
रोजाना 7 रुपये की बचत से जीवनभर मिलेगी 5000 रुपये पेंशन, जानें सरकार की इस योजना की शर्तें
रिटायरमेंट के बाद नियमित कमाई के लिए अटल पेंशन योजना एक अच्छा विकल्प हो सकती है। सरकार की इस योजना से अब तक 9 करोड़ से ज्यादा लोग जुड़ चुके हैं। इसमें मामूली निवेश से जीवनभर गारंटीड पेंशन मिल सकती है। जानें कितना करना होगा निवेश और क्या हैं जरूरी शर्तें।

In Short
- अटल पेंशन योजना में हर महीने 5000 रुपये तक गारंटीड पेंशन
- 18 से 40 साल की उम्र के लोग कर सकते हैं निवेश
- पति-पत्नी को मिल सकती है हर महीने 10 हजार रुपये तक पेंशन
हर कोई चाहता है कि रिटायरमेंट के बाद उसे पैसों की चिंता न करनी पड़े और हर महीने नियमित कमाई होती रहे। इसके लिए केंद्र सरकार कई योजनाएं चला रही है। इन्हीं में से एक है अटल पेंशन योजना (Atal Pension Yojana)। इस योजना में छोटी-छोटी रकम निवेश करके बुढ़ापे में हर महीने 1,000 रुपये से लेकर 5,000 रुपये तक की गारंटीड पेंशन हासिल की जा सकती है।
मोदी सरकार ने इस योजना की शुरुआत साल 2015 में की थी। इसकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 21 अप्रैल 2026 तक इससे 9 करोड़ से ज्यादा लोग जुड़ चुके थे।
कौन कर सकता है योजना में निवेश?
अटल पेंशन योजना में 18 से 40 साल की उम्र के लोग निवेश शुरू कर सकते हैं। हालांकि, इनकम टैक्स भरने वाले लोग इस योजना में नया खाता नहीं खुलवा सकते हैं। योजना के तहत निवेशक को अपनी जरूरत के हिसाब से पेंशन की रकम चुनने का विकल्प मिलता है। इसी के आधार पर हर महीने निवेश की राशि तय होती है। निवेशक की उम्र 60 साल होने के बाद पेंशन मिलनी शुरू हो जाती है।

7 रुपये रोजाना की बचत से मिलेगी 5000 रुपये पेंशन
अगर कोई व्यक्ति 18 साल की उम्र में अटल पेंशन योजना में निवेश शुरू करता है तो उसे 5,000 रुपये की मासिक पेंशन के लिए हर महीने सिर्फ 210 रुपये जमा करने होंगे। यानी रोजाना महज 7 रुपये की बचत करके वह 60 साल की उम्र के बाद जीवनभर हर महीने 5,000 रुपये की पेंशन हासिल कर सकता है।
वहीं, अगर पति-पत्नी दोनों अलग-अलग इस योजना में निवेश करते हैं और अधिकतम पेंशन का विकल्प चुनते हैं तो दोनों को मिलाकर हर महीने 10,000 रुपये तक पेंशन मिल सकती है।
खाताधारक की मृत्यु होने पर क्या होगा?
पेंशन प्राप्त कर रहे खाताधारक की मृत्यु होने पर उसके पति या पत्नी को तय पेंशन मिलती रहेगी। वहीं, दोनों के निधन के बाद योजना के नियमों के मुताबिक जमा पेंशन राशि नॉमिनी को दे दी जाएगी।
कम से कम 20 साल करना होगा निवेश
अटल पेंशन योजना में कम से कम 20 साल तक निवेश करना जरूरी है। हालांकि, कुछ विशेष परिस्थितियों में खाताधारक को 60 साल की उम्र से पहले भी पैसे निकालने की सुविधा मिलती है। इसके अलावा योजना में किए गए निवेश पर लागू आयकर नियमों के तहत 1.5 लाख रुपये तक की टैक्स छूट का लाभ भी लिया जा सकता है।


