Baroda BNP Paribas Mutual Fund ने लॉन्च की नई स्कीम, ₹500 की SIP से शेयर बाजार और डेट दोनों में निवेश का मौका
बड़ौदा BNP पारिबा म्यूचुअल फंड ने निवेशकों के लिए नई बैलेंस्ड हाइब्रिड फंड स्कीम लॉन्च की है। इसमें महज 500 रुपये की मंथली SIP से इक्विटी और डेट दोनों में निवेश किया जा सकता है। जानिए इस स्कीम में आपका पैसा कहां लगेगा और निवेश में कितना जोखिम है।

बड़ौदा बीएनपी पारिबा म्यूचुअल फंड (Baroda BNP Paribas Mutual Fund) ने निवेशकों के लिए एक नई स्कीम लॉन्च की है। फंड हाउस ने बड़ौदा BNP पारिबा बैलेंस्ड हाइब्रिड फंड (Balanced Hybrid Fund) का न्यू फंड ऑफर (NFO) पेश किया है। इस स्कीम में निवेशक इक्विटी और डेट दोनों में एक साथ निवेश कर सकेंगे।
इस स्कीम का NFO 25 नवंबर 2026 से खुल गया है और निवेशक 8 दिसंबर 2026 तक इसमें निवेश कर सकेंगे। खास बात यह है कि निवेशक महज 500 रुपये की मंथली SIP से भी इस स्कीम में निवेश की शुरुआत कर सकते हैं।
कहां निवेश होगा आपका पैसा?
यह एक ओपन एंडेड म्यूचुअल फंड स्कीम है, जिसमें इक्विटी और डेट दोनों में 40 से 60 फीसदी के बीच निवेश किया जाएगा। बाजार की परिस्थितियों, जोखिम और रिटर्न की संभावनाओं को देखते हुए फंड मैनेजर्स निवेश के अनुपात में बदलाव कर सकेंगे।
स्कीम का उद्देश्य इक्विटी के जरिए लंबी अवधि में पूंजी बढ़ाने और डेट इंस्ट्रूमेंट्स के जरिए आय हासिल करने की संभावनाओं का फायदा उठाना है।
शेयरों चुनने के लिए क्या होगी रणनीति?
फंड का इक्विटी पोर्टफोलियो अलग-अलग मार्केट कैप और सेक्टर की कंपनियों में निवेश करेगा। शेयरों का चयन कंपनियों के कारोबार, वित्तीय स्थिति, वैल्यूएशन और ग्रोथ की संभावनाओं के आधार पर किया जाएगा।
यह स्कीम किसी एक निवेश शैली या मार्केट कैप तक सीमित नहीं रहेगी। फंड मैनेजर्स बाजार की परिस्थितियों और बिजनेस साइकिल को ध्यान में रखते हुए पोर्टफोलियो तैयार करेंगे।
डेट पोर्टफोलियो में कहां होगा निवेश?
स्कीम के डेट पोर्टफोलियो में मुख्य रूप से सरकारी सिक्योरिटीज, AAA और A1+ रेटिंग वाले डेट इंस्ट्रूमेंट्स में निवेश किया जाएगा। इसके अलावा चुनिंदा गैर-AAA रेटिंग वाली सिक्योरिटीज में भी निवेश किया जा सकेगा।
ब्याज दरों के आउटलुक के आधार पर फंड मैनेजर्स डेट पोर्टफोलियो की ड्यूरेशन में बदलाव करेंगे। जोखिम को नियंत्रित करने के लिए अलग-अलग कंपनियों, मैच्योरिटी अवधि और डेट इंस्ट्रूमेंट्स में निवेश किया जाएगा।
कौन संभालेगा फंड की जिम्मेदारी?
स्कीम के इक्विटी पोर्टफोलियो का प्रबंधन सिल्की जैन और कीर्तन मेहता करेंगे। वहीं, डेट पोर्टफोलियो की जिम्मेदारी प्रशांत पिंपले और विक्रम पमनानी के पास होगी।
कितने रुपये से शुरू कर सकते हैं निवेश?
इस स्कीम में एकमुश्त यानी लंपसम निवेश के लिए न्यूनतम 1,000 रुपये की जरूरत होगी। इसके बाद एक रुपये के गुणक में अतिरिक्त निवेश किया जा सकेगा। वहीं, सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) के जरिए निवेशक हर महीने न्यूनतम 500 रुपये का निवेश कर सकते हैं।
निवेश में कितना है जोखिम?
यह स्कीम उन निवेशकों के लिए एक विकल्प हो सकती है, जो एक ही म्यूचुअल फंड के जरिए इक्विटी और डेट दोनों में निवेश करना चाहते हैं। हालांकि, फंड हाउस के रिस्कोमीटर के मुताबिक इस स्कीम को हाई रिस्क (High Risk) कैटेगरी में रखा गया है।
ऐसे में निवेशकों को निवेश करने से पहले अपनी जोखिम उठाने की क्षमता, वित्तीय लक्ष्य और निवेश की अवधि को ध्यान में रखना चाहिए।


