scorecardresearch

JioStar में फिर छंटनी का दौर शुरू! 500 कर्मचारियों को निकालने के बाद अब और नौकरियों पर खतरा

JioStar में एक बार फिर कर्मचारियों की छंटनी शुरू हो गई है। पिछले साल करीब 500 कर्मचारियों की नौकरी जाने के बाद अब कंपनी नए दौर में स्टाफ कम कर रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस बार बड़ी संख्या में कर्मचारी प्रभावित हो सकते हैं। आखिर कंपनी को दोबारा छंटनी क्यों करनी पड़ रही है और टीवी कारोबार में क्या बदल रहा है? जानिए पूरी खबर।

Advertisement
JioStar में फिर शुरू हुई कर्मचारियों की छंटनी, कंपनी कर रही है अपने टीवी कारोबार की समीक्षा
JioStar में फिर शुरू हुई कर्मचारियों की छंटनी, कंपनी कर रही है अपने टीवी कारोबार की समीक्षा

In Short

  • JioStar में छंटनी का दूसरा दौर शुरू, 10 प्रतिशत से ज्यादा कर्मचारियों पर पड़ सकता है असर
  • कंपनी के करीब 120 टीवी चैनल, कम कमाई वाले चैनलों को बंद करने की तैयारी
  • JioHotstar के डिजिटल कारोबार पर बढ़ा फोकस, प्रभावित कर्मचारियों को सेवरेंस पैकेज

JioStar Layoffs: देश की बड़ी मीडिया और एंटरटेनमेंट कंपनी JioStar में एक बार फिर कर्मचारियों की छंटनी शुरू हो गई है। कंपनी अपने टेलीविजन कारोबार में बढ़ती लागत और घटती कमाई के कारण कर्मचारियों की संख्या कम कर रही है। द इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी अब ऐसे कारोबार पर ज्यादा ध्यान देना चाहती है, जहां भविष्य में बेहतर ग्रोथ की संभावना है।

advertisement

क्यों हो रही है JioStar में छंटनी?

JioStar का टेलीविजन कारोबार दबाव का सामना कर रहा है। देश में पे-टीवी ग्राहकों की संख्या घट रही है और विज्ञापनों से होने वाली कमाई की रफ्तार भी धीमी पड़ी है।

कंपनी के पास एंटरटेनमेंट और स्पोर्ट्स के करीब 120 टीवी चैनल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, JioStar ऐसे चैनलों को बंद करने की योजना बना रही है, जिन पर खर्च ज्यादा हो रहा है, लेकिन कमाई उम्मीद के मुताबिक नहीं हो रही।

कंपनी का मकसद खर्च कम करना और ज्यादा मुनाफे की संभावना वाले कारोबार में निवेश बढ़ाना है।

कितने कर्मचारियों की जा सकती है नौकरी?

रिपोर्ट के मुताबिक, छंटनी के इस दौर में JioStar के 10 प्रतिशत से ज्यादा कर्मचारी प्रभावित हो सकते हैं। कंपनी में 5,000 से अधिक कर्मचारी होने का अनुमान है। हालांकि, इस बार कितने कर्मचारियों की नौकरी जाएगी, इसका आधिकारिक आंकड़ा सामने नहीं आया है।

यह Disney Star और Viacom18 के विलय के बाद छंटनी का दूसरा बड़ा दौर है। इससे पहले 2025 में कंपनी ने अलग-अलग विभागों से करीब 500 कर्मचारियों को निकाला था।

रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि प्रभावित कर्मचारियों को कम से कम छह महीने की सैलरी के बराबर सेवरेंस पैकेज और मौजूदा वित्त वर्ष का अनुपातिक बोनस दिया जा रहा है।

अब डिजिटल कारोबार पर ज्यादा फोकस

जहां पारंपरिक टीवी कारोबार चुनौतियों का सामना कर रहा है, वहीं JioStar का डिजिटल प्लेटफॉर्म JioHotstar विज्ञापन और सब्सक्रिप्शन के जरिए आगे बढ़ रहा है।

इसी वजह से कंपनी अपने निवेश को डिजिटल और ज्यादा ग्रोथ वाले कारोबार की तरफ मोड़ रही है।

रिपोर्ट के मुताबिक, JioStar के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी अपने पोर्टफोलियो में बदलाव कर रही है, ताकि लंबी अवधि में बेहतर संभावनाओं वाले कारोबार पर निवेश बढ़ाया जा सके।

दूसरी मीडिया कंपनियों में भी घटे कर्मचारी

टीवी इंडस्ट्री में नौकरियों पर दबाव सिर्फ JioStar तक सीमित नहीं है। Zee Entertainment के कर्मचारियों की संख्या वित्त वर्ष 2025 में 3,434 से घटकर वित्त वर्ष 2026 में 3,007 रह गई। वहीं Sony Pictures Networks India ने भी अपने कर्मचारियों की संख्या में 10 प्रतिशत से ज्यादा कटौती की है।

advertisement

इससे साफ है कि पारंपरिक टीवी कारोबार में बढ़ती चुनौतियों के बीच मीडिया कंपनियां खर्च घटाने और डिजिटल कारोबार को मजबूत करने पर जोर दे रही हैं।