10,000 फ्लाइट्स के बाद अमेरिकी बैंकों में हड़कंप! JPMorgan के Software Bug से संकट
अमेरिका में तकनीकी खराबियों का सिलसिला बैंकिंग सेक्टर तक पहुंच गया है। हजारों उड़ानें रद्द होने की घटना के बाद JPMorgan Chase के सिस्टम में आए एक सॉफ्टवेयर बग ने कई बैंकों के ग्राहकों की परेशानी बढ़ा दी। ऑनलाइन बैंकिंग से लेकर पैसे ट्रांसफर करने तक दिक्कतें सामने आईं। आखिर एक बैंक की खराबी का असर दूसरे बैंकों पर कैसे पड़ा और अब सेवाओं की क्या स्थिति है?

In Short
- JPMorgan Chase के Software Bug से हजारों ग्राहकों की बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हुईं।
- Bank of America, Wells Fargo और US Bank के ग्राहकों को भी परेशानी हुई।
- Chase ने तकनीकी खराबी दूर कर सेवाएं सामान्य होने की पुष्टि की।
अमेरिका में लगातार सामने आ रही तकनीकी खराबियों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। करीब 10,000 उड़ानें रद्द होने की घटना के कुछ दिनों बाद अब अमेरिका के कई बड़े बैंकों की ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित हुईं। सोमवार को हजारों ग्राहकों को अपने बैंक अकाउंट एक्सेस करने और पैसे ट्रांसफर करने में दिक्कत आई। इस परेशानी की वजह अमेरिका के सबसे बड़े बैंक JPMorgan Chase के सिस्टम में आया एक सॉफ्टवेयर बग बताया गया है।
Software Bug से क्यों ठप हुई बैंकिंग सेवाएं?
JPMorgan Chase ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि उसके अपने सर्वर और हार्डवेयर सिस्टम में सॉफ्टवेयर बग के कारण अस्थायी तकनीकी समस्या आई थी।
बैंक ने स्पष्ट किया कि इस गड़बड़ी के पीछे किसी साइबर हमले का सबूत नहीं मिला है। Chase के मुताबिक, तकनीकी समस्या के दौरान भी ग्राहकों के अकाउंट और पैसे सुरक्षित थे। बैंक की टीम सेवाएं सामान्य करने में जुटी रही।

किन बड़े बैंकों पर पड़ा असर?
इस तकनीकी गड़बड़ी का असर JPMorgan Chase के अलावा Bank of America, Wells Fargo, US Bank और Truist के ग्राहकों पर भी देखने को मिला।
आउटेज ट्रैकिंग वेबसाइट Downdetector के मुताबिक, Chase से जुड़ी शिकायतें एक समय करीब 5,000 तक पहुंच गई थीं।
Bank of America के लिए लगभग 2,000, जबकि Wells Fargo और US Bank के लिए करीब 1,000-1,000 शिकायतें दर्ज हुईं। ग्राहकों को ऑनलाइन बैंकिंग, ATM कार्ड, बैलेंस चेक करने और बैंक ट्रांसफर जैसी सेवाओं में परेशानी हुई।
दूसरे बैंकों में क्यों आई दिक्कत?
Chase ने स्पष्ट किया कि तकनीकी खराबी उसके अपने सिस्टम तक सीमित थी। हालांकि, दूसरे बैंकों से Chase के जरिए होने वाले ट्रांजैक्शन प्रभावित हो सकते थे।
US Bank ने बताया कि उसके सिस्टम सीधे प्रभावित नहीं हुए, लेकिन दूसरे वित्तीय संस्थानों के साथ Zelle पेमेंट में देरी हो सकती थी। वहीं, Zelle ने कहा कि उसका नेटवर्क सामान्य रूप से काम कर रहा था।
क्या अब ठीक हो गई समस्या?
अमेरिकी समयानुसार शाम 6 बजे तक Chase और कुछ अन्य बैंकों से जुड़ी शिकायतों में कमी आने लगी थी। इसके बाद JPMorgan Chase ने पुष्टि की कि तकनीकी समस्या दूर कर दी गई है और ट्रांजैक्शन सामान्य रूप से प्रोसेस हो रहे हैं।
यह घटना अमेरिका में हाल की अन्य तकनीकी समस्याओं के बाद सामने आई है। इससे पहले FAA सिस्टम में खराबी के कारण करीब 10,000 उड़ानें रद्द होने की खबर आई थी। वहीं, Microsoft की सेवाएं Outlook, Teams और Copilot भी लगभग 36 घंटे प्रभावित रही थीं।
हालांकि, इन अलग-अलग तकनीकी घटनाओं के बीच किसी आपसी संबंध की पुष्टि नहीं हुई है।


