाता है। कई बार थोड़ा पैसा निकालने भी दिया जाता है। इसके बाद निवेशक को बड़ी रकम लगाने के लिए कहा जाता है।

पैसा निकालने पर मांगते हैं फीस

जब निवेशक पैसा निकालने की कोशिश करता है, तो उससे टैक्स, प्रोसेसिंग फीस या अकाउंट वेरिफिकेशन के नाम पर और पैसे मांगे जाते हैं। हर भुगतान के बाद नई मांग सामने आ जाती है। आखिर में अकाउंट ब्लॉक कर दिया जाता है और ठग संपर्क बंद कर देते हैं।

ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत

किसी अनजान ग्रुप की निवेश सलाह पर भरोसा न करें और निजी लिंक से ऐप डाउनलोड न करें। निवेश करने से पहले ब्रोकर और प्लेटफॉर्म की वैधता जांचें। अगर ठगी हो जाए, तो तुरंत साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

advertisement