छोटे व्यापारियों ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, GST में छूट से सैलरी सब्सिडी तक रखीं ये मांगें
छोटे व्यापारियों ने कारोबार बढ़ाने और रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद मांगी है। व्यापारिक संगठन ने GST में छूट और नए कर्मचारियों की सैलरी पर सब्सिडी समेत पांच प्रमुख मांगें रखी हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में देश के उद्योग जगत से सवाल किया था कि सरकार से तमाम राहत मिलने के बावजूद उन्होंने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए कितना काम किया है। अब छोटे व्यापारियों ने कारोबार बढ़ाने और नौकरियां बचाने के लिए सरकार से मदद मांगी है।
व्यापारियों के राष्ट्रीय संगठन फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल (FAIVM) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। संगठन ने किराना, फुटवियर और कपड़ा समेत विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार करने वाले 10 करोड़ रुपये तक के टर्नओवर वाले छोटे, रिटेल और होलसेल व्यापारियों के लिए राहत की मांग की है।
GST से छूट देने की मांग
व्यापारिक संगठन ने सरकार के सामने पांच सूत्रीय प्रस्ताव रखा है। इसमें 5 करोड़ रुपये तक के सालाना टर्नओवर वाले रिटेल व्यापारियों और 10 करोड़ रुपये तक के टर्नओवर वाले होलसेल व्यापारियों को वस्तु एवं सेवा कर (GST) समेत अन्य टैक्स से छूट देने की मांग की गई है।
कर्मचारियों की सैलरी का 30 फीसदी तक दे सरकार
संगठन ने पीएम इंटर्नशिप स्कीम की तर्ज पर नए कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए 12 महीने तक रोजगार सब्सिडी देने का प्रस्ताव भी रखा है।
इसके तहत नए कर्मचारियों की मासिक सैलरी का 20 से 30 फीसदी हिस्सा सरकार सब्सिडी के तौर पर दे सकती है, जबकि बाकी रकम का भुगतान व्यापारी करेंगे।
FAIVM के अध्यक्ष जयेंद्र तन्ना और राष्ट्रीय सचिव आरके गौड़ ने अपने प्रस्ताव में कहा है कि उद्यम (UDYAM) और EPF वेरिफिकेशन के बाद डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए सब्सिडी दी जा सकती है। यह सुविधा केवल नई नौकरियों के लिए होगी।
ई-कॉमर्स और क्विक कॉमर्स कंपनियों से सुरक्षा की मांग
व्यापारिक संगठन ने ऑनलाइन शॉपिंग और क्विक कॉमर्स कंपनियों से छोटे दुकानदारों के कारोबार को बचाने की भी मांग की है। इसके लिए रोजमर्रा की जरूरत के कुछ सामान की बिक्री छोटे रिटेल व्यापारियों के लिए आरक्षित करने का सुझाव दिया गया है।
संगठन के प्रस्ताव के मुताबिक, 2 किलो से कम के पैक वाले किराना सामान, 1,000 रुपये से कम कीमत वाले फुटवियर और 750 रुपये प्रति पीस से कम कीमत वाले कपड़ों की बिक्री छोटे रिटेल व्यापारियों के लिए आरक्षित की जा सकती है।
ऑनलाइन शॉपिंग पर अतिरिक्त 5 फीसदी GST का प्रस्ताव
संगठन ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बेचे जाने वाले गैर-जरूरी सामान पर अतिरिक्त 5 फीसदी GST लगाने की मांग भी की है। इसमें कॉस्मेटिक्स, फैशन एक्सेसरीज, इलेक्ट्रॉनिक्स, प्रीमियम और लग्जरी प्रोडक्ट्स शामिल हैं।
संगठन का कहना है कि इससे सरकार को अतिरिक्त राजस्व मिलेगा, जिसका इस्तेमाल छोटे व्यापारियों को टैक्स में छूट और नए कर्मचारियों की सैलरी पर सब्सिडी देने के लिए किया जा सकता है।
50 लाख नौकरियों को मिल सकता है फायदा
FAIVM ने दावा किया है कि उसके प्रस्ताव को लागू करने से देश में 45 से 50 लाख नौकरियां पैदा करने और मौजूदा नौकरियों को बचाने में मदद मिल सकती है। संगठन का यह भी दावा है कि इस योजना पर सालाना 72,500 करोड़ रुपये से कम खर्च आएगा और सरकार को राजस्व का नुकसान नहीं होगा।
व्यापारिक संगठन ने इन प्रस्तावों पर चर्चा करने के लिए सरकारी अधिकारियों के साथ बैठक की मांग की है। फिलहाल ये व्यापारियों की ओर से रखे गए सुझाव हैं और सरकार ने इन्हें लागू करने का कोई ऐलान नहीं किया है।


