Wi-Fi बार-बार हो रहा स्लो? राउटर से जुड़ी ये छोटी गलतियां हो सकती हैं असली वजह
महंगा Wi-Fi प्लान लेने के बाद भी अगर वीडियो रुक रहा है और डाउनलोड में समय लग रहा है, तो परेशानी कंपनी की नहीं हो सकती। राउटर की जगह, Wi-Fi बैंड और जुड़े डिवाइस स्पीड पर असर डालते हैं। जानिए घर में कौन-सी गलतियां नेटवर्क को धीमा बना रही हैं।

In Short
- राउटर को घर के बीचों-बीच और ऊंची जगह पर रखने से Wi-Fi सिग्नल बेहतर मिल सकते हैं।
- तेज स्पीड के लिए डिवाइस सपोर्ट करे तो 5GHz Wi-Fi बैंड का इस्तेमाल करें।
- जरूरत से ज्यादा डिवाइस कनेक्ट होने पर इंटरनेट स्पीड कम हो सकती है।
Wi-Fi, Internet Speed Tips: आज के समय में इंटरनेट के बिना रोजमर्रा के कई काम करना मुश्किल हो गया है। बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई हो, घर से ऑफिस का काम करना हो, फिल्में देखनी हों या ऑनलाइन गेम खेलना हो, हर काम के लिए तेज और लगातार चलने वाले Wi-Fi की जरूरत पड़ती है। हालांकि, कई बार महंगा इंटरनेट प्लान लेने के बाद भी अच्छी स्पीड नहीं मिलती।
वीडियो बीच-बीच में रुकने लगता है, वेबसाइट खुलने में समय लेती है और बड़ी फाइल डाउनलोड करने में जरूरत से ज्यादा देर लगती है। ऐसे में ज्यादातर लोग इंटरनेट सर्विस देने वाली कंपनी को जिम्मेदार मान लेते हैं। लेकिन हर बार दिक्कत कंपनी या प्लान में ही हो, यह जरूरी नहीं है। कई बार घर में की गई छोटी गलतियां भी Wi-Fi की स्पीड को कम कर देती हैं।
राउटर की जगह पर दें ध्यान
Wi-Fi की रेंज और स्पीड पर राउटर की लोकेशन का सीधा असर पड़ता है। कई घरों में राउटर को कमरे के कोने, अलमारी के अंदर या जमीन के पास रख दिया जाता है। इससे सिग्नल ठीक तरीके से पूरे घर में नहीं फैल पाते और दूसरे कमरों में नेटवर्क कमजोर हो जाता है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: Meta ने लॉन्च किया नया सेफ्टी फीचर, बच्चों की गंभीर बातचीत पर पेरेंट्स को करेगा अलर्ट
बेहतर सिग्नल के लिए राउटर को घर के बीच वाले हिस्से में रखना चाहिए। इसकी जगह खुली हो और राउटर को थोड़ी ऊंचाई पर रखा जाए। इसे मोटी दीवारों, बड़े फर्नीचर और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के पास रखने से भी बचना चाहिए। सही जगह पर रखने से सिग्नल घर के ज्यादा हिस्सों तक आसानी से पहुंच सकते हैं।
सही Wi-Fi बैंड चुनना जरूरी
आजकल ज्यादातर राउटर 2.4GHz और 5GHz बैंड के साथ आते हैं। 2.4GHz बैंड की रेंज ज्यादा होती है, इसलिए यह दूर के कमरों तक पहुंच सकता है। हालांकि, इस बैंड पर ज्यादा डिवाइस जुड़े होने के कारण स्पीड कम हो सकती है।
दूसरी ओर, 5GHz बैंड ज्यादा तेज स्पीड और बेहतर परफॉर्मेंस दे सकता है। अगर आपका राउटर, स्मार्टफोन या लैपटॉप 5GHz बैंड को सपोर्ट करता है, तो तेज इंटरनेट के लिए इसका इस्तेमाल किया जा सकता है।
बेवजह कनेक्ट डिवाइस हटाएं
एक ही Wi-Fi नेटवर्क पर जरूरत से ज्यादा डिवाइस जुड़े होने पर इंटरनेट स्पीड बंट जाती है। कई ऐसे फोन, लैपटॉप या दूसरे डिवाइस भी कनेक्ट रहते हैं, जिनका उस समय इस्तेमाल नहीं हो रहा होता। इसके बावजूद उनमें ऐप अपडेट, क्लाउड बैकअप और दूसरी गतिविधियां बैकग्राउंड में चलती रहती हैं।
इसलिए जिन डिवाइस की जरूरत नहीं है, उन्हें Wi-Fi से डिस्कनेक्ट कर देना चाहिए। साथ ही समय-समय पर यह भी जांचते रहें कि आपके राउटर से कौन-कौन से डिवाइस जुड़े हैं। इन छोटे बदलावों से नया इंटरनेट प्लान लिए बिना भी Wi-Fi की स्पीड और स्थिरता बेहतर की जा सकती है।

