भारी EMI से छुटकारा, अब किराए पर चला सकेंगे iPhone और MacBook
iPhone या मैकबुक खरीदने के लिए अब पूरी कीमत या भारी किस्तें चुकाने की जरूरत नहीं पड़ सकती। Apple एक ऐसा प्रोग्राम लाने की तैयारी में है, जिसमें हर महीने तय रकम देकर डिवाइस इस्तेमाल और अपग्रेड किया जा सकेगा। जानिए यह स्कीम कैसे काम करेगी और किन ग्राहकों को इसका फायदा मिलेगा।

In Short
- Apple Upgrade प्रोग्राम के तहत iPhone, मैकबुक, आईपैड और Apple Watch किराए पर मिल सकेंगे।
- ग्राहकों को हर महीने तय रकम देनी होगी और बाद में डिवाइस अपग्रेड करने का विकल्प भी मिलेगा।
- शुरुआत अमेरिका से हो सकती है और प्रोग्राम के लिए डॉक्यूमेंट व क्रेडिट स्कोर की जांच की जा सकती है।
IPhone On Rent: Apple अपने iPhone, मैकबुक और दूसरे प्रोडक्ट्स को ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए एक नया प्रोग्राम शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इस स्कीम के तहत ग्राहकों को Apple डिवाइस खरीदने की जरूरत नहीं होगी। वे हर महीने तय रकम देकर iPhone, मैकबुक, आईपैड या Apple Watch का इस्तेमाल कर सकेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस प्रोग्राम को ‘Apple Upgrade’ नाम दिया जा सकता है।
खरीदने के बजाय हर महीने देना होगा किराया
रिपोर्ट के मुताबिक, Apple का नया प्रोग्राम सब्सक्रिप्शन मॉडल पर काम करेगा। यानी ग्राहक को डिवाइस की पूरी कीमत एक साथ नहीं चुकानी होगी और न ही भारी-भरकम किस्तों का बोझ उठाना पड़ेगा।
ग्राहक हर महीने तय रकम देकर डिवाइस इस्तेमाल कर सकेंगे। हालांकि, यह किसी प्रोडक्ट को खरीदने जैसा नहीं होगा। प्रोग्राम की अवधि खत्म होने के बाद ग्राहक को डिवाइस वापस करना होगा। इसके अलावा कुछ अतिरिक्त रकम देकर पुराने डिवाइस को नए मॉडल से अपग्रेड करने का विकल्प भी मिल सकता है।
28 जुलाई को लॉन्च होने की तैयारी
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, Apple Upgrade प्रोग्राम को 28 जुलाई को लॉन्च किया जा सकता है। इस प्रोग्राम के लिए फाइनेंस से जुड़ी मदद Klarna Group देगा।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: Wi-Fi बार-बार हो रहा स्लो? राउटर से जुड़ी ये छोटी गलतियां हो सकती हैं असली वजह
शुरुआत में इस स्कीम को अमेरिका में पेश किया जाएगा। ग्राहक Apple के ऑफलाइन स्टोर के साथ-साथ कंपनी के ऑनलाइन स्टोर से भी इसका फायदा उठा सकेंगे। फिलहाल दूसरे देशों में इसे कब शुरू किया जाएगा, इसे लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई है।
कार लीज की तरह काम करेगा प्रोग्राम
Apple Upgrade प्रोग्राम का तरीका अमेरिका में मिलने वाली कार लीज जैसा हो सकता है। अलग-अलग Apple प्रोडक्ट्स के लिए लीज की अवधि भी अलग रखी जाएगी।
रिपोर्ट के मुताबिक, iPhone और Apple Watch के लिए यह अवधि 24 महीने की हो सकती है। वहीं मैकबुक के लिए 36 दिन की अवधि का जिक्र किया गया है। लीज के दौरान ग्राहक अतिरिक्त पैसा देकर अपने डिवाइस को अपग्रेड भी करा सकेंगे।
क्रेडिट स्कोर की हो सकती है जांच
इस प्रोग्राम का फायदा लेने से पहले ग्राहकों को वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके लिए जरूरी दस्तावेज मांगे जा सकते हैं और उनकी फाइनेंशियल स्थिति की जांच भी हो सकती है। ग्राहक का क्रेडिट स्कोर भी चेक किया जा सकता है।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि Apple Care इस प्रोग्राम का हिस्सा नहीं होगा। इसके अलावा एंट्री लेवल iPhone और आईपैड जैसे कुछ प्रोडक्ट्स को भी इस स्कीम से बाहर रखा जा सकता है।

