scorecardresearch

फोन कॉल से लेकर ऑफिस मीटिंग तक रिकॉर्ड करेंगे ये ईयरबड्स, AI से लैस होंगे कई खास फीचर्स

स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनी नथिंग अब AI टेक्नोलॉजी से लैस नए वायरलेस ईयरबड्स लॉन्च करने की तैयारी में है. इनमें गाने सुनने और कॉलिंग के अलावा कई ऐसे फीचर्स मिलेंगे, जो रोजमर्रा के कामकाज को आसान बना सकते हैं. कंपनी के सीईओ कार्ल पेई ने इसकी लॉन्चिंग को लेकर जानकारी दी है.

Advertisement

In Short

  • 8 दिसंबर को लॉन्च होंगे Nothing के नए AI ईयरबड्स
  • फोन कॉल और ऑफिस मीटिंग रिकॉर्ड करने की मिलेगी सुविधा
  • कीमत और भारत में लॉन्चिंग को लेकर अभी जानकारी नहीं

स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनी Nothing अब ऐसे वायरलेस ईयरबड्स लाने की तैयारी कर रही है, जिनका इस्तेमाल सिर्फ गाने सुनने और फोन पर बात करने तक सीमित नहीं होगा. कंपनी अपने नए AI पावर्ड ईयरबड्स Nothing Ear (note) को 8 दिसंबर को लॉन्च करने वाली है. हालांकि, कंपनी ने अभी इसकी कीमत तय नहीं की है.

advertisement

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, इन ईयरबड्स की मदद से यूजर्स फोन कॉल और आमने-सामने होने वाली बातचीत को रिकॉर्ड कर सकेंगे. इसके अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से रिकॉर्ड की गई बातचीत की समरी भी तैयार की जा सकेगी.

कैसे काम करेंगे AI वाले ईयरबड्स?

कंपनी ने इन ईयरबड्स में रिकॉर्डिंग के लिए दो अलग-अलग व्यवस्थाएं की हैं. ईयरबड्स की मदद से फोन कॉल रिकॉर्ड की जा सकेंगी, जबकि चार्जिंग केस में लगे माइक्रोफोन से मीटिंग और आमने-सामने होने वाली बातचीत रिकॉर्ड की जा सकेगी.

चार्जिंग केस में एक खास 'Talk' बटन भी दिया जाएगा. इसे दबाकर यूजर्स अपनी आवाज रिकॉर्ड कर सकेंगे. कंपनी भविष्य में इस बटन को दूसरे कामों के लिए भी इस्तेमाल करने की सुविधा देने पर विचार कर रही है.

AI तैयार करेगा पूरी बातचीत की समरी

रिकॉर्डिंग को मैनेज करने के लिए एक खास ऐप होगा. इसकी मदद से रिकॉर्ड की गई बातचीत को टेक्स्ट में बदला जा सकेगा. साथ ही AI पूरी बातचीत का सारांश भी तैयार करेगा. ईयरबड्स में कई AI एजेंट्स का सपोर्ट मिलेगा. इसके अलावा कंपनी का अपना वॉयस कंट्रोल सिस्टम भी होगा.

नथिंग के सीईओ कार्ल पेई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि कंपनी ऐसे प्रोडक्ट्स तैयार करना चाहती है, जो रोजमर्रा की जिंदगी में AI को ज्यादा उपयोगी बना सकें.

प्राइवेसी को लेकर कंपनी ने उठाए कदम

बातचीत रिकॉर्ड करने वाले इस डिवाइस को लेकर प्राइवेसी से जुड़ी चिंताएं भी हैं. कार्ल पेई के मुताबिक, कंपनी ने इस मामले में विशेष सावधानी बरती है. नथिंग ने प्राइवेसी से जुड़े सर्टिफिकेशन हासिल किए हैं और संभावित जोखिमों को लेकर कानूनी विशेषज्ञों से सलाह भी ली है. इसके अलावा लंदन में डेटा और सिक्योरिटी टीम बनाई गई है.

क्या भारत में भी होंगे लॉन्च?

कंपनी के मुताबिक, साल 2022 में पहला प्रोडक्ट लॉन्च करने के बाद से वह 2 अरब डॉलर से ज्यादा का रेवेन्यू हासिल कर चुकी है. अमेरिका उसका सबसे तेजी से बढ़ता ऑडियो मार्केट है. कंपनी साल 2027 में ज्यादा तेजी से स्मार्टफोन लॉन्च करने की तैयारी में है. हालांकि, स्मार्टवॉच और स्मार्ट ग्लासेज से जुड़े उसके प्रोजेक्ट्स में देरी हुई है.

advertisement

फिलहाल नथिंग ने यह साफ नहीं किया है कि नए AI ईयरबड्स किन देशों में लॉन्च होंगे. भारत में इनकी उपलब्धता को लेकर भी अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है.