
WhatsApp अकाउंट हो गया हैक? घबराएं नहीं, इस तरीके से वापस मिल सकता है पूरा एक्सेस
WhatsApp अकाउंट अचानक लॉगआउट हो गया है और दोबारा लॉगिन नहीं हो रहा? हो सकता है किसी ने आपके OTP का इस्तेमाल करके अकाउंट दूसरे डिवाइस पर एक्टिव कर लिया हो। ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय सही रिकवरी प्रोसेस अपनाना जरूरी है। जानिए अपना WhatsApp अकाउंट वापस पाने का पूरा तरीका।

In Short
- WhatsApp अचानक लॉगआउट हो तो अकाउंट हैक हो सकता है।
- रिकवरी के लिए WhatsApp का अधिकृत फॉर्म भरना होगा।
- नया OTP लेकर अकाउंट का एक्सेस वापस मिल सकता है।
अगर आपका WhatsApp अचानक काम करना बंद कर दे या बिना कुछ किए आपका अकाउंट अपने आप लॉगआउट हो जाए, तो इसे हल्के में लेना ठीक नहीं है। हो सकता है कि किसी दूसरे व्यक्ति ने आपका OTP हासिल करके WhatsApp अकाउंट किसी दूसरे डिवाइस पर एक्टिव कर लिया हो। ऐसी स्थिति में सिर्फ बार-बार लॉगिन करने की कोशिश करने से समस्या हल नहीं हो सकती है।
अगर किसी दूसरे व्यक्ति ने आपके WhatsApp OTP का इस्तेमाल करके अकाउंट एक्टिव कर लिया है, तो सबसे पहले Call Forwarding और SMS Forwarding बंद होनी चाहिए। इसके बाद WhatsApp के अधिकृत रिकवरी प्रोसेस के जरिए अकाउंट वापस पाने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
सबसे पहले बंद करें Call Forwarding
WhatsApp अकाउंट रिकवर करने से पहले फोन से ##21# डायल करने को कहा गया है। यह USSD कोड Call Forwarding बंद करता है। इसके बाद WhatsApp के हैक या किसी दूसरे व्यक्ति द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे अकाउंट के लिए उपलब्ध अधिकृत कॉन्टैक्ट फॉर्म को खोलना होगा।
इस फॉर्म में सबसे पहले पूछा जाएगा कि क्या आप कानून प्रवर्तन अधिकारी हैं। सामान्य यूजर को यहां “No” चुनना होगा। इसके बाद Country में India चुनकर WhatsApp से जुड़ा मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा और कन्फर्मेशन के लिए नंबर दोबारा भरना होगा।
बताना होगा कि अकाउंट हुआ है हैक
अगले स्टेप में “My account has been hacked” ऑप्शन चुनना होगा। इसके बाद यूजर से पूरी समस्या बताने को कहा जाएगा। यहां बताया जा सकता है कि WhatsApp ने अकाउंट को लॉगआउट कर दिया है और दोबारा लॉगिन नहीं हो पा रहा है।
फॉर्म में कॉन्टैक्ट से जुड़ी जानकारी भी मांगी जाएगी। इसके अलावा पूछा जाएगा कि क्या आप वकील हैं या किसी दूसरे व्यक्ति की तरफ से रिक्वेस्ट कर रहे हैं। अगर ऐसा नहीं है, तो “No” चुनना होगा।

नाम और ईमेल भी देना होगा
इसके बाद उस व्यक्ति का पूरा नाम दर्ज करना होगा, जिसका WhatsApp अकाउंट हैक हुआ है। साथ ही ईमेल एड्रेस भरकर उसे कन्फर्म करना होगा। ईमेल सावधानी से दर्ज करना जरूरी है क्योंकि रिकवरी से जुड़ा अलर्ट इसी पर भेजा जाएगा।
आखिर में जरूरी शर्तों पर सहमति देकर इलेक्ट्रॉनिक सिग्नेचर के लिए अपना पूरा नाम दर्ज करना होगा और रिक्वेस्ट सबमिट करनी होगी।
कैसे वापस मिलेगा WhatsApp अकाउंट?
रिक्वेस्ट सबमिट होने के बाद कुछ घंटों के अंदर अकाउंट इस्तेमाल कर रहे दूसरे व्यक्ति को लॉगआउट किया जा सकता है। इसके बाद यूजर को ईमेल पर अलर्ट मिल सकता है।
इसके बाद अपने फोन पर WhatsApp डाउनलोड करके मोबाइल नंबर को दोबारा रजिस्टर करना होगा। नंबर पर नया OTP आएगा। इस OTP का इस्तेमाल करके WhatsApp अकाउंट का एक्सेस वापस पाया जा सकता है।

