scorecardresearch

WhatsApp पर साधारण दिखने वाली फाइल कैसे बन रही है बड़ा खतरा? जानें क्या है पूरा मामला

WhatsApp पर अनजान नंबर से आई एक फाइल आपकी पूरी चैट हिस्ट्री, पर्सनल फोटो और कॉन्टैक्ट लिस्ट को खतरे में डाल सकती है। खासतौर पर WhatsApp Web इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को सतर्क रहने की जरूरत है। जानिए कौन-सी फाइलें खतरनाक हैं और इस साइबर फ्रॉड से कैसे बचा जा सकता है।

Advertisement
AI generated image

In Short

  • .exe और .dll फाइल खोलते ही हैक हो सकता है WhatsApp Web सेशन।
  • स्कैमर्स चैट फोटो और कॉन्टैक्ट लिस्ट तक बना सकते हैं पहुंच।
  • अनजान Linked Devices हटाएं और टू-स्टेप वेरिफिकेशन ऑन रखें।

WhatsApp Scam: आज के समय में WhatsApp सिर्फ बातचीत का जरिया नहीं रहा है। लोग इसका इस्तेमाल ऑफिस के काम, जरूरी डॉक्यूमेंट भेजने, फोटो शेयर करने और पैसों से जुड़ी जानकारी के लिए भी करते हैं। इसी बढ़ते इस्तेमाल का फायदा अब साइबर अपराधी उठा रहे हैं। CyberDost I4C ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट के जरिए WhatsApp यूजर्स को एक नए साइबर फ्रॉड को लेकर सावधान किया है।

advertisement

जानकारी के मुताबिक, अनजान नंबर से आई एक खतरनाक फाइल को डाउनलोड और ओपन करने पर स्कैमर्स यूजर की WhatsApp चैट, पर्सनल फोटो और कॉन्टैक्ट लिस्ट तक पहुंच बना सकते हैं।

WhatsApp Web इस्तेमाल करने वाले रहें सावधान

यह साइबर हमला खासतौर पर उन लोगों को निशाना बना रहा है, जो लैपटॉप या कंप्यूटर पर WhatsApp Web या WhatsApp Desktop App चलाते हैं। इस बार स्कैमर्स किसी संदिग्ध वेबसाइट का लिंक भेजने के बजाय सीधे ऐसी फाइल भेज रहे हैं, जिसके अंदर खतरनाक कोड मौजूद होता है।

इन फाइलों का फॉर्मेट आमतौर पर .exe या .dll हो सकता है। जैसे ही यूजर इन्हें सिस्टम में डाउनलोड करके खोलता है, हैकर्स कंप्यूटर और WhatsApp के चालू सेशन पर कब्जा कर सकते हैं।

PDF या फोटो के नाम पर भेजी जा रही फाइल

साइबर अपराधी फाइल को असली दिखाने के लिए उसका नाम PDF, फोटो या किसी जरूरी डॉक्यूमेंट की तरह रख सकते हैं। यूजर को लगता है कि उसे कोई सामान्य फाइल भेजी गई है, लेकिन उसका असली फॉर्मेट .exe यानी Executable या .dll यानी Dynamic Link Library होता है। 

फाइल ओपन होते ही स्कैमर्स WhatsApp Web में मौजूद चैट हिस्ट्री और फोटो तक पहुंच सकते हैं। इसके बाद वे यूजर की कॉन्टैक्ट लिस्ट में शामिल लोगों को मैसेज भेजकर पैसों की मांग कर सकते हैं। सामने वाले व्यक्ति को लगता है कि मैसेज उसके जानने वाले ने ही भेजा है और वह ठगी का शिकार हो सकता है।

फाइल के नाम का आखिरी हिस्सा जरूर देखें

WhatsApp पर किसी अनजान नंबर या संदिग्ध कॉन्टैक्ट से आई .exe, .dll, .zip या .bat फाइल को डाउनलोड या ओपन नहीं करना चाहिए। किसी भी फाइल को खोलने से पहले उसके नाम के आखिर में लिखा एक्सटेंशन जरूर चेक करें।

उदाहरण के लिए document.pdf.exe नाम की फाइल देखने में PDF जैसी लग सकती है, लेकिन असल में वह एक Executable फाइल होती है और सिस्टम के लिए खतरनाक हो सकती है।

advertisement

Linked Devices और 2FA चेक करना जरूरी

WhatsApp की Settings में जाकर समय-समय पर Linked Devices की लिस्ट देखनी चाहिए। वहां कोई अनजान कंप्यूटर या डिवाइस दिखाई दे, तो तुरंत उसे लॉग आउट कर दें। इसके साथ ही WhatsApp पर टू-स्टेप वेरिफिकेशन यानी 2FA हमेशा ऑन रखें।

साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर जाकर शिकायत दर्ज करें