Netflix के बाद Spotify ने भी बदले नियम! Family Plan में अब नहीं चलेगी चालाकी, एक गलती और 12 महीने की रोक
Spotify Premium Family Plan इस्तेमाल करने वालों के लिए बड़ा बदलाव आया है। कंपनी अब एक ही घर में रहने वाले सदस्यों की पहचान करने के लिए नया QR कोड वेरिफिकेशन सिस्टम इस्तेमाल करेगी। खास बात यह है कि यूजर्स को जांच पूरी करने के लिए सीमित समय मिलेगा। ऐसा नहीं करने पर Premium की सुविधा छिन सकती है और दूसरे प्लान से जुड़ने पर भी रोक लग सकती है।

In Short
- Spotify ने Family Plan के लिए QR कोड वेरिफिकेशन सिस्टम पेश किया।
- नोटिफिकेशन मिलने के बाद वेरिफिकेशन के लिए सिर्फ 7 दिन मिलेंगे।
- जांच फेल होने पर दूसरे Family या Duo प्लान से जुड़ने पर 12 महीने की रोक लग सकती है।
Spotify Family Plan: अगर आप अपने दोस्तों या दूसरे शहर में रहने वाले परिवार के सदस्यों के साथ Spotify Premium Family Plan शेयर करते हैं, तो आपके लिए जरूरी खबर है। Netflix की तरह Spotify भी अकाउंट शेयरिंग पर सख्ती बढ़ा रहा है। कंपनी ने नया QR कोड वेरिफिकेशन सिस्टम पेश किया है, जिससे यह जांच की जाएगी कि प्लान इस्तेमाल करने वाले लोग एक ही घर में रहते हैं या नहीं।
कैसे काम करेगा नया QR कोड सिस्टम?
Spotify Premium Family Plan के तहत एक ही घर में रहने वाले अधिकतम छह लोग सब्सक्रिप्शन शेयर कर सकते हैं। लेकिन अब कंपनी इस नियम की जांच और सख्ती से करेगी।
नए सिस्टम में प्लान मैनेजर को Spotify ऐप की सेटिंग्स में जाकर QR कोड बनाना होगा। इसके बाद दूसरे सदस्य को अपने फोन के कैमरे से कोड स्कैन करना होगा।
खास बात यह है कि दोनों लोगों का एक ही जगह मौजूद होना जरूरी होगा। QR कोड हर कुछ सेकंड में बदल जाएगा, इसलिए इसका स्क्रीनशॉट भेजकर वेरिफिकेशन पूरा नहीं किया जा सकेगा।
7 दिन में वेरिफिकेशन नहीं किया तो क्या होगा?
Spotify की ओर से वेरिफिकेशन का नोटिफिकेशन मिलने के बाद यूजर्स को सिर्फ सात दिन का समय मिलेगा।
इस दौरान QR कोड स्कैन नहीं करने पर उन्हें Family Plan से हटा दिया जाएगा और उनका अकाउंट मुफ्त वाले वर्जन में बदल जाएगा, जिसमें विज्ञापन आते हैं।
इतना ही नहीं, वेरिफिकेशन फेल होने की तारीख से अगले 12 महीने तक यूजर किसी दूसरे Family या Duo Plan में शामिल नहीं हो सकेगा। हालांकि, उसी पुराने प्लान में दोबारा जुड़ने का विकल्प मिल सकता है।
अलग शहर में रहने वालों के लिए क्या विकल्प है?
अगर आप किसी दूसरे शहर में रहते हैं और अपने परिवार या दोस्तों के साथ Premium Family Plan शेयर कर रहे हैं, तो नया नियम आपके लिए परेशानी खड़ी कर सकता है।
वेरिफिकेशन पूरा नहीं होने पर विज्ञापन के बिना गाने सुनने के लिए आपको अपना अलग Premium Individual सब्सक्रिप्शन लेना पड़ सकता है।
Spotify ने इस बदलाव पर क्या कहा?
Spotify के को-CEO एलेक्स नॉर्स्ट्रॉम ने कंपनी की हालिया अर्निंग्स कॉल में इसे अकाउंट शेयरिंग पर कार्रवाई के बजाय नियमित सुधार बताया।
उन्होंने कहा कि Family Plan करीब 13 साल से मौजूद है। समय के साथ लोग नियमों से बचने के तरीके खोज लेते हैं, इसलिए कंपनी अपने वेरिफिकेशन सिस्टम को बेहतर बना रही है।
कंपनी के मुताबिक, इस तरह की जांच आगे भी जारी रहेगी। ऐसे में अलग-अलग घरों में रहने वाले लोगों के लिए एक ही Spotify Family Plan शेयर करना अब मुश्किल हो सकता है।

